इलाहाबाद हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, बिना ठोस सबूत रद नहीं होगी पेट्रोल पंप डीलरशिप
इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने अलीगंज सर्विस स्टेशन की 27 साल पुरानी डीलरशिप समाप्त करने का आदेश रद्द कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि अतिरिक्त फिटिंग्स की मौजूदगी मात्र से डीलर की संलिप्तता साबित नहीं होती, खासकर जब सीलें सुरक्षित हों और ठोस साक्ष्य न हो।

इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ।
HighLights
हाई कोर्ट ने 27 साल पुरानी डीलरशिप समाप्ति का आदेश रद्द किया।
अतिरिक्त फिटिंग्स मात्र से डीलर की संलिप्तता साबित नहीं होती।
सीलें सुरक्षित थीं, हेराफेरी का कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला।
विधि संवाददाता, जागरण, लखनऊ। पेट्रोल पंप की डिस्पेंसिंग यूनिटों में अतिरिक्त इलेक्ट्रानिक फिटिंग्स की मौजूदगी मात्र से डीलर के ईंधन में हेराफेरी में संलिप्तता साबित नहीं होती, खासकर तब जब विधिक माप विज्ञान विभाग की सीलें सुरक्षित हों और कथित अनियमितताओं में डीलर की भूमिका का कोई ठोस साक्ष्य न हो।
इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने यह महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए करीब 27 साल पुरानी अलीगंज सर्विस स्टेशन की डीलरशिप समाप्त करने का आदेश निरस्त कर दिया। न्यायमूर्ति इरशाद अली ने कहा कि इंडियन आयल कारपोरेशन यह साबित करने में विफल रहा कि चार डिस्पेंसिंग यूनिटों में कथित अतिरिक्त फिटिंग्स डीलरों ने लगवाई थीं या उनसे वास्तव में ईंधन की आपूर्ति में हेराफेरी हुई थी।
अदालत ने कहा, “हालांकि चार डिस्पेंसिंग यूनिटों में अतिरिक्त फिटिंग्स मिलने का आरोप लगाया गया था, लेकिन विधिक माप विज्ञान विभाग की सीलें सुरक्षित पाई गईं और पांच लीटर में 150 मिलीलीटर की कम आपूर्ति केवल एक नोजल में कथित रूप से पाई गई।” कोर्ट ने तीन जुलाई 2017 को डीलरशिप समाप्त करने के आदेश और 24 मई 2019 को तेल उद्योग के विवाद निस्तारण पैनल द्वारा पारित अपीलीय आदेश को निरस्त कर दिया।
डीलरशिप वर्ष 1990 में दी गई थी। पांच मई 2017 को संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चार डिस्पेंसिंग यूनिटों के पल्सर कार्ड में अतिरिक्त फिटिंग्स और गिलबार्को वीडर-रूट मशीन के एक नोजल से पांच लीटर में 150 मिलीलीटर कम पेट्रोल देने का आरोप लगाया था। इसके बाद डीलरशिप समाप्त कर सिक्योरिटी राशि जब्त कर ली गई थी। कोर्ट ने पाया कि कथित पल्सर असेंबली की प्रयोगशाला जांच डीलरशिप समाप्त करने का आदेश पारित होने के बाद कराई गई थी।
गिलबार्को और मिडको मशीनों की रिपोर्ट मुख्यतः दृश्य परीक्षण पर आधारित थीं और उनमें कार्यात्मक परीक्षण नहीं किया गया था। वहीं, टोकहेम मशीन की रिपोर्ट में जांचे गए कार्ड में कोई खराबी नहीं पाई गई थी। अदालत ने यह भी कहा कि कारपोरेशन विधिक माप विज्ञान (सामान्य) नियम, 2011 में निर्धारित परीक्षण प्रक्रिया का पालन साबित नहीं कर सका।
कोर्ट ने पाया कि मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइंस, 2012 के क्लाज 8.6 के तहत अनिवार्य व्यक्तिगत सुनवाई भी नहीं दी गई। बाद में सीलबंद पल्सर असेंबली खोलने और उनकी जांच के दौरान डीलरों को शामिल नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें- मानहानि के मामले में सीधे केस दर्ज करने पर हाई कोर्ट ने जताई नाराजगी, कहा- जल्दबाजी में FIR दर्ज कर रहे अधिकारी
अदालत ने कहा कि अपीलीय प्राधिकारी ने कार्यात्मक परीक्षण नहीं होने, प्रयोगशाला रिपोर्ट की विश्वसनीयता और प्राकृतिक न्याय के उल्लंघन से संबंधित आपत्तियों पर स्वतंत्र रूप से विचार नहीं किया। कोर्ट ने कहा, “करीब 27 वर्षों से संचालित डीलरशिप को समाप्त करना और सिक्योरिटी राशि जब्त करना, बिना विश्वसनीय साक्ष्य के याचियों की संलिप्तता साबित किए तथा अनिवार्य प्रक्रिया का पालन किए बिना, मनमाना और कानूनन अस्थिर है।” याचिका स्वीकार करते हुए हाई कोर्ट ने कारपोरेशन को डीलरशिप बहाल करने और डीलरशिप समझौते की वैध शर्तों के अनुपालन के अधीन पेट्रोलियम उत्पादों की सामान्य आपूर्ति फिर से शुरू करने का निर्देश दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।