Lucknow: ये है 75 साल की महापौर संयुक्ता भाटिया की फुर्ती का राज, ऐसे रखती हैं खुद को फिट
Sanyukta Bhatia Birthday महापौर संयुक्ता भाटिया ऊंची सैंडल के साथ ही खानपान और परिधान का भी वह विशेष ध्यान रखती हैं। इतना पैदल चलती हैं कि अधिकारी थक जाते हैं। शहर में होने वाले हर कार्यक्रम में शामिल होने वाली महापौर कोरोना काल में भी सक्रिय रहीं।

Sanyukta Bhatia Birthday: लखनऊ, जागरण संवाददाता। महापौर संयुक्ता भाटिया की आज 75वीं वर्षगांठ है लेकिन उनकी सक्रियता ढलती उम्र को मात करती है। सुबह से लेकर शाम तक वह किसी न किसी कार्यक्रम में दिखाई देती है। कभी किसी इलाके का दौरान करती दिखती हैं तो कभी किसी समारोह में मुख्य अतिथि होती हैं। 19 अक्टूबर को जन्मदिन पर लखनऊ में सेवा कुंभ का आयोजन भी हो रहा है।
हर दिन योग करती हैंः ऊंची सैंडल के साथ ही खानपान और परिधान का भी वह विशेष ध्यान रखती हैं। इतना पैदल चलती हैं कि अधिकारी थक जाते हैं। शहर में होने वाले हर कार्यक्रम में शामिल होने वाली महापौर कोरोना काल में भी सक्रिय रहीं लेकिन कोरोना का उन पर कोई असर नहीं। उनके परिधान और पहनावे को देखकर कुछ महिलाओं ने महापौर से पूछा था कि यह सब कौन करता है? तब महापौर हंस पड़ी थीं और कहा कि खुद का शौक है। महापौर अपनी फुर्ती के पीछे खानपान और योग को मानती हैं। वह कहती हैं कि हर दिन सुबह योग करती हूं और नियंत्रित भोजन ही करती हूं। चाय नहीं पीती हूं। वह कहती हैं कि इस सब के अलावा उनकी सक्रियता भी फुर्ती रहने का एक कारण है।
सफाई कर्मियों के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा और 40 लाख का बीमा होगाः महापौर संयुक्ता भाटिया बुधवार (19 अक्टूबर) को 75 वर्ष की हो जाएंगी। उनका जन्म 1947 में बस्ती में हुआ था। महापौर अपना जन्मदिन तो नहीं बना रही हैं, लेकिन गोमती तट पर झूलेलाल वाटिका में सुबह 11 बजे से सेवा संकल्प दिवस का आयोजन होगा, जिसे सेवा कुंभ का नाम दिया गया है। इस कुंभ में तीस से चालीस हजार लोगों के जुटने की संभावना है। मंगलवार को दिन भर नगर निगम के अधिकारी वहां इंतजाम देखने में जुटे थे। महापौर सफाई कर्मियों के लिए 40 लाख का पारिवारिक बीमा और बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा का तोहफा भी देंगी।
कोरोना में काम करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा। सफाई कर्मियों की बालिकाओं को नगर निगम के विद्यालयों व महाविद्यालय में 12वीं और स्नातक तक निशुल्क शिक्षा देने की योजना का भी शुभारंभ होगा। नगर निगम की सेवानिवृत्त महिला सफाई कर्मियों को अपनी सेवाकाल के दौरान अच्छा काम करने पर उत्कर्ष प्रमाण पत्र दिया जाएगा। नगर निगम कर्मियों के बच्चों के लिए लाइब्रेरी का भी शुभारंभ होगा। सफाई कर्मियों और परिजनों का नि:शुल्क होगा नेत्र परीक्षण और चश्मा वितरण होगा। नगर निगम के पांच स्कूलों को स्मार्ट बनाने का काम चालू किया जाएगा।
होगी पुष्प वर्षाः इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विशिष्ट अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य, ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा एवं विधायक सफाई कर्मियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिवादन और सम्मान करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।