लखनऊ जेल में कैदी की मौत के बाद बड़ा एक्शन, दो अधिकारी निलंबित; वार्डर पर जांच
लखनऊ की आदर्श कारागार में एक कैदी की आत्महत्या के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने के आरोप में दो अधिकारियों को निलंबित किया गया और एक वार्डर के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू हुई।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
कैदी राजू उर्फ अब्बास ने आदर्श कारागार में आत्महत्या की।
पत्नी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास काट रहा था।
अनलाकिंग प्रभारी और बैरक प्रभारी लापरवाही में निलंबित।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। आदर्श कारागार में पत्नी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी की आत्महत्या के मामले में जेल प्रशासन ने कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में अनलाकिंग प्रभारी मदन गोपाल और बैरक प्रभारी राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। जेल वार्डर अतीक अहमद के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है।
मूलरूप से बस्ती के लालगंज स्थित बनकटी निवासी राजू उर्फ अब्बास उर्फ असलम (32) ने बुधवार सुबह बैरक के पीछे बने शौचालय में पाइप से चादर का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। वह पत्नी की हत्या के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। उसे 29 अक्टूबर को गौतमबुद्धनगर की जेल से लखनऊ के आदर्श कारागार में स्थानांतरित किया गया था।
जेल प्रशासन के अनुसार, बुधवार सुबह छह बजे नियमित गिनती में सभी कैदी मौजूद थे। करीब 15 मिनट बाद दोबारा गिनती की गई तो राजू गायब मिला। तलाश के दौरान उसका शव बैरक के पीछे शौचालय में फंदे से लटका मिला। उसे नीचे उतारकर डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, बिना ठोस सबूत रद नहीं होगी पेट्रोल पंप डीलरशिप
घटना की जानकारी कैदी के स्वजन को दी गई थी। हालांकि, शुरुआत में ज्यादातर स्वजन ने आने में असमर्थता जताई थी। बाद में उसकी बहन ने शव लेने के लिए आने की सहमति दी थी।
यह भी पढ़ें- AI और क्वांटम के खतरों से कैसे बचेगा यूपी? लखनऊ में साइबर सुरक्षा रोडमैप पर हुआ मंथन