Updated: Sat, 26 Jul 2025 09:46 PM (IST)
कारगिल विजय दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की सुरक्षा और एकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटने वालों से सतर्क रहें। शहीदों की याद में हर जिले में स्मारक बनेंगे। पुलवामा के हमले का करारा जवाब दिया गया। एक भारत श्रेष्ठ भारत के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। अग्निवीरों को पुलिस में आरक्षण मिलेगा।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। कारगिल विजय दिवस पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की आंतरिक और वाह्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एकजुट होने का संदेश दिया। किसी राजनीतिक दल का नाम लिए बिना उन्होंने जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने के षड़यंत्र से सतर्क रहने का आह्वान किया।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
साथ ही कहा कि वर्ष 1948, 1965 और 1971 के युद्ध को हम में से बहुत से लोगों ने नहीं देखा। इन युद्धों के बलिदानियों की स्मृतियों से युवा पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए हर जिले में स्मारक बनाए जाएंगे। साथ ही भव्य रूप से सार्वजनिक कार्यक्रम होंगे।
कारगिल स्मृति वाटिका में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान और उसके आतंकवाद ने पुलवामा में 22 निर्दोष यात्रियों को अपना शिकार बनाया। वहीं, भारतीय सेना को पूरे पाकिस्तान को सबक सिखाने में 22 मिनट भी नहीं लगे।
उन्होंने पाकिस्तान के आतंकी कैंप को तहस-नहस कर दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी पुलवामा में दुस्साहस करने वालों को कीमत चुकाने की बात कही थी। भारतीय सेना के साहस और पराक्रम को देखकर पाकिस्तान अमेरिका की शरण में पहुंचा।
भारत एक मोर्चे पर चीन और तुर्किये सहित कई देशों से लड़ रहा था। इसके बावजूद भारतीय सेना के सामने पाकिस्तान की एक नहीं चली। फिर अंत में पाकिस्तान को समर्पण के लिए मजबूर होना पड़ा। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग सत्ता में आने के बाद परिवारवाद के सहारे जातिवाद से सामाजिक ताने-बाने को छिन्न भिन्न करने का काम करते हैं।
जब भी हम ऐसी प्रवृत्ति के लोगों के चंगुल में फंसते हैं, हमें बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है। हमारे पास योद्धाओं, वैभव और बुद्धि की कमी नहीं है, लेकिन उस दौरान कुछ लोगों ने अपने हित के लिए देश को बांटने का काम किया, जिससे देश गुलाम हुआ।
आज भी कुछ राजनीतिक दल बांटने का काम कर रहे हैं। उस दौरान भी विभाजन हमारी कमजोरी था। फिर से हमें विभाजन से बचने की आवश्यकता है। हमें एक भारत श्रेष्ठ भारत को समर्थ और सशक्त बनाने के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। आज का दिन भारत के महान वीर सपूतों को याद करने का दिन है।
इस दिन भारत ने आपरेशन विजय को पूर्ण करते हुए पाकिस्तान को धूल चटाकर दुनिया को हैरान कर दिया था। सरकार ने तय किया है कि अग्निवीर के रूप में जो जवान देश की सेनाओं में योगदान दे रहे हैं, उन्हे उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 20 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था की गई है ।
मुख्यमंत्री ने बलिदानियों के परिवारीजन को सम्मानित किया। साथ ही बलिदानियों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, विधायक नीरज बोरा, बलिदानी परमवीर चक्र विजेता बलिदानी कैप्टन मनोज पांडेय, लांसनायक केवलानंद द्विवेदी और राइफलमैन सुनील जंग और मेजर रितेश शर्मा के परिजन भी उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।