विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लखीमपुर खीरी कांड: आखिरकार चारों किसानों का हो गया अंतिम संस्कार, तड़के हुआ चौथे का पोस्टमार्टम

By Umesh TiwariEdited By:
Published: Tue, 05 Oct 2021 10:02 PM (IST)Updated: Wed, 06 Oct 2021 08:33 AM (IST)

Lakhimpur Kheri Violence उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हुई हिंसा के दौरान मृत चार किसानों में तीन ...और पढ़ें

बहराइच मटेरा के मोहरनिया में मृतक गुरुविंदर सिंह के परिवार जन से बातचीत करते किसान नेता राकेश टिकैत।
बहराइच मटेरा के मोहरनिया में मृतक गुरुविंदर सिंह के परिवार जन से बातचीत करते किसान नेता राकेश टिकैत।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हुई हिंसा के दौरान मृत चार किसानों में तीन का मंगलवार को अंतिम संस्कार दिया गया लेकिन बहराइच का मोहरनिया निवासी परिवार दोबारा पोस्टमार्टम पर अड़ा गया। मोहरनिया के मृत किसान गुरुविंदर सिंह के परिवारजन ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को गलत करार देते हुए मृतक को गोली मारने की बात कही। देर शाम राकेश टिकैत मृत किसान गुरुविंदर सिंह के घर पहुंचे। स्वजन मृतक का दोबारा दिल्ली में पोस्टमार्टम कराने की जिद कर रहे थे। आखिरकार तड़के चार बजे दोबारा पोस्टमार्टम के बाद मोहर्नियां में मृत किसान का अंतिम संस्कार करा दिया गया।

मृतक किसान गुरुविंदर के दोबारा पोस्टमार्टम की मांग पर लखनऊ से चार सदस्यीय चिकित्सकों की टीम हेलीकाप्टर से बहराइच पहुंची, लेकिन किसान नेता व परिवारजन शव दिल्ली ले जाने की मांग कर रहे हैं। परिवार ने कहा कि गोली मारी गई। गुरुविंदर के पिता सुखविंदर सिंह का आरोप था कि बेटे की हत्या गोली मार कर की गई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका उल्लेख नहीं किया गया है। गोरखपुर के एडीजी जोन अखिल कुमार ने परिवारजन से बात कर दोबारा चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराने का भरोसा दिया, लेकिन मौके पर पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत व परिवारजन शव को एयर लिफ्ट कराकर दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम की बात पर अड़े रहे। टिकैत ने कहा कि संयुक्त मोर्चा एवं पीड़ित परिवार की मांग के अनुरूप फैसला होना चाहिए। आखिरकार अधिकारी देर रात मृतक के परिवारजन को समझाने में सफल रहे। परिवारजन की मांग के मद्​देनजर बुधवार को भोर में जिला मुख्यलय पर चिकित्सकों के विशेष दल ने पोस्टमाटम किया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच शव को माेहर्निया गांव ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया। 

लवप्रीत और नछत्र का अंतिम संस्कार : लखीमपुर खीरी में चौखड़ा निवासी लवप्रीत और धौरहरा नक्षत्र सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस एवं प्रशासन के उच्चाधिकारियों व किसान नेताओं की उपस्थिति में दाह संस्कार हुआ। पहले परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट गलत होने का आरोप लगाकर दाह संस्कार करने से मना कर दिया था। इसके बाद किसान वहां पर जमा होने लगे थे। किसान नेता राकेश टिकैत भी चौखड़ा फार्म पहुंच गए थे। काफी देर तक जिद्दोजहद चलने के बाद स्वजन व किसान लवप्रीत के शव को लेकर मझगईं आ गए और वहां पर मार्ग जाम कर दिया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और विश्वास दिलाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई गड़बड़ी नहीं है। बाद में परिवारजन व किसान नेता दाह संस्कार करने पर राजी हो गए। जबकि नानपारा कोतवाली के बंजारन टाड़ा निवासी दलजीत सिंह का मंगलवार को शव आने के बाद प्रशासन के समझाने पर अंतिम संस्कार देर शाम हो गया।

