विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जागरण संवादी में कीर्ति कुल्हारी ने बताया- सिनेमा कैसे खोलता है मन की परतें, साझा किए संघर्ष-आत्मसम्मान के मायने

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:32 PM (GMT+05:30)

अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी ने 'संवादी' के 'मिशन मनोरंजन' सत्र में सिनेमा को सिर्फ मनोरंजन से बढ़कर बताया। उन्होंने अपने फिल्मी सफर, संघर्ष, आत्मसम्मान के महत्व और फिल्म निर्माण में सेट पर कार्यसंस्कृति सुधारने के अनुभवों को साझा किया।

संवादी के चौथे सत्र मिशन मनोरंजन में चर्चा करतीं अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी। जागरण

संवादी के चौथे सत्र मिशन मनोरंजन में चर्चा करतीं अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी। जागरण

HighLights

  1. सिनेमा केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सोच गढ़ने का सशक्त माध्यम।

  2. फिल्मी सफर में संघर्ष, धैर्य और आत्मसम्मान का महत्व बताया।

  3. सिद्धांतों के लिए 'ना' कहना सीखा, सेट पर कार्यसंस्कृति बदली।

विकास मिश्र, लखनऊ। सिनेमा केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि इंसान की सोच, संवेदना और व्यक्तित्व को गढ़ने का सशक्त माध्यम भी है। जब कोई फिल्म दर्शकों का मन बहलाने के साथ उन्हें भीतर तक छूती है और कुछ बेहतर सोचने के लिए प्रेरित करती है, तभी वह वास्तविक अर्थों में कला का रूप लेती है।

अभिनय की इसी सार्थकता, आत्मसम्मान और अपनी शर्तों पर जिंदगी जीने के महत्व को फिल्म अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी ने शनिवार को दैनिक जागरण के आयोजन 'संवादी' के चौथे सत्र 'मिशन मनोरंजन' में साझा किया। दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव के साथ हुए संवाद में कीर्ति ने न केवल सिनेमा की बदलती तस्वीर पर बात की, बल्कि एक कलाकार के संघर्ष, धैर्य और अपनी शर्तों पर जीने के मायनों को भी सामने रखा।

मनोरंजन वह, जो भीतर सुकून दे

मनोरंजन के अर्थ पर चर्चा करते हुए कीर्ति ने कहा कि उनके लिए मनोरंजन सिर्फ हंसना या कुछ समय के लिए दुनिया की चिंताओं से दूर होना नहीं है। कोई भी ऐसा अनुभव, जो आपको खुशी देने के साथ एक अलग दुनिया में ले जाए और मन में सुकून छोड़ जाए, मनोरंजन है। मेरा मानना है कि सिनेमा और कला बेहद ताकतवर माध्यम हैं।

इनका उद्देश्य केवल दर्शकों का समय बिताना नहीं, बल्कि उन्हें भीतर से बेहतर बनाना भी होना चाहिए। उन्होंने अपने शुरुआती फिल्मी सफर का जिक्र करते हुए बताया कि अभिनय को लेकर उनकी समझ पहली उड़िया फिल्म धारिणी से विकसित हुई। यह फिल्म महिला सशक्तिकरण के विषय पर आधारित थी।

इस फिल्म ने उन्हें अच्छे और सार्थक सिनेमा की ताकत का अहसास कराया। वह कहती हैं, थिएटर और विज्ञापनों में काम करने के दौरान भी यह समझने का मौका मिला कि सिनेमा की दुनिया बॉलीवुड की चमक-दमक तक सीमित नहीं है। इसके बाहर भी संवेदनशील और विचारोत्तेजक कहानियों की बड़ी दुनिया है।

हर फिल्म के साथ खुद को साबित करना पड़ता है

फिल्म इंडस्ट्री में संघर्ष के सवाल पर कीर्ति ने कहा कि यहां हर नई फिल्म के साथ कलाकार को खुद को नए सिरे से साबित करना पड़ता है। यह चुनौती सिर्फ नए कलाकारों के सामने नहीं होती, बल्कि बड़े सितारों को भी इसका सामना करना पड़ता है। गैर-फिल्मी परिवार से आने के कारण मेरे पास इंडस्ट्री में कोई गाडफादर नहीं था। मैंने अपने विश्वास, मेहनत और ईश्वर के आशीर्वाद के दम पर आगे बढ़ने का रास्ता चुना। कीर्ति 'खिचड़ी', 'जल' और 'पिंक' जैसी फिल्मों में काम करने के बाद आए उस दौर को भी याद किया, जब लंबे समय तक उन्हें कोई काम नहीं मिला।

