लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड पर होगा सख्त एक्शन, अवैध बिल्डिंग पर हो सकती है बुलडोजर की कार्रवाई
Lucknow Fire Incident: मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।

सीएम योगी आदित्यनाथ बेहद नाराज
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एसआईटी गठित
घटना से नाराज सीएम योगी आदित्यनाथ ने अफसरों के साथ बैठक की
अग्निकांड वाली अवैध बिल्डिंग पर बुलडोजर की कार्रवाई तय
अलीगंज थाना में दी गई वीरेंद्र शुक्ला, सुरेन्द्र शुक्ला व धीरेंद्र शुक्ला के खिलाफ तहरीर
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी के अलीगंज के आवासीय क्षेत्र में तिमंजिला अवैध व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग में झुलसने व दम घुटने से सोमवार को 18 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद से सीएम योगी आदित्यनाथ बेहद नाराज हैं और उन्होंने अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक के बाद माना जा रहा है कि बड़ा एक्शन होगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। दो सदस्यीय विशेष जांच दल में अमृत अभिजात, अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, धर्मार्थ और संस्कृति विभाग के साथ अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन प्रवीण कुमार को रखा गया है। लखनऊ अग्निकांड मामले में हाई लेवल मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित जांच दल को सात दिन के अंदर रिपोर्ट सौंपनी होगी।
एलडीए ने भी आंतरिक जांच के लिए समिति बनायी
अलीगंज हादसे को देखते हुए एलडीए ने भी एक आंतरिक जांच समिति गठित कर दी है। इस समिति में एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा अध्यक्ष होंगे। वहीं, मुख्य नगर नियोजक केके गौतम, मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत/ यांत्रिक मनोज सागर और प्रभारी अधिकारी रवि नंदन सिंह सदस्य हाेंगे। समिति मानचित्र स्वीकृति से लेकर नियम विरुद्ध हुए निर्माण और इसके विद्युत लोड सहित अन्य बिन्दुओं को लेकर जांच करेगी।
सेक्टर डी के इस अग्निकांड को लेकर अलीगंज थाने में तहरीर दी गई है। अब इस तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा जा रहा है। तहरीर में वीरेंद्र शुक्ला, सुरेन्द्र शुक्ला व धीरेंद्र शुक्ला को नामजद किया गया है। वीरेंद्र शुक्ला को रामेश्वरम इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी का मालिक बताया जा रहा है। इन तीनों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में अवैध व्यावसायिक इमारत में आग से 18 की मौत, सामने आए 15 मृतकों और घायलों के नाम देखें सूची
इस अग्निकांड पर मुख्यमंत्री के सख्त तेवर देख माना जा रहा है कि बिल्डिंग पर बुलडोजर की कार्रवाई हो सकती है। जल्द ही अग्निकांड वाली बिल्डिंग पर बुलडोजर की कार्रवाई होगी।
इसके साथ ही फायर, विद्युत सुरक्षा, एलडीए और नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी एक्शन हो सकता है।
यह भी पढ़ें- Lucknow Fire Incident: एकल आवास का नक्शा पास और वीपी शुक्ला ने खड़ी कर दी चार मंजिला इमारत, घोर अराजकता
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।