लखनऊ में चौपट चौराहे- बेहद व्यस्त पालीटेक्निक चौराहे पर ट्रैफिक कंट्रोल की हर तकनीक फेल
Lucknow mein Chaupat Chaurahe: वेव माल से पालीटेक्निक वाली सड़क पर भी लोग उलटी दिशा में घुसते हैं। पुलिसकर्मी कभी-कभार रोकने की औपचारिकता निभाते हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं।

पालीटेक्निक चौराहे पर लगा जाम। जागरण
HighLights
चौराहे के आसपास बेतरतीब खड़े ई-रिक्शा और आटो बन रहे जाम की बड़ी वजह
पीक आवर में मिनटों का सफर पूरा करने में लगते हैं घंटों
विकास मिश्र, लखनऊः राजधानी के कई मार्गों पर प्रतिबंध के बावजूद बेधड़क दौड़ते ई- रिक्शा के साथ ही मुख्य सड़क पर वाइन शाप, पिंक बूथ, भूतनाथ मोड़ से साथ गलत दिशा से आते डग्गामार वाहन और बेतरतीब खड़े आटो।
अक्सर यह दृश्य आपको पालीटेक्निक चौराहे पर देखने को मिलेगा। यह चौराहा अयोध्या रोड, गोमती नगर, इंदिरा नगर और हजरतगंज से आने वाले ट्रैफिक को जोड़ता। इस चौराहे पर जितना बड़ा जिम्मा है, यहां यातायात नियमों का उल्लंघन उतना ही अधिक है।
व्यवस्था के नाम पर चंद पुलिसकर्मियों की तैनाती तो दिखेगी, लेकिन उनकी मौजूदगी का असर नहीं है। चौराहा पर वाइन शाप के सामने अक्सर गलत दिशा से लोग निकलते हैं, जिससे मुंशी पुलिया जाने वाले मार्ग पर हर दिन लंबा जाम लगता है और हादसे का खतरा भी बना रहता है।
वेब माल से पालीटेक्निक वाली सड़क पर भी लोग उलटी दिशा में घुसते हैं। पुलिसकर्मी कभी-कभार रोकने की औपचारिकता निभाते हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं। यही नहीं, चौराहे से भूतनाथ जाने वाले मोड़ पर ही ई रिक्शा और आटो वाले सवारियां भरते और उतारते हैं, भले ही पीछे कोई आपात वाहन हार्न बजाता रहे या वाहनों की लंबी कतार लग जाए, लेकिन उनपर इसका फर्क नहीं पड़ता है।
पिंक बूथ के पास तो इन डग्गामार वाहनों का जमावड़ा हर दिन देखा जा सकता है। अयोध्या रोड पर फुटपाथ के बगल से ई रिक्शा और आटो की कतार ऐसे लगती है, जैसे कि सड़क नहीं आधिकारिक स्टैंड है। कमता चौराहा, मुंशीपुलिया और विभूति खंड की तरफ से आने वाले वाहन इस चौराहे पर एक साथ पहुंचने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त न होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। पालीटेक्निक चौराहे पर यातायात नियंत्रण के लिए सिग्नल व्यवस्था समेत विभिन्न उपाय किए गए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इनका असर नजर नहीं आता है।
जाम के कारण
- चौराहे के ठीक पास डग्गामार बसें, आटो और ई-रिक्शा बीच सड़क पर सवारियां बैठाने के लिए रुकते हैं, जिससे पूरा रास्ता ब्लाक हो जाता है।
- कमता चौराहे और शहीद पथ कट पर लगने वाले जाम का असर (बैकअप) सीधे पॉलिटेक्निक चौराहे तक आ जाता है।
- मुंशीपुलिया और चिनहट की तरफ मोड़ने वाले बड़े वाहनों और बसों के लिए यू-टर्न संकरा है, जिससे उनके मुड़ते समय पीछे लंबा जाम लग जाता है।
- आसपास की सर्विस लेन पर दुकानदारों और अवैध पार्किंग का कब्जा है, जिससे मुख्य सड़क पर गाड़ियों का लोड बढ़ जाता है।
- मुंशीपुलिया मार्ग और आसपास के हिस्सों में जल निकासी व सड़क चौड़ीकरण के काम के चलते अक्सर रूट डायवर्ट करना पड़ता है।
क्या है समाधान
- चिनहट या अयोध्या रोड से हजरतगंज जाने के लिए पालिटेक्निक चौराहे के बजाय कमता से शहीद पथ और गोमती नगर विस्तार के रास्तों का प्रयोग करें।
- लोहिया पथ से आने वाले वाहनों के लिए मुख्य चौराहे से पहले वेब सिनेमा के सामने बने नए और चौड़े यू-टर्न का इस्तेमाल शत-प्रतिशत सुनिश्चित हो।
- चौराहे के 50 मीटर के दायरे में ई-रिक्शा और ऑटो के खड़े होने पर सख्ती से रोक लगाई जाए।
- मुख्य सड़क पर दबाव कम करने के लिए कमता और चिनहट मार्ग की सर्विस लेन से अवैध दुकानों और पार्किंग को हटाया जाए।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
अवैध कब्जों को हटाया जाएगा- नगर निगम जोन सात के जोनल अधिकारी विकास सिंह कहते हैं कि पालीटेक्निक तिराहे से समय समय पर अतिक्रमण हटाया जाता है और आगे भी अवैध कब्जों को हटाया जाएगा।
