विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उज्बेकिस्तान से लड़कियां लाकर लखनऊ में सेक्स रैकेट चलाने वाली लोला कायूमोवा गिरफ्तार, एक वर्ष से थी फरार

Published: Wed, 12 Aug 2026 02:04 PM (IST)

High Profile Sex Racket: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देह व्यापार का सिंडिकेट चलाने और विदेशी युवतियों को अवैध रूप से लखनऊ में ठहराने का मामला जून 2025 में सामने आया था।

फरार उज्बेकिस्तान की लोला कायूमोवा

 फरार उज्बेकिस्तान की लोला कायूमोवा 

HighLights

  1. लोला ने प्लास्टिक सर्जरी कराकर छिपाई थी पहचान, चर्चा में थे लखनऊ के एक डॉक्टर 

  2. नेपाल और उज्बेकिस्तान के सेक्स रैकेट गिरोहों से लोला कायूमोवा के संपर्क  

  3. लोला पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देह व्यापार का सिंडिकेट चलाने का आरोप

  4. लखनऊ में विदेशी युवतियों को अवैध रूप से ठहराती थी लोला कायूमोवा

  5. लखनऊ पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम ने किया गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देह व्यापार का सिंडिकेट चलाने के आरोप में एक वर्ष से फरार उज्बेकिस्तान की लोला कायूमोवा को लखनऊ पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम ने गोमती नगर से गिरफ्तार किया है।

उज्बेकिस्तान महिला लोला कायूमोवा को लखनऊ पुलिस और खुफिया एजेंसी (IB) ने मैक्स अस्पताल के पास से मंगलवार देर शाम को गिरफ्तार किया। वह लखनऊ में सेक्स रैकेट चलाने के मामले में एक वर्ष से फरार थी। उसने पुलिस से बचने के लिए प्लास्टिक सर्जरी करवाकर अपना चेहरा बदल लिया था। उसको सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस को सौंप दिया गया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देह व्यापार का सिंडिकेट चलाने और विदेशी युवतियों को अवैध रूप से लखनऊ में ठहराने का मामला जून 2025 में सामने आया था। कुछ विदेशी युवतियों के पकड़े जाने के बाद लोला का नाम सामने आने पर उसने चेहरा बदलने के लिए प्लास्टिक सर्जरी का सहारा लिया था।

बिना पासपोर्ट-वीजा भारत में रह रही उज्बेकिस्तान की नीलोफर और होलिडा से लोला मसाज पार्लर में काम करवाती थी और वहीं से उनकी बुकिंग भी करती थी। 19 जून की रात सुशांत गोल्फ सिटी स्थित ओमेक्स आर-वन के एक फ्लैट में पुलिस और एफआरआरओ की टीम ने छापा मारकर बिना पासपोर्ट और वीजा के रह रही दो उज्बेकिस्तानी युवतियों को पकड़ा था। पूछताछ में युवतियों ने अपना नाम होलीडा और नीलोफर बताया। पुलिस के आने की सूचना पर लोला फरार हो गई थी। लोला कायूमोवा 19 जून 2025 से फरार चल रही थी और मंगलवार को पकड़ी गई।

हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट, पॉश इलाकों के फ्लैट थे ठिकाना

हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट चलाने वाली उज्बेकिस्तान की नागरिक लोला कायूमोवा नेपाल और उज्बेकिस्तान से अवैध रूप से विदेशी महिलाओं को लाती थी और प्लास्टिक सर्जरी कराकर देह व्यापार का धंधा चलाती थी। वह लखनऊ में डॉक्टर की मदद से महिलाओं की प्लास्टिक सर्जरी कराकर उनका हुलिया बदलवाती थी और पॉश इलाकों के फ्लैटों में रखकर उनसे देह व्यापार कराती थी। 20 जून 2025 को न्यू हजरतगंज स्थित अपार्टमेंट से दो विदेशी महिलाओं के पकड़े जाने के बाद से लोला अंडरग्राउंड चल रही थी।

Lola Uzbeb

49 की उम्र में 29 की दिखने की चाहत

49 वर्ष की उम्र में 29 साल की दिखने और पहचान पूरी तरह छिपाने के लिए लोला ने अहिमामऊ की मिनर्वा क्लीनिक के डॉ. विवेक गुप्ता की मदद ली। लोला ने अपने चेहरे, होंठ, अंडरआर्म्स और प्राइवेट पार्ट समेत कुल सात बार प्लास्टिक सर्जरी कराईं। डॉक्टर पर भी बिना पासपोर्ट-वीजा जांचे मोटी रकम लेकर सर्जरी करने और फर्जी पनाह देने में ओमेक्स के निवासी त्रिजिन राज उर्फ अर्जुन राणा की मदद करने के गंभीर आरोप हैं।

जांच जारी, अन्य मददगारों पर कसेगा शिकंजा

पुलिस अब लोला से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे इस अंतरराष्ट्रीय रैकेट में शामिल अन्य स्थानीय मददगारों और नेटवर्क के बड़े चेहरों का खुलासा होने की पूरी उम्मीद है।

बेहद शातिर लोला

एफआरआरओ की टीम ने 20 जून 2025 को न्यू हजरतगंज के अपार्टमेंट स्थित कमरा नंबर 527 पर छापा मारा था। वहां से होलिडा और नीलोफर नाम की दो विदेशी महिलाएं फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़ी गई थीं। इनको लोला लाई थी और देह व्यापार कराती थी। उनके अवैध रूप से रहने की पुष्टि होने के बाद से लोला अंडरग्राउंड हो गई थी। लोला उसके बाद भी लखनऊ में छुपी रही और धंधा बढ़ाती रही।

उज्बेकिस्तान में लुकआउट नोटिस, चोरी-छिपे की थी शादी

जांच में सामने आया है कि लोला के खिलाफ उज्बेकिस्तान में भी लुकआउट नोटिस जारी है। लोला ने चोरी-छिपे लखनऊ में शादी की थी और अवैध रूप से रह रही थी। उसके नेपाल और उज्बेकिस्तान के गिरोहों से संपर्क थे। अब एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं।

फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट

दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद लखनऊ पुलिस ने जांच और तेज की, जिसमें लोला के फर्जीवाड़े की परतें खुलती गईं। लोला ने पुलिस और LIU को गुमराह करने के लिए फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट के जरिए अपना आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बनवा लिया था। उसने मैरिज सर्टिफिकेट में जिस व्यक्ति को अपना पति दिखाया, वह असल में उसका कस्टमर था। उसके धंधे में वो भी शामिल हो गया और अपने फ्लैट पर ही धंधा कराने लगा। लोला ने अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने सात बार प्‍लास्टिक सर्जरी कराई है।

यह भी पढ़ें- Foreigner Sex Racket : विदेशी साथियों को पहले ही भगा दिया था लोला कायूमोवा ने

यह भी पढ़ें- लखनऊ में अनैतिक कार्य में लिप्त है उज्बेकिस्तान की लोला कायूमोवा, पुलिस साथियों के साथ लोला की कर रही तलाश

यह भी पढ़ें- जिस लोला कायूमोवा का उज्बेकिस्तान सरकार ने जारी कराया लुकआउट नोटिस, उसका लखनऊ में बना आधार कार्ड और मैरिज सर्टिफिकेट