UP News: मजबूत बूथ संरचना व सतत जनसंवाद ही जीत की कुंजी- धर्मपाल सिंह
लखनऊ में भाजपा अवध क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बूथ संरचना और जन संवाद को चुनावी जीत का आधार बताया। उन्होंने विपक्ष के झूठ और भ्रम को विफल करने के लिए हर घर तक सच्चाई पहुंचाने की बात कही। बैठक में आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी अवध क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक में हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी और जवाबदेही सौंपते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि मजबूत बूथ संरचना और लगातार जनता से संवाद ही चुनावी विजय का आधार है।
अवध क्षेत्र कार्यालय, लखनऊ में हुई बैठक में उन्होंने जिलास्तर पर शक्ति केंद्र और बूथ गठन की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। कहा कि विपक्ष झूठ और भ्रम फैलाने के एजेंडे पर काम कर रहा है, ऐसे में हर घर-व्यक्ति तक संवाद के जरिये सच्चाई पहुंचाना और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना जरूरी है।
बूथ समितियों में प्रत्येक पदाधिकारी और सदस्य का कार्य तय कर रणनीति के तहत काम करना होगा। जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाला विपक्ष लंबे समय से सत्ता से बाहर है और षड्यंत्र रच रहा है।
इसे केवल जनसंवाद से ही विफल किया जा सकता है। प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, त्रयम्बक त्रिपाठी, प्रदेश महामंत्री संजय राय, प्रदेश मंत्री शंकर लोधी, अर्चना मिश्रा, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा समेत अवध क्षेत्र के जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।