विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Lucknow Jagran Samvadi 2026: संवाद से ही प्रशस्त होगा विकसित भारत का मार्ग, युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना जरूरी: सतीश महाना

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:09 PM (IST)

Lucknow Jagran Samvadi 2026: विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि राष्ट्र और समाज की प्रगति किसी एक वर्ग या व्यक्ति के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना

HighLights

  1. जागरण संवादी के दसवें संस्करण का लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में भव्य शुभारंभ

  2. विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बोले- राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी

  3. अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध और संस्थाओं के प्रति सम्मान से ही सुदृढ़ होगा समाज

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विचारों की उर्वर भूमि, अदब की रवायत और संवाद की समृद्ध परंपरा वाले लखनऊ में शुक्रवार को शब्दों का उत्सव सजा तो विमर्श के नए द्वार भी खुले। दैनिक जागरण के प्रतिष्ठित आयोजन 'जागरण संवादी' के दसवें संस्करण का लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में दीप प्रज्वलन के साथ भव्य शुभारंभ हुआ।

विचारों की विविधता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक सरोकारों को स्वर देने वाले इस आयोजन के उद्घाटन सत्र में राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका, युवा शक्ति की दिशा, लोकतांत्रिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा और संवाद की आवश्यकता जैसे विषय प्रमुखता से उभरे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि समाज और राष्ट्र की प्रगति किसी एक व्यक्ति या वर्ग के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। संविधान ने हमें अधिकार दिए हैं तो कर्तव्यों का बोध भी कराया है। इन दोनों के बीच संतुलन और परस्पर संवाद से ही एक प्रगतिशील समाज का निर्माण संभव है।

उदघाटन सत्र में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि राष्ट्र और समाज की प्रगति किसी एक वर्ग या व्यक्ति के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती। शिक्षक, चिकित्सक, अधिकारी, पत्रकार और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की इसमें भूमिका है। जब हम जिम्मेदारियों को कुछ लोगों तक सीमित कर देते हैं तो विकास की गति बाधित होती है। उन्होंने शायर राहत इंदौरी की पंक्ति ' किसी के बाप का हिंदुस्तान नहीं है' का उल्लेख करते हुए कहा कि वह इस बात को अलग दृष्टि से देखते हैं। हिंदुस्तान हमारे बाप का है, आपके बाप का है, सबके बाप का है। हमारे बुजुर्गों ने इस देश को बनाया है। संविधान ने अधिकारों के साथ जिम्मेदारियां भी दी हैं। दोनों का संतुलन ही राष्ट्र को प्रगतिशील बनाता है।

उन्होंने कहा कि संवाद के लिए सोच जरूरी है और संवाद हमेशा दोतरफा होना चाहिए। केवल एकतरफा भाषण को संवाद नहीं कहा जा सकता। यह भी जरूरी नहीं कि मंच पर बोलने वाला ही सबसे अधिक बुद्धिमान हो, सामने बैठे लोगों के पास भी उससे अधिक अनुभव और समझ हो सकती है। इसे समझाने के लिए उन्होंने डॉल्फिन और उसके प्रशिक्षक का रोचक प्रसंग सुनाया। बताया कि एक प्रशिक्षक ने डॉल्फिन को रिंग के बीच से छलांग लगाना सिखाने में तीन महीने लगाए।

वहीं डॉल्फिन के बच्चे ने जब अपनी मां से पूछा कि इंसान को प्रशिक्षित करने में कितना समय लगा तो उसने कहा कि इंसान को यह समझाने में तीन महीने लग गए कि मैं छलांग लगाऊं, तभी वह रिंग फेंके। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने समझाया कि हर संवाद में दूसरे पक्ष के दृष्टिकोण और उसकी समझ को महत्व देना चाहिए।

इंटरनेट मीडिया की प्रवृत्तियों पर उन्होंने कहा कि आजकल कहा जाता है कि जो दिखता है, वही बिकता है। समाज को यह तय करना होगा कि उसे दिखाना क्या है। अच्छी चीजों के माध्यम से लोगों को जोड़ना कठिन है, जबकि नकारात्मकता और दूसरों की बुराई के सहारे भीड़ जुटाना आसान हो गया है। दूसरों की कमियां गिनाकर स्वयं को श्रेष्ठ साबित करना सरल है, लेकिन अपने अच्छे कार्यों के आधार पर अपनी पहचान बनाना कठिन है।

इंटरनेट मीडिया पर गलत बातों को बार-बार दोहराकर सच की तरह स्थापित करने की प्रवृत्ति चिंताजनक है। स्थिति यह हो गई है कि लगातार फैलाए जा रहे झूठ के कारण वास्तविक सच पर भी संदेह होने लगा है। उन्होंने कहा कि आज 'वोट बनाम लाइक्स' की चर्चा के बीच यह समझना जरूरी है कि लोकप्रियता और वास्तविकता एक-दूसरे के पर्याय नहीं हैं।

