केशव मौर्य का सपा पर हमला, बोले - पिछड़ों को गुमराह करती है सपा, भाजपा को चुनें
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के जन्मदिन पर आयोजित संकल्प दिवस समारोह में सपा पर पिछड़ों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

HighLights
उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने सपा पर पिछड़ों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
भाजपा ने दारा सिंह चौहान के जन्मदिन पर पिछड़ा वर्ग को साधा।
कार्यकर्ताओं से घर-घर जनसंपर्क कर भाजपा सरकार बनाने का आह्वान।
राज्य ब्यूराे, लखनऊ। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के जन्म दिवस पर आयोजित संकल्प दिवस समारोह में भाजपा ने लोनिया चौहान समाज के साथ पूरे पिछड़े वर्ग को साधने की कोशिश की।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित विपक्षी दलों ने जनता को भ्रमित किया था कि यदि भाजपा सत्ता में आएगी तो संविधान समाप्त कर देगी, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ और देश का संविधान पूरी मजबूती के साथ लागू है। आज विपक्ष की नकारात्मक राजनीति और भ्रामक प्रचार को देश की जनता ने नकार दिया है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा पर परिवारवाद को लेकर हमला बोला।
शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित संकल्प दिवस समारोह में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद विपक्ष का झूठ सामने आ गया और हरियाणा, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम आदि राज्यों में भाजपा की सरकार बनी। सभी वर्ग कांग्रेस और सपा की राजनीति व दुष्प्रचार को समझ चुके हैं।
जनता अब विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं व समर्थकों का आह्वान करते हुए कहा कि चुनाव में छह माह का समय है। सभी घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाए और प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प लेकर कार्य करें। भाजपा की सरकार बनवाएं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा और बसपा चुनाव के समय पिछड़ों की बात करती हैं, जब सरकार बन जाती है तो पद देने का काम एक विशेष वर्ग या परिवार के लिए करते हैं। भाजपा में जिस तरह मैं अध्यक्ष बनते हैं, क्या सपा, कांग्रेस, बसपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष उस तरह बन सकता है। सपा में मंत्रिमंडल से लेकर पुलिस भर्ती तक एक ही वर्ग को प्रमुखता मिलती थी।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा की सरकार बनवाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि आपका वोट ही तय करेगा कि अगली सरकार किसकी बनेगी। सपा कभी पिछड़ों की सगी नहीं रही, उसके कार्यकर्ता समाज पर अत्याचार-गुंडई करते थे।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सपा के पीडीए का मतलब है पीट देगा अहीर। उन्होंने देवरिया, प्रयागराज, आजमगढ़ और गाजीपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए समाज के लोगों से एनडीए की सरकार बनाने का आह्वान किया।
दारा सिंह चाैहान ने अगले संकल्प दिवस पर सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा की और कहा कि समाज विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित चौहान समाज के लक्ष्य के लिए अपने-अपने बूथों पर मजबूती से कार्य करे। इस दौरान पूर्व न्यायाधीश एपी चौहान,उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी आदि उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।