विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानहानि के मामले में सीधे केस दर्ज करने पर हाई कोर्ट ने जताई नाराजगी, कहा- जल्दबाजी में FIR दर्ज कर रहे अधिकारी

Published: Thu, 26 Nov 2026 05:45 AM (IST)

इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने फेसबुक पर कथित एआई जनित ऑडियो क्लिप साझा करने के मामले में एक एफआईआर पर रोक लगाई है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने एआई ऑडियो क्लिप मानहानि एफआईआर पर रोक लगाई।

  2. अधिकारियों द्वारा सीधे एफआईआर दर्ज करने पर कोर्ट ने नाराजगी जताई।

  3. सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनदेखी पर सरकार से जवाब मांगा।

विधि संवाददाता, लखनऊ। इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने फेसबुक पर कथित एआई जनित ऑडियो क्लिप साझा करने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने टिप्पणी की कि राज्य सरकार के अधिकारी आपराधिक मानहानि के मामलों में कानून की स्थापित व्यवस्था की अनदेखी करते हुए बार-बार जल्दबाजी में एफआईआर दर्ज कर रहे हैं।

न्यायमूर्ति अब्दुल मोईन और न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की पीठ ने अपर मुख्य सचिव (गृह) को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल कर यह बताने का निर्देश दिया कि 2016 में सुप्रीम कोर्ट द्वारा आपराधिक मानहानि के संबंध में कानून स्पष्ट किए जाने के बावजूद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 356 के तहत सीधे एफआईआर क्यों दर्ज की जा रही हैं।

यह भी पूछा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले की अवहेलना करने वाले अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई प्रस्तावित है। हलफनामा दाखिल नहीं होने पर अपर मुख्य सचिव (गृह) को संबंधित अभिलेखों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की चेतावनी दी गई है। यह आदेश मोहम्मद रियाज उर्फ रियाज गाजी की याचिका पर पारित किया गया।

याची ने हरदोई के कोतवाली थाने में 29 अक्टूबर को दर्ज एफआईआर को चुनौती दी थी। इसमें बीएनएस की धारा 356 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत आरोप लगाए गए थे।एफआइआर के अनुसार, याची ने दिलशाद खान द्वारा फेसबुक पर अपलोड की गई एक पोस्ट साझा की थी। इसमें कथित तौर पर एआई से तैयार और संपादित ऑडियो क्लिप थी।

शिकायतकर्ता एक राजनीतिक दल का मंडल अध्यक्ष बताया गया है। याची की ओर से दलील दी गई कि केवल पोस्ट साझा करने से आइटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अपराध नहीं बनता। एफआइआर दुर्भावनापूर्ण तथा कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग है। राज्य सरकार ने इसका विरोध करते हुए कहा कि संपादित पोस्ट साझा करने के कारण याची के खिलाफ अपराध बनता है।

कोर्ट ने प्रथमदृष्टया इस दलील को स्वीकार नहीं किया। कहा कि आईटी एक्ट की धारा 66डी कंप्यूटर संसाधन के जरिए प्रतिरूपण कर धोखाधड़ी करने से संबंधित है। एफआइआर से यह नहीं पता चलता कि याची ने किसी के साथ प्रतिरूपण कर धोखाधड़ी की। आपराधिक मानहानि के संबंध में कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के 2016 के एक फैसले का हवाला दिया। इसमें कहा गया था कि अवमानना के मामलों में एफआईआर नहीं, बल्कि पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर परिवाद की कार्यवाही शुरू की जानी चाहिए।

खंडपीठ ने बीएनएस की धारा 222 का भी उल्लेख किया, जिसके तहत मानहानि के अपराध में पीड़ित व्यक्ति की ओर से दाखिल परिवाद के बिना अदालत संज्ञान नहीं ले सकती। कोर्ट ने मामले को 15 दिसंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया।

यह भी पढ़ें- घर के ड्राइंग रूम से पेश हुए SDM, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने जताई हैरानी; कहा- DM ने क्यों दी अनुमति?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।