मकान के छज्जे पर टहल रहा था कोई, पहले लगा कुत्ता-बिल्ली है... मगर ध्यान से देखने पर उड़ गए होश
लखनऊ के पारा क्षेत्र में योग विहार कॉलोनी में तेंदुआ दिखने से दहशत फैल गई। महेंद्र सिंह नामक एक निवासी ने अपने घर के छज्जे पर तेंदुए को देखा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने जांच की लेकिन उसे फिशिंग कैट बताकर वापस लौट गई। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। तेंदुए के सीसीटीवी फुटेज वायरल होने से आसपास के क्षेत्रों में भी दहशत फैल गई है।

जागरण टीम, लखनऊ। पारा की योग विहार कालोनी में रहने वाले महेंद्र सिंह को शाम करीब सात बजे मकान के छज्जे पर एक जानवर टहलता दिखा। उन्हें लगा कुत्ता या बिल्ली होगी। पहले ध्यान नहीं दिया लेकिन फिर कुछ शक हुआ इस पर वह छज्जे के पास लगे सीसी कैमरे की फुटेज चेक करने गए।
फुटेज में जो दिखा वह देख कर महेंद्र के होश उड़ गए। महेंद्र का कहना है कि वह तेंदुआ था। इस पर उन्होंने सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। टीम ने शनिवार को पहुंचकर छानबीन की और फिशिंग कैट होने की बात बताकर लौट गई। लोगों ने फिशिंग कैट होने से इंकार किया है। करीब दो हजार लोग दहशत में हैं।
महेंद्र के पड़ोसी ओमप्रकाश दुबे कहते हैं कि शाम आठ बजे इसकी सूचना मिली। रात में दहशत इतनी थी की खाना भी ठीक से नहीं खा सके। पास में ही निजी स्कूल है लेकिन चार साल की पोती अनिका दुबे को स्कूल भेजने की हिम्मत नहीं हो रही है। पास ही नीलम तिवारी रहती हैं।
वह कहती हैं कि मोहल्ले में छोटे-छोटे बच्चे हैं। आसपास कई खाली प्लाट हैं जिनमें पेड़-पौधे हैं और कुछ में झाड़ियां भी लगी हैं। तेंदुआ कहां है अभी तक किसी को नहीं पता चला है। रात भर मोहल्ले के लोग सो नहीं पाए हैं। सुबह वन विभाग की टीम जांच कर लौट गई, अब भी कोई जानवर पकड़ा नहीं गया है।
डर की वजह से घर से निकलने की हिम्मत नहीं हो रही है। पास की ही रंजीता देवी का कहना है कि वह शाम को आठ बजे घर वापस आई तो मोहल्ले के लोगों ने जानकारी दी। इसके बाद से छत पर नहीं गई। मकान का गेट और छत का दरवाजा खोलने में भी डर लग रहा है कि कब तेंदुआ कहां से आ जाए।
योग विहार के रनवीर सिंह कहते हैं कि चाहे तेंदुआ हो या फिर बिल्ली उसे जल्द से जल्द पकड़ा जाए। पिछली बार भी कई दिनों तक वन विभाग बिल्ली और जंगली जानवर करता रहा लेकिन बाद में एक लान में घुसे तेंदुए को घंटों की मशक्कत के बाद पकड़ पाए।
वहीं, डीएफओ अवध सितांशु पांडेय का कहना है कि टीम को भेजा गया है। रेंजर सोनम दीक्षित ने बताया कि मौके पर गई टीम ने जांच की इसमें निकलकर आया कि तेंदुआ नहीं बल्कि एक प्रकार की बिल्ली है।
इन इलाकों में डर
वारिस, मोनिस, दानिश बताते हैं कि भले ही तेंदुआ योग विहार में दिखा हो लेकिन इसकी वजह से मोनार्क सिटी, डिप्टी खेड़ा, बादल खेड़ा, पूर्वीदीन खेड़ा के लोग डरे हुए हैं। तेंदुए का सीसी फुटेज भी सुबह से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित है।
फरवरी में शादी समारोह में घुसा था तेंदुआ
इसी वर्ष 13 फरवरी को एक तेंदुआ पारा के एमएम लान में शादी समारोह में घुस गया था। वन विभाग की टीम ने आठ घंटे मशक्कत कर पुलिस की मदद से तेंदुए को लान से रेस्क्यू किया था। तेंदुए ने मलिहाबाद, पारा, माल, काकोरी के सैकड़ों गांव में करीब 90 दिन दहशत फैलाई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।