प्रापर्टी डीलर का अपहरण कर मांगी पांच लाख की फिरौती, लखनऊ में पुलिस ने तीन को दबोचा
करीब तीन घंटे बाद देर शाम मंडी परिषद के पास से फार्च्यूनर सवारों को पुलिस ने धर दबोचा। अपहर्ताओं के चंगुल से प्रापर्टी डीलर को बरामद कर लिया। इसके साथ ही तीन को गिरफ्तार किया गया। उनका एक साथी भाग निकला।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। सदर तहसील पावर हाउस के पास से असलहों से लैस फार्च्यूनर सवारों ने शुक्रवार दोपहर बाद प्रापर्टी डीलर मो. हसीन का अपहरण कर लिया। बदमाशों ने उनकी पत्नी सहना के मोबाइल पर फोन कर पांच लाख की फिरौती भी मांगी। पत्नी की सूचना पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ली।गोमतीनगर विस्तार इंस्पेक्टर राजेश कुमार द्विवेदी ने टीम के साथ मंडी परिषद के पास से तीन घंटे में तीन अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर उनके चंगुल से मो. हसीन को मुक्त करा लिया। पुलिस ने अपहर्ताओं के पास से दो असलहे भी बरामद किए हैं।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रापर्टी डीलर मो. हसीन मलेशेमऊ के रहने वाले हैं। उनकी पत्नी सहाना ने शुक्रवार को करीब चार बजे शाम पुलिस को सूचना दी कि उनके पति का सदर तहसील के पास से अपहरण हो गया है। अपहर्ताओं ने पांच लाख की फिरौती मांगी है। सूचना मिलते ही आलाधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। चार पुलिस टीम तैयार की गई और पूरे इलाके में दबिश शुरू की गई। सर्विलांस की टीम लोकेेशन के लिए लगाई गई। पूरे पूर्वी जोन को अलर्ट कर दिया गया। इस बीच करीब तीन घंटे बाद देर शाम मंडी परिषद के पास से फार्च्यूनर सवारों को पुलिस ने धर दबोचा। अपहर्ताओं के चंगुल से प्रापर्टी डीलर को बरामद कर लिया। इसके साथ ही तीन को गिरफ्तार किया गया। उनका एक साथी भाग निकला। जिसकी तलाश की जा रही है। कार से दो असलहे भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों मेंं मटियारी निवासी अभय कुमार श्रीवास्तव, राम मिलन और विभूतिखंड हुसैनपुरवा निवासी विरेंद्र यादव है। वहीं, आरोपित बलवीर सिंह निवासी कानपुर देहात की तलाश में दबिश दी जा रही है। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों में प्रापर्टी और रुपयों को लेकर विवाद है। उसी के चलते मो. हसीन का अपहरण हुआ था। फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।