रील ने बढ़ाई पत्रकारिता की रफ्तार और चुनौतियां, जागरण संवादी में चित्रा बोलीं- जिम्मेदारी व जवाबदेही का अभाव
संवादी मंच पर 'रीलबाजी बनाम पत्रकारिता' विषय पर चर्चा हुई, जिसमें वक्ताओं ने रील द्वारा पत्रकारिता की रफ्तार बढ़ाने के साथ विश्वसनीयता और जवाबदेही के संकट पर मंथन किया।

संवादी के दूसरे सत्र पत्रकारिता और रीलबाजी में चर्चा करतीं वरिष्ठ पत्रकार चित्रा त्रिपाठी साथ में (दाएं से) दैनिक जागरण उत्तर प्रदेश के उप राज्य संपादक मनीष तिवारी व राजनीतिक विश्लेषक शहजाद पूनावाला। जागरण
HighLights
रील ने पत्रकारिता की रफ्तार बढ़ाई, चुनौतियां भी खड़ी कीं।
विश्वसनीयता, जवाबदेही और गुणवत्तापूर्ण सामग्री की आवश्यकता पर जोर।
फेक कंटेंट व एकपक्षीयता रीलबाजी के प्रमुख खतरे।
रवि तिवारी, लखनऊ। जमाना बदला है और पत्रकारिता का तौर-तरीका भी। रीलबाजी ने आज पत्रकारिता की रफ्तार बढ़ाने के साथ ही स्वयं को और संवर्धित करने की चुनौती दी है। इसके सामने और बेहतर होने तथा लेखन से लेकर प्रस्तुतिकरण तक में ताजगी व स्फूर्ति लाने का चैलेंज है।
रीलबाजी के समक्ष आज विश्वसनीयता का संकट है, लेकिन जिम्मेदारी और जवाबदेही के मानक पर स्वयं को कसकर यह पत्रकारिता के सामने और मजबूती से खड़ी हो सकती है। पत्रकारिता के मूल मानक सत्यता, परिपक्वता, गंभीरता, जिम्मेदारी और जवाबदेही आज भी स्थापित हैं। जब कोई भी सूचना इन सिद्धांतों से संस्कारित होकर आमजन तक पहुंचती है, तो वह विश्वसनीयता स्थापित करती है, लेकिन रीलबाजी में इसका अभाव दिखता है।
एकपक्षीय होना और झूठ का प्रसारण जैसे अहम विषय हैं, जिनकी वजह से आज संसद से सुप्रीम कोर्ट तक में इस पर चर्चा हो रही है तथा नियम-नीति पर वाद-विवाद चल रहा है। 'संवादी' के मंच पर शनिवार को मालवीय सभागार में 'रीलबाजी बनाम पत्रकारिता' विषय पर मंथन के दौरान सभी वक्ताओं ने माना कि आज रीलबाजी ने पत्रकारिता को चुनौती दी है और दबाव बनाया है। इसलिए पत्रकारिता को भी गुणवत्तापूर्ण कंटेंट की चिंता करनी होगी तथा खबरों के लेखन से लेकर प्रस्तुति के तरीके को और सरल व आकर्षक बनाना होगा। एक स्वर में कहा गया कि 'डिग्रीवाला' नहीं, बल्कि 'निष्ठावान' पत्रकार चाहिए।
संचालक की भूमिका में उपस्थित राजनीतिक विश्लेषक और 'राइज एंड फॉल' रियलिटी शो के विजेता शहजाद पूनावाला ने चर्चा को आगे बढ़ाते हुए कहा कि आज सवाल और आगे बढ़कर 'लोकप्रियता बनाम विश्वसनीयता', 'रफ्तार बनाम सत्यता और सत्यापन', 'वायरल होना बनाम सही होना', 'अभिव्यक्ति की आजादी बनाम जवाबदेही', 'टीआरपी और व्यूज बनाम सार्वजनिक महत्व' तथा 'एक क्लिक बनाम पूरा संदर्भ' तक पहुंच गया है। इनका समाधान कैसे ढूंढा जा सकता है?
