लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस का रूट 3 दिन छोटा: सहारनपुर में थमेगा सफर, इन ट्रेनों की चाल भी बिगड़ेगी
सहारनपुर-अंबाला कैंट रेलखंड पर यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर इंटरलाकिंग कार्य के कारण लखनऊ जंक्शन-चंडीगढ़ एक्सप्रेस तीन दिनों तक सहारनपुर में निरस्त रहेगी। कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित होंगी, जबकि पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्यों के लिए आठ इकाइयों और 45 महिला कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
लखनऊ जंक्शन-चंडीगढ़ एक्सप्रेस तीन दिन सहारनपुर में निरस्त रहेगी।
यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर रेलवे इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग कार्य होगा।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए आठ इकाइयों और 45 महिला कर्मचारियों को पुरस्कृत।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सहारनपुर-अंबाला कैंट रेलखंड के यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर रेलवे इलेक्ट्रानिक इंटरलाकिंग करेगा। इस कारण तीन दिनों तक लखनऊ जंक्शन से रात 11:55 बजे रवाना होने वाली ट्रेन 15011 लखनऊ जंक्शन-चंडीगढ़ एक्सप्रेस सहारनपुर पहुंचकर निरस्त होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि लखनऊ जंक्शन से 10 से 12 दिसंबर तक प्रस्थान करने वाली 15011 लखनऊ जंक्शन-चंडीगढ़ एक्सप्रेस सहारनपुर पहुंचकर यात्रा समाप्त करेगी। इसी तरह चंडीगढ़ से 11 से 13 दिसंबर तक चलने वाली 15012 चंडीगढ़ -लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस सहारनपुर स्टेशन से आरंभ होगी।
जयनगर से 10 दिसंबर को आरंभ होने वाली 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस तीन घंटे रोककर पलेगी। जयनगर से 12 दिसंबर को चलने वाली यह ट्रेन चार घंटे, 11 दिसंबर को चलने वाली 14649 सरयू यमुना एक्सप्रेस 1:20 घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी।
यह भी पढ़ें- रेलवे में बड़ा फेरबदल: 34 मंडलों के बदले गए DRM, मुजफ्फरपुर से जुड़ी रहीं शिखा श्रीवास्तव को लखनऊ की कमान
पुरस्कृत किया
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक महोदय के निरीक्षण के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए आठ इकाईयों को ग्रुप अवार्ड प्रदान किया गया। ऐशबाग स्थित मनोरंजन संस्थान में डीआरएम गौरव अग्रवाल ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) बादशाहनगर, ऐशबाग एवं बंदरियाबाग, मनोरंजन संस्थान बादशाहनगर एवं ऐशबाग और सीनियर सेक्शन इंजीनियर (विद्युत/पावर) बादशाहनगर, ऐशबाग एवं बंदरियाबाग को पुरस्कार दिया। इसी तरह 45 महिला रेल कर्मचारियों को थर्मल बोतल वितरित की गईं।