सोतेले पिता की बेरहमी से पिटाई से दो साल के आदित्य को होने लगी उल्टियां... कुछ ही देर बाद हो गई मौत
लखनऊ के गोमती नगर में एक सौतेले पिता ने दो साल के बच्चे आदित्य सैनी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी जगन्नाथ सैनी शव को अस्पताल ले गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पारिवारिक कलह के चलते जगन्नाथ ने बच्चे को बेरहमी से पीटा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। गोमती नगर के बड़ी जुगौली में सौतेले पिता की पिटाई से दो वर्षीय बच्चे आदित्य सैनी की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित शव लेकर खुद ही अस्पताल पहुंच गया।
जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी। साथ ही सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपित से पूछताछ में जुटी है।
गोमती नगर इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि बिहार के सीतामढ़ी निवासी जगन्नाथ सैनी का करीब छह महीने पहले पहली पत्नी राधा से तलाक हो गया था। इसके बाद उसने दो महीने पहले नंदनी से शादी कर ली और बड़ी जुगौली में किराये के मकान में रहने लगा।
पहली पत्नी से जगन्नाथ को गोलू, अजीत और दिलखुश तीन बेटे थे। वहीं, जगन्नाथ से शादी के पहले नंदनी की भी शादी राजेश सैनी नाम के व्यक्ति से हो चुकी थी। पहले पति से नंदनी को एक बेटी चांदनी और दो बेटे विशाल और आदित्य थे।
राजेश से अलग होकर नंदनी अपने दो वर्षीय बेटे आदित्य को लेकर जगन्नाथ के साथ रहने लगी। उनके साथ जगन्नाथ की पहली पत्नी से हुए बेटे गोलू और दिलखुश भी रहते थे। बच्चों को अलग करने को लेकर जगन्नाथ और नंदनी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी।
रविवार की देर शाम नंदनी काम पर गई हुई थी। जबकि जगन्नाथ घर पर ही था। इसी बीच गोलू, दिलखुश और आदित्य में खेलने के दौरान झगड़ा हो गया। इससे नाराज होकर जगन्नाथ ने दो वर्षीय आदित्य को बुरी तरह से थप्पड़ों से पीट दिया। चोट लगने से वह फर्श पर गिरकर अचेत हो गया।
यह देख जगन्नाथ उसे लेकर पास के ही एक क्लिनिक पहुंचा जहां से चिकित्सकों ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। शाम को काम से नंदनी घर पहुंची तो गोलू और दिलखुश ने उसे पूरी घटना बताई।
इसके बाद नंदनी भी अस्पताल पहुंची। सूचना गोमती नगर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपित से पूछताछ में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक परिवार की तरफ से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।