यूपी में हरियाली का बनेगा नया इतिहास! मानसून से पहले योगी सरकार 35 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाएगी
Yogi Government | उत्तर प्रदेश सरकार मानसून में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाएगी। 13 नदियों के किनारे पौधारोपण होगा जिसमें यमुना किनारे सबसे ज्यादा पौधे लगेंगे। गंगा नदी के किनारे भी 77 लाख से अधिक पौधे लगाने की योजना है। इससे नदियों का प्रदूषण घटेगा और मिट्टी का कटाव रुकेगा। पौधारोपण महाभियान-2025 के लिए 52.33 करोड़ पौधे तैयार हैं।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में हरियाली बढ़ाने के लिए योगी सरकार इस बार भी मानसून सीजन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने जा रही है। पौधारोपण महाभियान के तहत 13 प्रमुख नदियों के पांच किलोमीटर के दायरे में कुल 24271.66 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पौधे लगाए जाएंगे।
सर्वाधिक पौधे यमुना के किनारे 1.09 करोड़ व सबसे कम चंबल नदी के किनारे 1.60 लाख पौधे लगाए जाएंगे। गंगा नदी के किनारे 77 लाख से अधिक पौधे लगाने की योजना है। नदियों के किनारे पौधारोपण होने से मिट्टी का कटाव भी रुकेगा।
पिछले मानसून सत्र में नदियों के किनारे 3.72 करोड़ पौधे लगाए गए थे। इस वर्ष सरकार ने 40 लाख पौधे अधिक यानी 4.12 करोड़ पौधे लगाने की तैयारी की है। गंगा नदी के किनारे कुल 4356.13 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पौधे लगाए जाएंगे।
बेतवा नदी के किनारे 53 लाख, चंबल नदी के किनारे 1.60 लाख, छोटी गंडक के किनारे 8.53 लाख, गोमती नदी के किनारे 33.56 लाख, हिंडन के किनारे 4.29 लाख, केन नदी के किनारे 12.22 लाख, रामगंगा के किनारे 9.82 लाख, राप्ती नदी के किनारे 19.45 लाख, सई नदी किनारे 34.25 लाख व सोन नदी के किनारे 9.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
पौधारोपण महाभियान-2025 के मिशन निदेशक अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक सामाजिक वानिकी दीपक कुमार ने बताया कि नदियों के किनारे हरा-भरा करने की तैयारी कर ली गई है। इससे नदियों का प्रदूषण भी घटेगा।
किनारे की मिट्टी कटकर नदी में नहीं जाएगी। उन्होंने बताया कि महाकुंभ की याद में नदी के किनारे नीम, पीपल, पाकड़ के पौधों का त्रिवेणी रोपण भी किया जाएगा। पौधारोपण के लिए प्रदेश की 1901 पौधशालाओं में 52.33 करोड़ पौधे तैयार हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।