'एक देश-एक चुनाव' का डिप्टी CM ने किया समर्थन, केशव मौर्य बोले- कांग्रेस की वजह से देश में हो रहे अलग-अलग चुनाव
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 'एक देश-एक चुनाव' का समर्थन करते हुए कांग्रेस की नीतियों को अलग-अलग चुनाव का कारण बताया। उन्होंने कहा कि इससे विकास कार्यों पर खर्च होने वाला पैसा चुनावों में व्यर्थ होता है, जबकि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी इसके पक्ष में तर्क दिए।

HighLights
केशव मौर्य ने 'एक देश-एक चुनाव' का किया समर्थन।
कांग्रेस की नीतियों को बताया अलग-अलग चुनाव का कारण।
समय, धन, प्रशासनिक संसाधनों की बचत होगी एक साथ चुनाव से।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ''एक देश-एक चुनाव'' के प्रस्ताव पर गठित संयुक्त संसदीय समिति के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जब देश आजाद हुआ, तब लोक सभा और विधान सभा के चुनाव एक साथ होते थे, लेकिन कांग्रेस की संविधान विरोधी नीतियाें के कारण उसने कई सरकारों को समय से पहले बर्खास्त किया।
इस कारण चुनाव अलग-अलग समय पर होना शुरू हुआ और सरकारी खजाने से बेतहाशा पैसा जो विकास कार्य, गरीब व किसान के लिए खर्च होना चाहिए वो पैसा चुनावों में खर्च होने लगा। इस कारण देश की प्रगति प्रभावित हुई। हम ''एक देश-एक चुनाव'' का समर्थन करते हैं।
प्रशासनिक संसाधनों की होगी बचत
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने समिति के समक्ष प्रदेश सरकार की ओर से इस व्यवस्था के पक्ष में विस्तृत एवं ठोस तर्क प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव होने से समय, धन एवं प्रशासनिक संसाधनों की बचत होगी।
चुनावी प्रक्रिया में लगने वाले मानव संसाधनों का अधिक प्रभावी एवं उत्पादक कार्यों में उपयोग किया जा सकेगा, जिससे शासन-प्रशासन की कार्यक्षमता और विकास कार्यों की गति दोनों को बल मिलेगा। बार-बार लागू होने वाली आदर्श आचार संहिता के कारण विकास परियोजनाओं एवं प्रशासनिक निर्णयों पर पड़ने वाले प्रभाव में भी कमी आएगी।
विस अध्यक्ष और विप सभापति ने भी रखे अपने विचार
विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने समिति के समक्ष कहा कि “पूरे देश में एक राष्ट्र और एक चुनाव की भावना लंबे समय से रही है। एक देश, एक चुनाव केवल नेताओं के लिए नहीं बल्कि जनता के लिए भी सुविधाजनक होगा। बार-बार चुनाव होने से जनता और जनप्रतिनिधि दोनों प्रभावित होते हैं।
चुनाव प्रक्रिया में सभी की भूमिका और इच्छा महत्वपूर्ण होती है, लेकिन यदि चुनाव एक साथ नहीं होते हैं तो बार-बार चुनावी गतिविधियों का प्रभाव शासन व्यवस्था पर भी पड़ता है।” एक साथ चुनाव होने से इन संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा और विकास योजनाओं की गति भी बनी रहेगी। विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि बार-बार आचार संहिता लगने से विकास कार्य रुक जाते हैं।
एक स्थिर चुनावी चक्र से जिला प्रशासन, नगर निकाय, ग्राम पंचायतें एवं विकास प्राधिकरण आपसी समन्वय से योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू कर सकेंगे। बार-बार चुनाव होने से सरकार एवं प्रशासन का अधिकांश समय तैयारियों में व्यतीत होता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।