महाना ने कहा कि युवाओं के आधार पर ही समाज में परिवर्तन आता है। वह चाहते हैं कि युवा तकनीक को अपने नियंत्रण में रखकर आगे बढ़ें, न कि स्वयं उसके नियंत्रण में चले जाएं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए हर दिन एक कदम आगे बढ़ाना होगा।

विधानसभा में युवाओं और विभिन्न वर्गों के लोगों को सदन की कार्यप्रणाली से परिचित कराने की पहल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि परिवर्तन की शुरुआत छोटी पहल से होती है। जब भविष्य में इस बदलाव का इतिहास लिखा जाएगा तो उसकी शुरुआत 18वीं विधानसभा से मानी जाएगी।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान और संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। व्यक्ति जब अपने हित को संस्थान से ऊपर रखता है तो व्यवस्था कमजोर होती है। हमें यह विचार करना होगा कि संस्थाओं की प्रतिष्ठा बचाने के लिए हम अपने व्यक्तिगत हितों का कितना त्याग कर सकते हैं। समाज में नेताओं, अधिकारियों, चिकित्सकों और शिक्षकों को लेकर बनी धारणाओं के पीछे भी कहीं न कहीं व्यक्तिगत स्वार्थ और संस्थागत दायित्व के बीच असंतुलन है।

अपने राजनीतिक जीवन का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि छह बार चुनाव जीतने पर उनसे जीत का आधार पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र के लोगों के लिए काम करते हैं। जातीय समीकरणों से इतर काम के आधार पर भी जनता का विश्वास अर्जित किया जा सकता है। विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद जब उनसे पूछा गया कि उनके कितने विधायक हैं तो उनका जवाब था कि उनके 403 विधायक हैं।

उनका आशय था कि अध्यक्ष के रूप में सदन का प्रत्येक सदस्य उनके लिए समान महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने पद की गरिमा के अनुरूप स्वयं को हर दिन साबित करना चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे एक संकल्प लेकर जाएं, जो लोग पढ़ना चाहते हैं, वो तो लिखें ही, परंतु जो आप पढ़ाना चाहते हैं वो भी लिखें। ज्ञान के प्रसार और विचारों की समृद्धि से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन की जमीन तैयार होगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. अरविंद मोहन ने कहा कि जागरण संवादी विद्यार्थियों के लिए अभिव्यक्ति और विचारों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। विश्वविद्यालय की स्थापना के समय ही हिंदी साहित्य सहित विभिन्न भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन की परिकल्पना की गई थी। आज विश्वविद्यालय हिंदी, तमिल, उर्दू सहित अनेक भाषाओं के लिए काम कर रहा है। ऐसे में दैनिक जागरण के साथ इस आयोजन की साझेदारी ज्ञान और विचार के प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा सबसे बड़ा ऊर्जा केंद्र हैं। आदिकाल से लेकर अब तक हुए बड़े सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तनों में युवाओं की भूमिका निर्णायक रही है। राज्य और राष्ट्र के निर्माण में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। लेकिन यही ऊर्जा यदि भटकाव की दिशा में चली जाए तो उसका नुकसान पूरे समाज और राष्ट्र को उठाना पड़ता है। युवाओं की क्षमताओं को पहचानकर उन्हें सही दिशा, अवसर और संसाधन उपलब्ध कराना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि उच्च शिक्षा में निवेश को और बढ़ाया जाए, ताकि विश्वविद्यालय युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में अधिक सक्षम बन सकें।

इससे पूर्व दैनिक जागरण के राज्य संपादक आशुतोष शुक्ल ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि 'हिंदी हैं हम' पहल के अंतर्गत आयोजित जागरण संवादी का यह दसवां संस्करण है। दो दिवसीय यह आयोजन केवल विचारों की अभिव्यक्ति का मंच नहीं, बल्कि समाज में गंभीर और स्वस्थ विमर्श का वातावरण तैयार करने की पहल है। यहां आने वाले लोग विभिन्न विषयों पर होने वाले संवाद के सहभागी बनें और अपने साथ कोई नया विचार लेकर जाएं, यही इस आयोजन की सार्थकता है। समाज को बेहतर बनाने के लिए जरूरी है कि विचारों पर चर्चा हो, प्रश्न उठें और अलग-अलग दृष्टिकोणों को समझने का अवसर मिले।

सत्र का संचालन कर रहे दैनिक जागरण के फीचर संपादक अनंत विजय ने कहा कि विश्वविद्यालय ज्ञान का सृजन करता है तो दैनिक जागरण उस ज्ञान को समाज तक पहुंचाने का काम करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरण की 'ज्ञानवृत्ति' पहल से जुड़ने का आह्वान किया। इसके तहत चयनित तीन शोधार्थियों को शोध कार्य के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। उन्होंने युवाओं से जागरण के युवा संसद कार्यक्रम में भी भागीदारी करने की अपील की।

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. अरविंद मोहन, पद्मश्री अनिल रस्तोगी, कवि बुद्धिनाथ मिश्र, दैनिक जागरण लखनऊ के महाप्रबंधक जेके द्विवेदी और दैनिक जागरण के राज्य संपादक आशुतोष शुक्ल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।