Lucknow: नगर निगम सदन में सपा विधायक रविदास के बयान पर भड़के भाजपा पार्षद, डेंगू को लेकर हंगामा
Lucknow News मेयर संयुक्ता भाटिया के कार्यकाल का अंतिम सदन गुरुवार को हुआ। सदन में सत्ता पक्ष बीजेपी और विपक्षी दलों ने एक दूसरे को घेरा। नगर निगम सदन का पदेन सदस्य होने के कारण सपा विधायक रविदास सदन की कार्यवाही में शामिल हुए थे।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। मेयर संयुक्ता भाटिया के कार्यकाल का अंतिम सदन शुरू हो गया है। नगर निगम सदन में सत्ता पक्ष बीजेपी और विपक्षी दलों ने एक दूसरे को घेरने की तैयारी की है। पार्षदों ने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि डेंगू की रोकथाम के लिए कोई काम नहीं हो रहा है। बैठक में काफी हंगामा हाेता रहा।
सपा विधायक रविदास के बयान पर भड़के भाजपा पार्षद
नगर निगम सदन का पदेन सदस्य होने के कारण सपा विधायक रविदास सदन की कार्यवाही में शामिल हुए थे। उनका आरोप था कि गुजरात की कंपनियों को नगर निगम की तरफ से 15 करोड़ का लाभांश दिया जा रहा है, जबकि नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। नगर निगम वित्तीय स्थिति खराब बताकर सड़कों का निर्माण नहीं करा रहा है। विधायक के बयान को लेकर आज समाजवादी पार्टी और भाजपा के पार्षद आमने-सामने आ गए और हंगामे के कारण सदन स्थगित किया गया। भाजपा पार्षदों का कहना था कि गलत आरोप लगाने वाले विधायक सदन में आकर माफी मांगे।
इस दौरान सत्तापक्ष के पार्षदों ने भी अधिकारियों पर आरोप लगाया कि वह लापरवाही कर रहे हैं। दौरे कर फोटो खिंचाई जा रही है। मंडलायुक्त के दौरे को भी महज दिखावा बताया। कहा कि फागिंग नहीं हो रही है। पांच साल के कार्यकाल के अंतिम सदन में सभी दलों के पार्षदों ने कहा कि उनकी उपेक्षा से विकास कार्य ठप है। भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि साजिश के तहत अधिकारी सरकार को बदनाम करना चाहते हैं। सरकार विरोधी काम कर रही है। सदन में घंटों तक डेंगू का ही मुद्दा छाया रहा।
पार्षद वार्डों के आरक्षण से लेकर जीआइएस सर्वे के मुद्दे को जोर-शोर से उठाने की तैयारी कर रहे हैं। सदन की बैठक में विकास को ध्यान में रखते हुए सड़कों के निर्माण, पार्कों का सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई को हल करने पर चर्चा की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।