11 Year Of Modi Govt: सीएम योगी ने कहा- जन-जन तक पहुंचाई जाएं मोदी सरकार की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गर्व का विषय हैं। इन्हें प्रदेश जिला मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शक्ति केंद्रों पर आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड वितरित करने का आह्वान किया ताकि लाभार्थी सरकार के प्रति कृतज्ञता महसूस करें।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजपा प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित कर जनता को उसकी उपलब्धियां बताएगी। मंगलवार को लखनऊ में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाई जाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संवाद का मंत्र भी दिया। कार्यकर्ताओं से हर वर्ग और संगठन को इस अभियान से जोड़ने और लाभार्थियों के अनुभव साझा करने की अपील की।
भागीदारी भवन में आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गर्व का विषय हैं। इन्हें प्रदेश, जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शक्ति केंद्रों पर आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड वितरित करने का आह्वान किया, ताकि लाभार्थी सरकार के प्रति कृतज्ञता महसूस करें। मुख्यमंत्री ने भारत की सांस्कृतिक विरासत के पुनर्जन्म का श्रेय भी मोदी सरकार को दिया।
कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास और प्राण प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम का पुनरोद्धार और महाकुंभ जैसे आयोजन से प्रदेश की छवि बदल रही है। उन्होंने पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और नदी पुनर्जन्म कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की भागीदारी का आह्वान भी किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मोदी सरकार की जनहित की योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाने का संदेश दिया।
कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व ने देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कर प्रगति की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है। राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। आंतरिक सुरक्षा से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा तक में भारत दुनिया के लिए उदाहरण बना है। पहलगाम की घटना के बाद भारत ने कैसे पाकिस्तान पोषित आतंकवाद को सबक सिखाया, उसे हर व्यक्ति को जानने की जरूरत है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले आवास, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहे लोगों तक आज कैसे सुविधाएं पहुंच रही हैं, इसके बारे में आमजन को बताना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मोदी की वजह से आज भारत की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है।
नौ से 21 जून तक चलेंगे कार्यक्रम
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बताया कि विकसित भारत का अमृत काल एवं सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों पर केंद्रित अभियान नौ से 21 जून तक चलेगा। पहले दिन नौ जून को मुख्यमंत्री लखनऊ मे प्रेस वार्ता करेंगे। 10 व 11 जून को जिलों में प्रेस कान्फ्रेंस होगी। सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 10 व 11 जून को ही जिला स्तर पर प्रबुद्ध समागम होगा।
नौ जून से नौ जुलाई के बीच ‘बदलता भारत मेरा अनुभव’ पर आधारित डिजिटल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 12 से 14 जून तक विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन मंडल स्तर पर होगा। 15 से 17 जून तक शक्ति केंद्र स्तर पर नगरीय क्षेत्रों में मोहल्ला चौपाल व पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन होगा। 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर सभी मंडलों में योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।