विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Lucknow Jagran Samvadi 2026:आचार्य मिथिलेशनंदिनी शरण ने स्थापित की ' अयोध्या और राजधर्म' की परिभाषा

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:23 PM (IST)

Lucknow Jagran Samvadi 2026: आचार्य मिथिलेशनंदिनी शरण अपनी गांभीर्य, किंतु सरस शैली में परिभाषा प्रस्तुत करते हैं - 'अयोध्या जितने आयामों से बनती है, उनको एक बार में नहीं कहा जा सकता। 

सूत्रधार दैनिक जागरण के कार्यकारी संपादक विष्णु प्रकाश त्रिपाठी -आचार्य मिथिलेशनंदिनी शरण

सूत्रधार दैनिक जागरण के कार्यकारी संपादक विष्णु प्रकाश त्रिपाठी -आचार्य मिथिलेशनंदिनी शरण 

HighLights

  1. सत्र अयोध्या और राजधर्म- अयोध्या मनुष्यता का आश्वासन, राजधर्म विघ्न मिटाने की प्रतिज्ञा

  2. श्रोताओं की ओर उन्मुख सत्र के सूत्रधार दैनिक जागरण के कार्यकारी संपादक विष्णु प्रकाश त्रिपाठी

पवन तिवारी, लखनऊ । मंच से ध्वनि उठी जय सियाराम....। प्रतिध्वनि आई..जय जय सियाराम...। अयोध्या की संत परंपरा के गरिमामयी प्रतिनिधित्व की गूंज थी यह। वक्ता के रूप में जब अयोध्या की सिद्धपीठ हनुमन्निवास के पीठाधीश्वर आचार्य मिथिलेशनंदिनी शरण जी हों तो रामनाम से वातावरण सुवासित होना स्वाभाविक है।

श्रोताओं की ओर उन्मुख सत्र के सूत्रधार दैनिक जागरण के कार्यकारी संपादक विष्णु प्रकाश त्रिपाठी विषय और विषयज्ञ की मर्यादा की लक्ष्मण रेखा का स्मरण कराते हैं। विषय निर्धारण की सुरुचिपूर्ण प्रक्रिया का उद्धरण भी देते हैं वे। कहते हैं, ' अवध में आचार्यजी के बगैर संवाद और संवादी अधूरा है।

अयोध्या क्या है और क्या है राजधर्म? विषय पर आचार्य के सम्मुख जिज्ञासा प्रकट करते हैं, अयोध्या क्या है और इस संदर्भ में वस्तुत: राजधर्म क्या है?

आचार्य मिथिलेशनंदिनी शरण अपनी गांभीर्य, किंतु सरस शैली में परिभाषा प्रस्तुत करते हैं - 'अयोध्या जितने आयामों से बनती है, उनको एक बार में नहीं कहा जा सकता। कभी धाम, कभी तीर्थ, कभी मोक्ष धाम, कभी विवादित नगरी हो सकती है। समय परिवर्तित हुआ, अब गूगल पर टाइप करिए तो परिणाम में भव्य दीपोत्सव लिखा आ जाता है। अयोध्या क्या है? मनुष्य के लिए मनुष्यता संभव होने का आश्वासन है अयोध्या। मनुष्यता दुर्लभ है।

मिर्जा गालिब का शेर उद्धृत करते हैं-
बस-कि दुश्वार है हर काम का आसां होना
आदमी को भी मुयस्सर नहीं इंसां होना।

वह राजधर्म को भी परिभाषित करते हैं 
राजधर्म मूल रूप से तीन बातों में परिलक्षित हैं, राज्य में निष्ठा रखने वाले नागरिकों की रक्षा। आजीविका की रक्षा। उनको कुमार्ग में जाने से रोकना। राजधर्म मनुष्यता के विघ्नों को दूर करने की प्रतिज्ञा है।
इस उक्ति कि अयोध्या के बड़े संत, महांत, धर्माचार्य कभी एक मंच पर उपस्थित नहीं होते, आचार्य कहते हैं कि अयोध्या की पहचानों के एकत्र न हो पाने की विडंबना है। जिनसे अयोध्या बनती है,जिनसे भारत बनता है वे एकत्र क्यों नहीं होते? यह विसंवाद खत्म क्यों नहीं होता? दैनिक जागरण का आभार प्रकट करते हुए कहते हैं कि संवादी ने विसंवाद खत्म किया है।

