लखनऊ, कानपुर विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव का तबादला, तीन विश्वविद्यालयों के सहायक कुलसचिव भी बदले
UP News उच्च शिक्षा विभाग लखनऊ ने तीन विश्वविद्यालयों में उप कुलसचिव और सहायक कुलसचिव स्तर के अधिकारियों का तबादला कर दिया है। लखनऊ विश्वविद्यालय कानपुर विश्वविद्यालय और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। विशेष सचिव गिरिजेश त्यागी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के तीन विश्वविद्यालयों में उप कुलसचिव और सहायक कुलसचिव स्तर के अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस संबंध में विशेष सचिव गिरिजेश त्यागी ने आदेश जारी किए हैं।
लखनऊ विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव प्रमोद कुमार मिश्रा को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में तैनात किया गया है। वहीं, कानपुर विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव अजय कुमार गौतम को डा. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या भेजा गया है।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के सहायक कुलसचिव हिमांशु शुक्ला का स्थानांतरण छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में हुआ है। संपूर्णानंद विश्वविद्यालय के ही सहायक कुलसचिव विनायक धर दुबे को ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ में जिम्मेदारी मिली है।
पं. दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव सूर्यकांत मिश्र को लखनऊ विश्वविद्यालय में भेजा गया है। इसके अलावा मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की सहायक कुलसचिव ऊषा का तबादला चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ किया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।