इस पर वरिष्ठ टीवी पत्रकार चित्रा त्रिपाठी बोलीं कि वह रीलबाजी की विरोधी नहीं हैं, लेकिन इसे जिम्मेदारी और जवाबदेही भी निभानी होगी। सच की तुलना में झूठ बड़ी तेजी से वायरल होता है; यही वजह है कि आज 80 प्रतिशत रीलबाजी गलत है। आज के दौर में खबर-सूचना की पहली गवाही रीलबाज देता है, लेकिन पत्रकारिता तथ्य बताती है, और सत्य ही तथ्य है।
दैनिक जागरण के उप राज्य संपादक मनीष तिवारी ने कहा कि आज संवाद का एक माध्यम रील भी है, जिसे हम नकार नहीं सकते। इसमें तीव्रता के साथ सत्यता और गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता की संभावना भी है। आज रील ने 'रियल जर्नलिज्म' के लिए चुनौती खड़ी कर दी है।
यह चुनौती गुणवत्तापूर्ण कंटेंट की, साधारण से विशेष बनने-बनाने की और पाठक तक खबर पहुंचाने की रफ्तार बढ़ाने से लेकर 'स्टोरी सुनाने' की कला सीखने तक की है। कथ्य के साथ तथ्य की विश्वसनीयता पाकर जिस दिन इसने यह चुनौती पाट दी, यह पत्रकारिता के समान और मजबूती से खड़ी हो जाएगी।
शहजाद ने फिर सवाल उठाया कि पत्रकारिता पेशा है या पद्धति? इसके जवाब में चित्रा ने कहा कि पत्रकारिता की जवाबदेही होती है। गलत सूचना या समाचार के प्रसारण पर संस्थान और समाज दोनों 'ऑफ एयर' करने से लेकर ट्रोलिंग तक के जरिए दंडित करते हैं। आज रील के जरिए व्यूज बढ़ाने की होड़ लगी हुई है।
कम समय में अधिक प्रसिद्धि और पैसे की चाह सही-गलत के अंतर को भी धुंधला कर रही है, वहीं पत्रकारिता में जिम्मेदारी और जवाबदेही निहित है। उन्होंने हाल ही में अनंत सिंह के साथ उनके डांस करते हुए 11 एआई (AI) वीडियो बनाकर प्रसारित किए जाने का उदाहरण देते हुए कहा कि फेक कंटेंट बनाकर छवि खराब करने वालों पर लगाम लगाने की जरूरत है।
मनीष तिवारी ने कहा कि छोटे फॉर्मेट और सरलता के चक्कर में रीलबाजी में एकपक्षीयता का खतरा है। रील निर्माता जितनी जल्दी इसका समाधान ढूंढ लेंगे और पत्रकारिता के सिद्धांत समझ लेंगे, उतने ही अधिक प्रभावी होकर बड़ी चुनौती बन जाएंगे।
आज इनके पास अपने दर्शकों की पसंद पहचानने का टूल है, लेकिन न्यूजरूम के संपादक के पास इसे समझ पाने का कोई स्थापित टूल नहीं है यह किसी चुनौती से कम नहीं है। मेनस्ट्रीम मीडिया इस माध्यम को खारिज न करे। आज इसके सामने वही चुनौती है, जो कभी क्रिकेट के टेस्ट फॉर्मेट के सामने थी; क्रिकेट ने नए फॉर्मेट गढ़े और दर्शकों को जोड़े रखा।
बातचीत के क्रम में जब यह पक्ष आया कि आज पत्रकारिता पर भी व्यूअरशिप और वायरल होने का दबाव है, तो इस पर शहजाद पूनावाला ने सवाल उछाला कि क्या सच में वायरल होने की गुंजाइश न हो, तो पत्रकारिता सच को नहीं दिखाएगी?
जवाब में मनीष तिवारी बोले कि लोकप्रियता, व्यूअरशिप और वायरल होना जरूरी हैं, लेकिन पत्रकारिता विचारधारा, सरोकार और मिशन से चलती है। अगर ऐसी समस्या खड़ी होती है, तो हम उस मुद्दे को बहस में लाकर और चर्चा कराकर जनता की आवाज बनाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारिता कभी निष्पक्ष नहीं होती, बल्कि 'सपक्ष' होती है।
उन्होंने कई मुद्दे और विषय गिनाए, जिन पर पत्रकारिता एक पक्ष के साथ खड़ी होती है। चित्रा बोलीं कि जो लोग देखते हैं, वह दिखाना हमारी मजबूरी और पेशे की अनिवार्यता है, लेकिन सच सर्वोपरि है सच ही हमारी थाती है। उन्होंने यह कहते हुए चर्चा का समापन किया-
"तकाजा है वक्त का कि तूफान से जूझें, कहां तक चलेंगे किनारे-किनारे...
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।