आचार्य मिथिलेशनंदिनी शरण कहते हैं कि जिसने अयोध्या रची है, उसके संबंध के कारण मानव कहे जाते हैं। उस पूर्वज मनु की संतान के कारण हम मानव कहे जाते हैं। जो अयोध्या रचता है मानव रचता है। मानव की आचार संहिता भी रचता वह मनुस्मृति है। राजा हरिश्चंद्र भी अयोध्या से हैं। वह कहते हैं कि मेरा स्वप्न भी सत्य है। स्वप्न को भी यथार्थ में परिवर्तित करने वाला। जागृति में सिद्ध करते हुए। मनुष्य होने में सबसे बड़ी कसौटियां हैं।

कृतज्ञताबोध है। जिसका कृतज्ञताबोध जितना विकसित है, वह उतना मनुष्य है। हमारे यहां परंपरा है। जो कमाता है, खिलाता है। नहीं भारत की दृष्टि यह नहीं, यह है कि जो खाता वह वह खिलाता है। वह खाने वाला जिसके सामने थाली आ गई है, वह चिंता करे कि इसमें से किसको देना है।
आचार्य प्रश्न करते हैं कि श्रीराम मनुष्यता सिखाने आए थे? उत्तर देते है - नहीं। श्रीराम यह परखने आए थे कि क्या मनुष्यता संभव है? अयोध्या ने मनुष्यता को संभव बनाया। श्रीराम ने यह परखा।
संवादी के आयोजन स्थल लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में छात्रों की ओर उन्मुख आचार्य कहते हैं कि श्रीराम ने अग्निपरीक्षा क्यों ली? जो जितना अधिक मूल्यवान उसकी उतनी कठिन परीक्षा। सोना भी तो परखा जाता है। जंतर मंतर पर उपद्रव की ओर संकेत करते हुए वह कहते हैं कि चमगादड़ों के आंदोलन कर देने से दिन रात में नहीं परिवर्तित हो सकता। भारत का अस्तित्व उसकी पहचान मनु के बिना हो ही नहीं सकती। हमें अपने आचार - विचार की समीक्षा करनी होगा।
प्रश्न - उत्तर सत्र में दैनिक जागरण के उप राज्य संपादक मनीष तिवारी के प्रश्न-हिंसा के जरिए सामाजिक परिवर्तन जबरन लागू करने की कोशिश यह राजधर्म में कैसे? आचार्य मिथिलेशनंदिनी शरण कहते हैं कि यह राजधर्म नहीं है यह पशु धर्म है।
हिंसा क्या है- पीड़ा पहुंचाने की प्रवृत्ति। मारना काटना। हिंसा नहीं। डाक्टर सर्जरी करते हैं, सीमा पर सैनिक गोलियां चलाते है। जीवन पर दांव लगाते हैं। क्या वे हिंसक हैं?
दैनिक जागरण के महाप्रबंधक जेके द्विवेदी के प्रश्न अयोध्या के बाहर मनुष्यता की क्या परिभाषा? पर वह कहते हैं कि किसी भी तरह का ऋण लौटा देने की प्रतिबद्धता मनुष्यता है।
लवि के पूर्व छात्र महेंद्र कुमार अग्रवाल जिज्ञासा प्रकट करते हैं कि हम दैन्यता छोड़ें? आचार्य ने स्पष्ट किया, हमें दैन्य छोड़ना नहीं चाहिए। पराक्रम कभी नहीं छोड़ना है। कहां दीन होना है, कहां क्रूर होना है, यह समझना चाहिए। छात्र जय शुक्ला, दैनिक जागरण के बाराबंकी के इनपुट प्रभारी नरेंद्र मिश्र ने भी अपने प्रश्न रखे।

यह भी पढ़ें- Lucknow Jagran Samvadi 2026: संवाद से ही प्रशस्त होगा विकसित भारत का मार्ग, युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना जरूरी: सतीश महाना

यह भी पढ़ें- दैनिक जागरण संवादी में अभिनेता पीयूष मिश्रा, बोले- सच बोलने से मत डरिए और आपत्ति करना मत छोड़िए

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।