यूपी में सेवा पर्व पर लगाए जाएंगे 15 लाख पौधे, सर्वाधिक कानपुर में; किस जिले में लगेंगे कितने पौधे?
लखनऊ में सेवा पर्व के दौरान 1.23 लाख पौधे लगाए जाएंगे। पूरे प्रदेश में 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है जिसमें कानपुर सबसे आगे है। पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। प्रभागीय वनाधिकारी नोडल अफसर होंगे। पौधारोपण स्थलों की फोटो मेरी लाइफ पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती दो अक्टूबर तक सेवा पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश भर में 15 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
सरकार ने पौधा लगाने के लिए जिलों का लक्ष्य तय कर दिया है। सर्वाधिक 1,82,110 पौधे कानपुर व कानपुर वन्यजीव सर्किल में लगाए जाएंगे। प्रदेश के सभी 34 नगर वनों में कम से कम 100-100 पौधे लगाए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण जागरूकता अभियान, वर्षा जल संचयन समेत अनेक अभियान चलाए जाएंगे। हर जिले में प्रभागीय वनाधिकारी इसके नोडल अफसर होंगे।
पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार ने सभी प्रभागीय वनाधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में जनसहभागिता के माध्यम से पौधारोपण कराया जाए। इसके लिए प्रजातियों का चयन कर लिया जाए।
सभी पौधारोपण स्थलों के फोटो व एमआइएस डेटा के साथ मेरी लाइफ पोर्टल पर अपलोड किया जाए। जिला पौधारोपण समिति अन्य विभागों से सामंजस्य स्थापित करते हुए पौधों की सुरक्षा व रखरखाव भी सुनिश्चित करेगी।
पौधारोपण महाभियान-2025 के मिशन निदेशक दीपक कुमार ने बताया कि सेवा पर्व के दौरान विभाग के सभी कार्यालयों, वन निगम के डिपो में स्वच्छता तथा प्राणि उद्यान व सफारी में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने के लिए अभियान चलेगा।
विभिन्न पक्षी अभयारण्यों में सफाई अभियान, पर्यावरण संरक्षण जागरूकता, वर्षा जल संचयन व जल स्रोत के संरक्षण पर जागरूकता अभियान भी चलेगा। प्रत्येक प्रभाग में नर्सरी एक्शन प्लान पर कार्यशाला होगी।
जिला स्तर पर विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत आदि विषयों पर प्रबुद्ध वर्ग संवाद में वन एवं वन्यजीव संरक्षण, हरीतिमा संवर्धन, जैव विविधता आदि विषयों पर डीएफओ प्रतिभाग करेंगे। जनपदीय मेले व प्रदर्शनियों में वन विभाग का भी सहयोग रहेगा। आयोजन को लेकर तैयारी की जा रही है।
किस सर्किल में लगेंगे कितने पौधे
- आगरा-55,320
- अलीगढ़-29,000
- बरेली-43,400
- झांसी-1,63,380
- चित्रकूट धाम-1,43,670
- कानपुर-1,64,080
- कानपुर (वन्यजीव सर्किल) -18,030
- लखनऊ-1,23,990
- अयोध्या-1,08,420
- देवीपाटन-1,00,080
- मेरठ-30,000
- सहारनपुर-23,000
- मुरादाबाद-59,640
- वाराणसी-75,410
- मीरजापुर-1,38,410
- प्रयागराज-67,600
- गोरखपुर-60,280
- बस्ती-46,070
- आजमगढ़-50,220
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।