अभिनेत्री के मुताबिक, कलाकार के लिए काम न मिलने का समय बेहद कठिन होता है। उस दौरान सबसे बड़ी चुनौती खुद पर भरोसा बनाए रखना और मानसिक रूप से मजबूत बने रहना है। नए कलाकारों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में धैर्य और काम के प्रति ईमानदारी सबसे बड़ी पूंजी है।

सिद्धांतों के लिए 'ना' कहना सीखें

बातचीत में कीर्ति ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पसंद और सिद्धांतों के लिए 'ना' कहने की अहमियत पर भी बात की। उन्होंने कहा कि हमारे पारिवारिक और सामाजिक संस्कारों में कई बार किसी बात से इनकार करना गलत समझा जाता है, लेकिन जब आप अपने सिद्धांतों और आत्मसम्मान के लिए 'ना' कहना सीख जाते हैं, तभी आपकी असली ताकत सामने आती है।

उन्होंने बताया कि 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' और 'मिशन मंगल' जैसी फिल्मों में अपने किरदारों की मजबूती को लेकर वह सजग रहीं। एक नेवी कमांडर की बेटी और फौजी बहन होने के कारण देशभक्ति उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यही वजह है कि वह पर्दे पर ऐसे किरदार निभाना चाहती हैं, जिनमें दम हो और जो अपनी मौजूदगी से कहानी को मजबूती दें। उनके लिए सिर्फ फिल्म का बड़ा होना मायने नहीं रखता, बल्कि उसमें उनके किरदार की सार्थकता भी महत्वपूर्ण है।

निर्माता बनीं तो बदली सेट की कार्यसंस्कृति

कोविड के दौर में अभिनय से आगे बढ़कर फिल्म निर्माण में कदम रखने को कीर्ति ने अपने सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा फैसला बताया। निर्माता बनने के बाद उन्हें फिल्म निर्माण की उन चुनौतियों को करीब से समझने का अवसर मिला, जो पर्दे पर दिखाई नहीं देतीं। उन्होंने सेट पर काम करने के माहौल और कलाकारों व तकनीकी कर्मचारियों के साथ होने वाले व्यवहार को भी बदलने का प्रयास किया।

कीर्ति ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में आठ घंटे की शिफ्ट की बात तो होती है, लेकिन व्यवहार में कई बार 12 से 14 घंटे तक काम कराया जाता है। उन्होंने अपने प्रोडक्शन में इस पर विशेष ध्यान दिया और सेट पर कभी 12 घंटे से अधिक शूटिंग नहीं होने दी।

बराबरी और सम्मान से बनता है बेहतर माहौल

अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए कीर्ति ने बताया कि वह गांव के खेत-खलिहानों के बीच पली-बढ़ी हैं। इसलिए फिल्म सेट पर काम करने वाले लोगों के बीच ऊंच-नीच और भेदभाव उन्हें हमेशा खटकता रहा है। किसी भी कार्यस्थल पर व्यक्ति की भूमिका के आधार पर उसका सम्मान कम या ज्यादा नहीं होना चाहिए।

मेरा मानना है कि फिल्म निर्माण में कैमरे के सामने मौजूद कलाकार से लेकर पर्दे के पीछे काम करने वाले टेक्नीशियन तक सभी का योगदान बराबर है। संवाद के दौरान उन्होंने अपनी फिल्म 'किनारे' की कहानी का एक अंश भी साझा किया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके लिए सशक्तिकरण का अर्थ केवल आर्थिक स्वतंत्रता या बड़े पद तक पहुंचना नहीं है, बल्कि अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेना और उन पर मजबूती से कायम रहना है।

यह भी पढ़ें- जागरण संवादी में लेखकों ने बताया सफलता का मंत्र- छपना अंतिम विषय लिखना पहला

यह भी पढ़ें- रील ने बढ़ाई पत्रकारिता की रफ्तार और चुनौतियां, जागरण संवादी में चित्रा बोलीं- जिम्मेदारी व जवाबदेही का अभाव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।