टिकैत पहुंचे मृतक पत्रकार रमन कश्यप के घर : मंगलवार को राकेश टिकैत निघासन में मृतक पत्रकार रमन कश्यप के घर पहुंचे और मृतक के परिवार से मिलकर ढांढ़स बंधाते हुए कहा कि हमारी संवेदना आपके साथ है। रमन पत्रकार बाद में था पहले हमारा किसान भाई था, जिनकी वजह से हमारे किसान भाइयों की मौत हुई है। रमन के परिवार से मिलने के बाद राकेश टिकैत नानपारा में मृतक किसानों के परिवारीजन से मिलने के लिए निकल गए। इस दौरान खीरी पुलिस अधीक्षक विजय ढुल, आइपीएस अजय पाल शर्मा के साथ कई पीपीएस व भारी पुलिस बल तैनात दिखा।

अज्ञात भीड़ के खिलाफ शुभम और हरिओम समेत चार की हत्या का मुकदमा : खीरी में आठ लोगों की जान जाने के मामले में दूसरा मुकदमा भी दर्ज हुआ है। यह मुकदमा भाजपा नेता सुमित जायसवाल मोदी ने दर्ज कराया है। इसमें अज्ञात भीड़ को आरोपित बनाया गया है। शहर के मुहल्ला अयोध्यापुरी निवासी सुमित जायसवाल मोदी ने तहरीर में कहा है कि उपद्रवी भीड़ ने ईंट, पत्थर, लाठी-डंडों और तलवारों से हमला करके दो अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं, सुमित के मित्र शुभम मिश्र और ड्राइवर हरिओम मिश्र की हत्या कर दी। दर्ज मुकदमे में हत्या, आगजनी, मारपीट व बलवा आदि संगीन धाराएं लगाई गई हैं।

शुभम के पिता ने भी दी तहरीर, तीन नामजद : किसानों के हमले में मारे गए शिवपुरी, गढ़ी रोड निवासी शुभम मिश्रा के पिता विजय मिश्रा ने भी पुलिस को अलग से तहरीर दी है। इसमें तीन लोग नामजद हैं जिसमें एक आरोपित तेजिंदर सिंह सपा से जुड़े बताए जा रहे हैं, लेकिन पार्टी ने इससे इन्कार किया है। सपा जिलाध्यक्ष रामपाल यादव का कहना है कि तेजेंद्र सिंह विर्क का सपा से कोई लेना-देना नहीं है। वह उत्तराखंड के निवासी हैं। घायलों में विर्क भी शामिल थे, जिन्हें देखने सपा के लोग गए थे।

सामने आया प्रत्यक्षदर्शी, दर्ज कराया मुकदमा : लखीमपुर के तिकुनिया में रविवार को हुए बवाल में पहला प्रत्यक्षदर्शी सामने आया है। उनकी तहरीर पर आठ लोगों की मौत के मामले में दूसरा मुकदमा भी दर्ज हुआ है। यह प्रत्यक्षदर्शी भाजपा नेता सुमित जायसवाल मोदी हैं और इन्होंने अज्ञात भीड़ को आरोपित बनाया है। मुहल्ला अयोध्यापुरी निवासी सुमित जायसवाल मोदी ने तहरीर में कहा है कि वह तीन गाड़ियों के साथ डिप्टी सीएम केशव मौर्य की अगवानी के लिए जा रहे थे, तभी तिकुनिया में अज्ञात उपद्रवी भीड़ ने ईंट, पत्थर, लाठी-डंडों और तलवारों से हम लोगों पर हमला कर दिया। मैं गाड़ी से उतरकर जान बचाकर भागा, लेकिन भीड़ ने दो अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं, शुभम मिश्र और ड्राइवर हरिओम मिश्र की हत्या कर दी। दर्ज मुकदमे में हत्या, आगजनी, मारपीट व बलवा आदि संगीन धाराएं लगाई गई हैं। इसके बाद एक चैनल से बात करते हुए सुमित ने कहा कि अजय मिश्र उर्फ टेनी के पुत्र आशीष गाड़ी में नहीं थे, वह उस समय दंगल का आयोजन करा रहे थे।

मृत किसानों के परिवारजन को 45-45 लाख की अनुग्रह धनराशि का चेक सौंपा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मंगलवार की देर शाम को लखीमपुर खीरी डीएम डा. अरविंद कुमार चौरसिया ने तहसील निघासन के मृत किसान के घर चौखड़ा फार्म पहुंचकर परिवारजन को सरकार द्वारा घोषित 45 लाख का आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। वहीं मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह व अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार सिंह ने तहसील धौरहरा के ग्राम अमेठी के नामदारपुरवा के मृत किसान के घर जाकर उनके परिवारजन से मुलाकात कर 45 लाख की अनुग्रह धनराशि का चेक सौंपा।