'दिखावे के लिए एनकाउंटर कर रही सरकार', अखिलेश का तंज; योगी पर बनी फिल्म 'अजेय' पर कही ये बात
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार दिखावे के लिए एनकाउंटर कर रही है और बेटियां असुरक्षित हैं। अखिलेश ने अजेय फिल्म को भी असफल बताया। उन्होंने भाजपा पर भ्रष्टाचार अवैध कटाई और कमजोर विदेश नीति का आरोप लगाया। उन्होंने नियुक्तियों में भेदभाव का भी आरोप लगाया और मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी की जानकारी दी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है। अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले को लेकर कहा कि यह सरकार दिखावे के लिए एनकाउंटर करती है।
अगर एनकाउंटर से कानून व्यवस्था ठीक होती तो अपराधी दूसरे राज्यों से यहां कैसे आ गए? कानून व्यवस्था ध्वस्त है। बेटियां, महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन पर बनी फिल्म अजेय को लेकर भी तंज किया। कहा कि ये तो फ्लाप होने से पहले ही फ्लाप हो गई।
शनिवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख ने कहा कि बढ़ते मानव-वन्य जीव संघर्ष के लिए भाजपा सरकार की अवैध कटाई वालों से मिलीभगत जिम्मेदार है। सरकार ने छुट्टा पशुओं से भी राहत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी आश्वासन दिलवा दिया था, परंतु किया कुछ नहीं।
गोशालाओं में गोवंशी की मृत्यु हो रही है और भाजपाई चारा बेचकर घोटाला कर रहे हैं। जानवरों के हमले में सबसे ज्यादा पीडीए के लोग शिकार बन रही है और सरकार उनकी मदद नहीं कर रही है। सरकार नौ साल में 200 करोड़ पेड़ लगाने का दावा करती है, लेकिन पेड़ लगे नहीं ओर बजट साफ कर दिया। इसी तरह से मां गंगा की सफाई का बजट साफ हो गया।
एच-1 वीजा को लेकर अमेरिका के फैसले को लेकर कहा कि हमारी विदेश नीति कमजोर हैं। कल को और देश ऐसा करेंगे, तब हमारी तैयारी क्या है? हम दूसरे देशों पर निर्भर होते जा रहे हैं। जिस देश के साथ हमारी जमीन को लेकर लड़ाई है, उसके साथ व्यापार बढ़ा रहे हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि नियुक्तियों के हो रहे घोटालों में सरकार खुद शामिल है। पीडीए परिवार के साथ बड़े पैमाने पर भेदभाव हुआ है। लखीमपुर भर्ती मामला भाजपा के भाई भतीजावाद और परिवारवाद का उदाहरण है।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कहा कि पार्टी भी तैयारी कर रही है। कार्यकर्ताओं और नेताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के घर जलाने वाले बयान पर कार्रवाई की मांग की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।