Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'जीवन सेवा व राष्ट्र के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण हैं साध्वी ऋतम्भरा,' पद्म भूषण मिलने पर CM Yogi ने दी बधाई

    Updated: Tue, 27 May 2025 10:14 PM (IST)

    CM Yogi | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी विभूतियों को बधाई दी। उन्होंने साध्वी ऋतम्भरा नारायण जी भुलई भाई प्रो. सोनिया नित्यानंद प्रो. सैय्यद ऐनुल हसन और प्रो. आशुतोष शर्मा को उनकी उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान के लिए सराहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी का जीवन प्रेरणादायक है और राष्ट्र के लिए समर्पित है।

    Hero Image
    साध्वी ऋतम्भरा का जीवन सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण: योगी।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों मंगलवार को पद्म पुरस्कार मिलने पर सभी विभूतियों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इंटरनेट मीडिया ''एक्स'' पर लिखा ''पद्म पुरस्कार-2025'' के अंतर्गत आध्यात्मिक जगत की गौरव, सामाजिक कार्यों की अग्रदूत साध्वी ऋतम्भरा को सामाजिक कार्य की श्रेणी में ''पद्म भूषण'' सम्मान से अलंकृत किए जाने पर हार्दिक बधाई! उनका जीवन सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री ने नारायण जी ''भुलई भाई'' को मरणोपरांत ''पद्म श्री'' मिलने पर लिखा ''भुलई भाई'' ने अपने दीर्घ जीवन काल में राजनीति की साधना करते हुए समाज के हित में अपना अमूल्य योगदान दिया। उनको मिला यह सम्मान राष्ट्र सेवा का गौरवशाली प्रमाण है।

    उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा पुंज बनकर समाज को आलोकित करता रहेगा। उन्होंने किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद को ''पद्म श्री'' सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए लिखा...स्टेम सेल प्रत्यारोपण और हेमेटोलाजिकल विकारों पर आपके द्वारा किया गया उत्कृष्ट शोध कार्य चिकित्सा क्षेत्र के लिए अमूल्य निधि है। आपकी इस उपलब्धि पर प्रत्येक प्रदेशवासी हर्षित है।

      

    प्रो. सैय्यद ऐनुल हसन के लिए मुख्यमंत्री ने लिखा कि शिक्षा के प्रसार और साहित्य की सेवा में आपका योगदान अत्यंत प्रशंसनीय है। आपका कृतित्व और व्यक्तित्व समाज को नई दिशा प्रदान करता रहेगा। उन्होंने वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रो. आशुतोष शर्मा को ''पद्म श्री'' सम्मान मिलने पर लिखा...आपकी शोध साधना और तकनीकी नवाचारों ने देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश का मान अभिवर्धित किया है। आपके अमूल्य योगदान से संपूर्ण राष्ट्र सदैव प्रेरणा प्राप्त करता रहेगा।