विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जागरण संवादी में लेखकों ने बताया सफलता का मंत्र- छपना अंतिम विषय लिखना पहला

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:51 PM (IST)

जागरण संवादी में लेखकों ने लेखन के अनुभवों को साझा किया, जोर दिया कि अच्छी कहानी लिखना और पाठकों से जुड़ना बेस्टसेलर बनने से अधिक महत्वपूर्ण है।  

संवादी के पहले सत्र युवा लेखन के सपने में चर्चा करते लेखक मनोज राजन त्रिपाठी साथ में (दाएं से) लेखक भगवंत अनमोल, उपन्यासकार सत्या व्यास व दैनिक जागरण के अनुपम त्रिपाठी। जागरण

संवादी के पहले सत्र युवा लेखन के सपने में चर्चा करते लेखक मनोज राजन त्रिपाठी साथ में (दाएं से) लेखक भगवंत अनमोल, उपन्यासकार सत्या व्यास व दैनिक जागरण के अनुपम त्रिपाठी। जागरण

HighLights

  1. बेहतर लेखन और पाठकों से जुड़ाव बेस्टसेलर बनने की कुंजी।

  2. लेखक सत्या व्यास, मनोज त्रिपाठी, भगवंत अनमोल ने अनुभव बांटे।

  3. कहानी में नवीनता, धैर्य और प्रचार के नए माध्यम जरूरी।

महेन्द्र पाण्डेय, लखनऊ। किसी किताब का बेस्टसेलर बनना लेखक का सपना हो सकता है, लेकिन उस लक्ष्य तक पहुंचने का रास्ता बेहतर लेखन और पाठकों से जुड़ाव से होकर गुजरता है। किताब लिखने से लेकर उसे पाठकों तक पहुंचाने और लोकप्रिय बनाने तक लेखक को कई भूमिकाएं निभानी पड़ती हैं। इसके लिए कहानी में नवीनता, लेखन में धैर्य और प्रचार के लिए नए माध्यमों का इस्तेमाल जरूरी है।

संवाद 'युवा लेखन के सपने' पर हुआ तो लेखकों ने लेखन के अनुभवों से आगे बढ़ते हुए अपनी ख्वाहिशें भी व्यक्त कीं। चर्चा में यह बात स्पष्ट हुई कि बेस्टसेलर बनने से पहले जरूरी है बेहतर कहानी लिखना। छपना हमेशा अंतिम विषय होता है, जबकि लिखना पहला। बेस्टसेलर बनना बाद की बात है।

संवादी के दूसरे एवं अंतिम दिन के पहले सत्र मंच पर जागरण बेस्टसेलर लेखक सत्या व्यास, जागरण बेस्टसेलर लेखक मनोज राजन त्रिपाठी और उपन्यासकार भगवंत अनमोल साथ बैठे। संचालक अनुपम त्रिपाठी ने पूछा- 'आप लेखकों को ऐसी कौन सी सलाह देंगे कि उनकी पुस्तक बेस्टसेलर हो जाए?' सत्या व्यास ने कहा, 'इस सवाल का जवाब जानने से ज्यादा जरूरी है कि लेखक लिखना शुरू करे। जब लोग आपको पढ़ेंगे, तभी आप बेस्टसेलर बनेंगे।'

मनोज ने कहा, 'दुनिया की सबसे बेहतरीन कहानी की शुरुआत भी दो पंक्तियों से होती है- एक था राजा, एक थी रानी, दोनों मर गए, खत्म कहानी। इन दो पंक्तियों के बीच प्रेम, बगावत या किसी भी विषय की कहानी लिखी जा सकती है। महत्वपूर्ण यह है कि लेखक अपने समय, देश और परिस्थितियों को समझे।'

उन्होंने 'देवदास' का उदाहरण देते हुए कहा कि एक ही कहानी को अलग-अलग फिल्मकारों ने अपने अंदाज में प्रस्तुत किया है। आज लेखक को अपनी किताब बेचने के लिए खुद आगे आना पड़ता है। सोशल मीडिया के माध्यम से पाठकों तक पहुंचना और उन्हें किताब पढ़ने के लिए प्रेरित करना जरूरी है।'

