अखिलेश यादव ने PDA की दी नई परिभाषा, राकेश टिकैत से मुलाकात के बाद बोले- ‘ए’ का मतलब अन्नदाता भी
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने किसानों के मुद्दे पर अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाई है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
सपा ने किसानों के मुद्दे पर राजनीतिक सक्रियता बढ़ाई।
अखिलेश यादव ने राकेश टिकैत से लखनऊ में मुलाकात की।
अखिलेश ने किसानों को पीडीए के 'अन्नदाता' से जोड़ा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने किसानों के मुद्दे को लेकर अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाई है।
बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और किसान नेता राकेश टिकैत ने लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच किसानों की समस्याओं और उनकी मौजूदा स्थिति पर चर्चा हुई।
अखिलेश यादव ने इस मुलाकात के बाद इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट साझा कर किसानों को पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) से जोड़ने का संदेश दिया।
कहा कि राकेश टिकैत के साथ बातचीत में यह बात सामने आई कि पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक पीड़ित किसान वर्ग है। उन्होंने कहा कि हमने भी दोहराया कि ''जो पीड़ित, वो पीडीए''।
पीडीए में ''ए'' का मतलब अन्नदाता भी है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों का लगातार बढ़ता समर्थन पीडीए को हर गांव और हर बूथ पर जीत दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। जब खेत मुस्कुराएगा, तभी देश मुस्कुराएगा। हरियाली केवल समृद्धि का प्रतीक बनकर न रहे, बल्कि उसकी खुशहाली हर घर, द्वार और आंगन तक पहुंचे।