Lucknow Jagran Samvadi 2026: चौथे सत्र 'साहित्य, प्रकाशन और महिलाएं' का सार, सिर्फ किरदार नहीं, कथानक की सूत्रधार है स्त्री
Lucknow Jagran Samvadi 2026: संस्कृतिकर्मी लिपिका भूषण ने सत्र का संचालन करते हुए संपादकीय जगत से लेकर सिनेमा तक महिलाओं की निर्णायक भूमिका पर सवाल उठाए।

पटकथा लेखिका एवं उपन्यासकार अनु सिंह और प्रख्यात लेखिका व संपादक अमृता त्रिपाठी, संस्कृतिकर्मी लिपिका भूषण
HighLights
चौथा सत्र ''साहित्य, प्रकाशन और महिलाएं''
सिनेमा से प्रकाशन जगत तक महिलाओं का बढ़ता दखल
ओटीटी ने महिला रचनाकारों को दिया नया मंच
विकास मिश्र, लखनऊ। सिनेमा में स्त्री अब सिर्फ किरदार नहीं, बल्कि कथानक की सूत्रधार भी है। बावजूद इसके बाक्स आफिस की अंधी दौड़ में महिला कलाकारों को महज आकर्षण और वस्तु के रूप में प्रस्तुत करने की प्रवृत्ति कायम है, किंतु अब समय है कि हम सिनेमा के कथानक और ''महिला मित्र'' को देखने के अपने संकुचित दृष्टिकोण में आमूलचूल परिवर्तन लाएं।
पटकथा लेखिका एवं उपन्यासकार अनु सिंह और प्रख्यात लेखिका व संपादक अमृता त्रिपाठी ने शुक्रवार को दैनिक जागरण की ओर से लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आयोजित संवादी के चौथे सत्र ''साहित्य, प्रकाशन और महिलाएं'' में बेबाकी से अपनी बात रखी।
संस्कृतिकर्मी लिपिका भूषण ने सत्र का संचालन करते हुए संपादकीय जगत से लेकर सिनेमा तक महिलाओं की निर्णायक भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं संपादकीय जगत से लेकर रूपहले पर्दे तक पहुंचकर यह तय करने की क्षमता रखती हैं कि समाचार पत्रों और साहित्य में क्या प्रकाशित होगा। इस मुकाम तक पहुंचने के पीछे उनके लंबे संघर्ष और योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
अनु सिंह ने वर्ष 2019 से शुरू हुई अपनी ओटीटी यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि ''आर्या'' और ''दिल्ली क्राइम'' जैसी वेब सीरीज ने साबित किया है कि महिलाएं सशक्त और संवेदनशील कहानियों का नेतृत्व कर सकती हैं। नेटफ्लिक्स इंडिया समेत विभिन्न ओटीटी मंचों पर महिला रचनाकारों की सक्रियता बढ़ी है, लेकिन स्त्री केंद्रित कहानियों तक ही उनकी रचनात्मक भूमिका सीमित कर देना उचित नहीं है।
फिल्मों में महिला किरदारों के कमजोर चित्रण और उनके यौन वस्तुकरण पर अनु सिंह ने चिंता जताई। ''एनिमल'' और ''धुरंधर'' जैसी फिल्मों का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि बड़े बजट और हजार करोड़ रुपये के कारोबार की होड़ में नायिका को अक्सर नायक की सहानुभूति हासिल करने या उसके देह प्रदर्शन के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। निर्माताओं को यह सबसे आसान व्यावसायिक रास्ता नजर आता है।
अमृता त्रिपाठी ने प्रकाशन जगत में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और आर्थिक स्वावलंबन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश की प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थाओं में शीर्ष नेतृत्व से लेकर सीईओ तक के पदों पर महिलाएं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रही हैं। बिजनेस डेवलपमेंट, मार्केटिंग और बजट प्रबंधन में भी उनकी क्षमता उल्लेखनीय है।
आर्थिक फैसलों में महिलाओं की भूमिका पर उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह अपने जीवनसाथी के साथ मिलकर व्यवसाय संचालित करती हैं। इसमें आपसी विश्वास के आधार पर वित्तीय और रचनात्मक निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के लिए रचनात्मकता के साथ व्यावसायिक और आर्थिक समझ विकसित करना भी जरूरी है।
महिला लेखन की विशिष्ट शैली, रचनात्मक क्षमता और बदलती भूमिका पर हुई चर्चा ने मालवीय सभागार में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रोताओं को सोचने का नया नजरिया दिया।
यह भी पढ़ें- Lucknow Jagran Samvadi 2026:आचार्य मिथिलेशनंदिनी शरण ने स्थापित की ' अयोध्या और राजधर्म' की परिभाषा
यह भी पढ़ें- लखनऊ जागरण संवादी के मंच पर सलमान खान बोले, बड़ी ही स्पेशल फिल्म है, मातृभूमि जिसका नाम है
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।