मनोज ने रील का दृष्टांत देकर कहा, 'आज पाठक का ध्यान कुछ ही सेकेंड में दूसरी ओर चला जाता है। ऐसे में लेखक को अपनी कहानी इतनी प्रभावी बनानी होगी कि पाठक पन्ना पलटता रहे। बेस्टसेलर बनने की जिम्मेदारी लेखक को खुद उठानी होगी।' भगवंत भी इससे सहमत थे। उन्होंने कहा- 'आज लेखक को तीन काम करने पड़ रहे हैं- लिखना, बेचना और बेस्टसेलर बनना। हालांकि साहित्य की दौड़ में धैर्य सबसे जरूरी है।'

चर्चा गंभीर साहित्य की ओर मुड़ी। प्रश्न गंभीर और लोकप्रिय साहित्य के अंतर पर हुआ। व्यास ने 1940 में बनी फिल्म 'आठ दिन' का उदाहरण दिया। बताया, 'उस दौर में भी लेखक की इच्छा रहती थी कि उसे गंभीर साहित्यकार के रूप में पहचाना जाए। गंभीर साहित्य की भाषा और उसकी पहचान पर बहस करने से ज्यादा जरूरी है कि लेखक अपने समय की जरूरत के अनुसार लिखे।'

मनोज ने अपनी बात को रामचरितमानस से जोड़ते हुए कहा, 'किसी रचना के महान होने का फैसला लेखक पहले से नहीं कर सकता।' उन्होंने युवाओं को सलाह दी- 'वे कहानी को प्रभावी बनाने के लिए किरदारों और दृश्यों पर काम करें। पाठक को कहानी के भीतर बांधने की कोशिश करें। कहानी ऐसी हो कि पाठक उसे पढ़ने के बाद भी उसके बारे में सोचता रहे।'

अनमोल ने दुष्यंत कुमार की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा, 'साहित्य का उद्देश्य केवल हंगामा खड़ा करना नहीं, बल्कि बदलाव की कोशिश करना भी है। आज कुछ लोग मट्ठे से भी घी निकालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन लेखन में गुणवत्ता बनाए रखना जरूरी है।' डिजिटल लोकप्रियता को साहित्यिक सफलता का पैमाना मानने के सवाल पर सत्या ने कहा, 'लेखक का काम केवल वीडियो बनाना या मनोरंजन करना नहीं है।'

मनोज ने दैनिक जागरण का जिक्र करते हुए कहा, 'जब बड़े अखबार और संस्थान प्रचार के लिए हर माध्यम का इस्तेमाल करते हैं, तो लेखक को भी माध्यमों का उपयोग करना चाहिए।' उन्होंने युवाओं को अयोध्या मंदिर-मस्जिद विवाद का उदाहरण देते हुए सचेत किया- 'धर्म और राजनीति के विवादों में उलझने के बजाय लेखन पर ध्यान दें। देश हिंदू और मुसलमान दोनों का है।'

पहचान और समझ के आधार पर बढ़ना होगा आगे

श्रोताओं की दीर्घा से दैनिक जागरण के फीचर संपादक अनंत विजय ने संवाद को विषय की ओर मोड़ा। पूछा, 'आपके लेखन के सपने क्या हैं?' व्यास ने कहा, 'मैं पाठकों को हर बार कुछ नया देना चाहता हूं।' त्रिपाठी ने बताया, 'धर्म और अध्यात्म से जुड़ी एक नई किताब लिख रहा हूं।' अनमोल ने सपने की बजाए, मूल्यों की बात की। कहा, '2014 के बाद और विशेष रूप से चैटजीपीटी आने के बाद ज्ञान का मूल्य बदल रहा है। आने वाले समय में व्यक्ति को अपनी पहचान और समझ के आधार पर आगे बढ़ना होगा।'

यह भी पढ़ें- रील ने बढ़ाई पत्रकारिता की रफ्तार और चुनौतियां, जागरण संवादी में चित्रा बोलीं- जिम्मेदारी व जवाबदेही का अभाव

यह भी पढ़ें- जागरण संवादी में सलमान को देखने उमड़ा लखनऊ, छतों से सभागार तक युवाओं का हुजूम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।