गाय की रस्सी में फंसकर चोटिल होने पर हो गया आग बबूला, मालिक को घर में घुसकर पीटा; 2 अंगुलियां कटी
लखनऊ में गाय की रस्सी में फंसकर एक व्यक्ति के चोटिल होने के बाद विवाद हो गया। दबंग ने साथियों संग गाय मालिक के घर पर हमला बोल दिया जिसमें एक व्यक्ति की दो उंगलियां कट गईं। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है। पीड़ित ने जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है।

जागरण टीम, लखनऊ। गाय की रस्सी में फंसकर चोटिल होने पर दबंग आग बबूला हो गया। सोमवार देर शाम अपने साथियों के साथ लाठी-डंडो व धारदार हथियार से लैस होकर गाय मालिक के आफिस पहुंच गए। फिर घर में घुसकर जमकर पीटा, हमले में पीड़ित की दो अंगुलियां कट गई।
लोगों के पहुंचने पर आरोपित फरार हो गए। इंस्पेक्टर पीजीआइ धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। अन्य की तलाश में टीम दबिश दे रही है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सोनू और सनी है। दोनों कहलोन गार्डन सिटी निवासी है। जांच में सामने आया कि उनके घर के पास उनके घर की गाय बंधी थी। वह घास खाते-खाते सड़क के दूसरी तरफ चली गई। उसी दौरान सोनू उसमें फंसकर चोटिल हो गया था। इसी बात को
लेकर उसने हमला किया था। उधर, रायबरेली रोड स्थित वृंदावन योजना सेक्टर-12 निवासी जगजीत सिंह ने बताया कि वह पिता करनैल सिंह और अवध बिहारी सिंह के साथ आफिस में बैठे थे। तभी सोनू सिंह और सनी चौहान दो गाड़ियों से वहां अपने साथियों के साथ पहुंचे।
गाय बांधने को लेकर विवाद करने लगे। अवध बिहारी के समझाने पर आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी। पिता और चाचा पर हुए हमले की जानकारी मिलने पर बीच बचाव करने आए जगजीत सिंह, उनके चचेरे भाई गुरलाल सिंह और हरपाल सिंह पर भी आरोपितों ने हमला कर दिया।
आरोप है कि सोनू और सनी ने अपने कार सवार बाहरी गुंडों को बुलाकर लाठी ईंटों से हमला कर दिया। इस हमले में गुरलाल सिंह के दाहिने हाथ की दो अंगुलियां कट कर अलग हो गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपितों ने जान से मारने की कोशिश की, लेकिन भीड़ बढ़ते देख वह मौके से फरार हो गए। परिवारीजन ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद घायल के चचेरे भाई जगजीत की तहरीर पर पीजीआइ थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।