UP News: कांग्रेस की जिला और शहर कमेटियां गठित, प्रदेश अध्यक्ष ने की समीक्षा, संगठन सृजन की दूसरी कार्यशाला आज
कांग्रेस पार्टी ने जिला और शहर कमेटियों का गठन पूरा कर लिया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जोनवार समीक्षा बैठक की और पदाधिकारियों को 15 जून तक ब्लॉक/वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति का निर्देश दिया। आराधना मिश्रा मोना ने युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया। गुरुवार को दूसरी संगठन सृजन कार्यशाला होगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस ने अपनी जिला व शहर कमेटियों का गठन कर लिया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पार्टी मुख्यालय में संगठन सृजन को लेकर की जा रही कार्यवाही जोनवार आनलाइन समीक्षा की। सभी छह जोन (पूर्वांचल, प्रयाग, अवध, बुंदेलखंड, ब्रज व पश्चिम) के जिला/शहर अध्यक्षों ने बताया कि उन्होंने अपनी कमेटियां गठित कर ली हैं। राय ने पदाधिकारियों काे 15 जून तक ब्लाक/वार्ड के अध्यक्षों की नियुक्ति व उनकी कमेटियों के गठन का निर्देश दिया।
राय ने कहा कि जिलों में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई भी समायोजन व नियुक्ति आपसी सामंजस्य से ही हो। जिले के सभी वरिष्ठ कांग्रेसियों, पूर्व अध्यक्ष, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद का सुझाव भी जरूर लिया जाए। बैठक में कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने संगठन को गतिशील बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी अधिक से अधिक रखे जाने पर जोर दिया।
वॉररूम प्रभारी संजय दीक्षित ने कहा कि हर स्तर पर पदाधिकारियों का चयन पूरी पारदर्शिता से किया जाए। मुख्यालय स्तर से चयन की मानीटरिंग की जा रही है। पार्टी मुख्यालय में गुरुवार को दूसरी संगठन सृजन कार्यशाला का आयोजन होगा। इससे पूर्व 17 मई को गांधी भवन में प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे व अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पहली संगठन सृजन कार्यशाला का आयोजन हुआ था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।