ग्राउंड फ्लोर के आवासीय मैप पर बना दिया 4 फ्लोर का मार्केट, फायर NOC तक नहीं; 15 मौतों का जिम्मेदार कौन?
Lucknow Fire Accident: बिल्डिंग पर फायर की एनओसी और बिल्डिंग सेफ्टी सर्टिफिकेट नहीं था, इसके बाद भी यहां गतिविधियां संचालित थीं।

अलीगंज के सेक्टर डी में जिस भवन में आग लगी और 18 लोगों की मौत हुई है, उसका सिर्फ भूतल का आवासीय नक्शा पास था
HighLights
बिना फायर एनओसी, भवन में चल रही थीं पेट शॉप और गेमिंग जोन जैसी व्यावसायिक गतिविधियां
बिल्डिंग को फायर और विद्युत सुरक्षा विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अब तक के सबसे बड़े अग्निकांड में जिला और पुलिस प्रशासन की बड़ी लापरवाही भी सामने आ रही है। बिजली विभाग के साथ ही एलडीए और नगर निगम भी कठघरे में हैं।
अलीगंज के पुरनिया/सेक्टर डी इलाके में जिस भवन में आग लगी और 18 लोगों की मौत हुई है, उसका सिर्फ भूतल का आवासीय नक्शा पास था और चार मंजिला व्यावसायिक भवन खड़ा कर दिया गया। इस बिल्डिंग को फायर और विद्युत सुरक्षा विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं मिला था।
इसके बाद भी वीरेन्द्र प्रसाद शुक्ला पुत्र सुरेंद्र प्रसाद शुक्ला अलीगंज पेट शॉप और गेमिंग जोन के साथ अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर रहे थे। इसमें इंट्री और एक्जिट भी एक ही है। इसके बाद भी किसी सरकारी मुलाजिम की नजर इधर नहीं पड़ी। इनके मकान पर विद्युत लोड 20 किलोवाट का पास था और यह लोग 35.50 किलोवाट का उपयोग कर रहे थे। जिस जगह पर बिल्डिंग बनी है, वह जमीन वीरेंद्र शुक्ला के नाम पर है। बिल्डिंग का नक्शा सुरेन्द्र शुक्ला व धीरेन्द्र शुक्ला के नाम पर पास है। वीरेंद्र शुक्ला रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का मालिक है।
अवैध बिल्डिंग रामेश्वरम ग्रुप के मालिक वीरेंद्र शुक्ला की बताई जा रही है। बिल्डिंग का मूल मानचित्र आवासीय उपयोग के लिए पास किया गया था। भवन का मानचित्र सुरेंद्र प्रताप और धीरेन्द्र प्रताप के नाम से स्वीकृत हुआ था। वर्ष 2014 में नगर निगम ने भवन को व्यावसायिक श्रेणी में दर्ज किया था। नगर निगम ने कॉमर्शियल श्रेणी के अनुसार कर और अन्य शुल्क की वसूली भी की।
अग्निकांड के बाद भवन की स्वीकृति, उपयोग परिवर्तन और सुरक्षा मानकों की जांच तेज कर दी गई है। प्रशासन भवन निर्माण नियमों और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की पड़ताल कर रहा है। इस घटना के बाद मानचित्र स्वीकृति, उपयोग परिवर्तन और संबंधित विभागों की भूमिका भी जांच के दायरे में हैं। अग्निकांड मामले में जिम्मेदारी तय करने को लेकर शासन स्तर पर लगातार समीक्षा जारी है।
आपातकाल निकास द्वार नहीं
बिल्डिंग में आपातकाल निकास द्वार नहीं था। इसमें फर्स्ट फ्लोर के ऑफिस का गेट थंब एम्प्रेशन से खुलता था और आग लगने की वजह से गेट ऑटोमैटिक लॉक हो गया। जिसकी वजह से लोग फंस गए थे और जान दांव पर लगाकर बिजली के केबिल से लटककर नीचे उतरे।
लाइसेंस कैसे मिला
बिल्डिंग पर फायर की एनओसी और बिल्डिंग सेफ्टी सर्टिफिकेट नहीं था, इसके बाद भी यहां गतिविधियां संचालित थीं। फरवरी 2025 में अलीगंज समेत कई संस्थानों पर नोटिस जारी होने और लाइसेंस रद करने की सिफारिश की गई थी। इसके बाद भी भीषण गर्मी में इस बिल्डिंग में आधा दर्जन से अधिक एसी चल रहे थे।

फायर सेफ्टी की खामियां
कई संस्थान सिंगल एंट्री-एग्जिट वाले भवनों में चल रहे हैं। फायर नॉर्म्स का पालन नहीं, फायर एक्सटिंग्विशर एक्सपायर्ड या गायब। ऊपरी मंजिलों पर बिना पर्याप्त वेंटिलेशन और इमरजेंसी एग्जिट के कोचिंग चलाना आम। व्यावसायिक भवनों में पेट शॉप, क्लिनिक और कोचिंग का मिश्रण, आग फैलने का खतरा बढ़ जाता है।

आग करीब दोपहर तीन बजे ग्राउंड फ्लोर की Drools Aliganj Pet Shop या आसपास की दुकान में लगी। शॉर्ट सर्किट या इलेक्ट्रिकल फॉल्ट की प्राथमिक आशंका है।
यह भी पढ़ें- अलीगढ़ का दौरा छोड़कर लखनऊ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अग्निकांड स्थल का किया निरीक्षण
धुआं काफी तेजी से ऊपर की मंजिलों पर पहुंचा, जहां Head Hopper Studio (3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग) और Learning Space (लाइब्रेरी-कोचिंग) और चल रहे थे। दूसरी मंजिल पर काम कर रहे छात्र और युवा प्रोफेशनल्स अचानक घुटन भरे धुएं में फंस गए। बाहर निकलने के रास्ते बंद-से हो गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।