UP News: अंसल के मालिकों पर 1.52 करोड़ रुपये हड़पने के दो और मुकदमे, प्लाट के नाम पर 135 से अधिक हो चुके हैं FIR
सुशांत गोल्फ सिटी थाने में अंसल कंपनी के मालिकों और निदेशकों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज हुई है। नोएडा के एक व्यापारी ने आरोप लगाया है कि प्लॉट के नाम पर उनसे 1.50 करोड़ रुपये हड़प लिए गए। एक अन्य व्यक्ति ने भी आसरा भरोसा योजना में प्लॉट के लिए पैसे जमा करने के बावजूद प्लॉट न मिलने की शिकायत दर्ज कराई है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। अंसल कंपनी के मालिक प्रणव अंसल, सुशील अंसल और अन्य निदेशकों व कर्मचारियों पर नोएडा के कारोबारी समेत दो ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज कराई है। ग्रुप के निदेशकों और अधिकारियों पर प्लााट के नाम पर करीब 1.52 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप है। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामलों में तथ्य एकत्रित किए जा रहे हैं।
नोएडा के सेक्टर-72 निवासी कारोबारी धीरेंद्र कुमार सिंह और भाई पीयूष ने वर्ष 2012 में अंसल एपीआइ में संपर्क किया था। बातचीत के दौरान दोनों को दो प्लाट का नक्शा दिखाया गया था। प्लाट की कीमत 1.60 करोड़ रुपये बताई गई थी।
पीड़ित भाइयों ने प्लाट बुक कर एडवांस में 19 जनवरी 2022 को 1.50 करोड़ रुपये आरटीजीएस लिए थे। कुछ समय बाद अंसल निदेशकों की करतूत का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस कार्रवाई की बात कही। इस पर वर्ष 2024 में अंसल ने उन्हें दो प्लाट आवंटित किए।
रजिस्ट्री में टालमटोल देख पीड़ित ने एलडीए से जानकारी की। पता चला कि योजना का नक्शा पास नहीं है। पीड़ित ने प्रणव अंसल, राजेश राव, प्रशांत कुमार, अमित शुक्ल व अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वहीं, वजीरगंज के गोलागंज निवासी मो. अतीक ने बताया कि वर्ष 2013 अंसल की आसरा भरोसा योजना में एक प्लाट बुक कराया था। जिसके एवज में पीड़ित ने कई बार में 1.21 लाख रुपये जमा किए थे। रजिस्ट्री के लिए संपर्क करने पर आनाकानी की गई। पीड़ित ने बताया कि 12 वर्ष बाद भी न प्लाट मिला और न रुपये वापस हुए। पीड़िता ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।