यूपी में परिवार नियोजन पर जोर, नवविवाहितों को शगुन किट के साथ मिलेंगी और भी मुफ्त सेवाएं
लखनऊ में जनसंख्या स्थिरता सप्ताह शुरू हो गया है जिसका उद्देश्य परिवार नियोजन के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त सेवाएं सलाह और नवविवाहित जोड़ों के लिए शगुन किट उपलब्ध कराई जाएगी। इस वर्ष की थीम है मां बनने की उम्र वही जब तन और मन की तैयारी सही। सारथी वाहन जागरूकता अभियान चलाएंगे और सास-बेटा-बहू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में शुक्रवार को जनसंख्या स्थिरता सप्ताह शुरू हुआ जो 18 तक चलेगा। इस सप्ताह में परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान चलेगा। स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क परिवार नियोजन सेवाएं, परामर्श तथा नवविवाहित व युवा दंपतियों को शगुन किट दिए जाएंगे। परिवार नियोजन के विकल्पों की जानकारी भी दी जाएगी। थीम “मां बनने की उम्र वही, जब तन और मन की तैयारी सही” है।
शगुन किट के तहत एक थैले में तौलिया, रूमाल, कंघी, छोटा शीशा, बिंदी, नेल कटर, रूमाल के साथ ही परिवार नियोजन से संबंधित साधन कंडोम आदि के साथ एक पत्र दिया जाएगा। पत्र में परिवार नियोजन से संबंधित जानकारियां होंगी।
सप्ताह के दौरान सारथी वाहन के माध्यम से जनजागरूकता और सास-बेटा-बहू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्रों पर विभिन्न अस्थाई एवं स्थाई गर्भनिरोधक साधन निशुल्क दिए जाएंगे।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डा. पिंकी जोवेल ने इस सप्ताह के सफल आयोजन के लिए सभी डीएम व सीएमओ को निर्देश दिए हैं। मिशन निदेशक ने कहा है कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण नहीं, बल्कि महिलाओं की सेहत, बच्चों के पोषण और पूरे परिवार के भविष्य की नींव है।
विश्व जनसंख्या दिवस पर शुक्रवार से राज्य में जनसंख्या नियंत्रण सप्ताह शुरू किया गया। परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार ने विश्व जनसंख्या दिवस अभियान 11 से 18 जुलाई तक मनाए जाने के निर्देश दिए हैं। सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने के साथ ही पंचायती राज संस्थाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग, शहरी स्थानीय निकायों, स्वयं सहायता समूहों आदि से अभियान में सहयोग लिए जाने के निर्देश दिए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।