Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    मिशन 2024 का शंखनाद गाजीपुर से करेंगे जेपी नड्डा, BJP मुखिया के तौर पर हूंकार भर दूसरी पारी की करेंगे शुरुआत

    By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
    Updated: Mon, 16 Jan 2023 10:03 AM (IST)

    पिछले लोकसभा चुनाव में 14 हारी लोक सभा सीटों में से एक है गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी यहां से आक्रामक अभियान को धार देगी। जगत प्रकाश नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर 20 जनवरी को हुंकार भर कर दूसरी पारी की शुरुआत करेंगे।

    Hero Image
    भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा। (फाइल फोटो)

    लखनऊ, राज्य ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा अपनी दूसरी पारी के साथ भाजपा के मिशन-2024 का शंखनाद प्रदेश के गाजीपुर से करेंगे। नड्डा 20 जनवरी को लोक सभा चुनाव 2024 के लिए गाजीपुर से भाजपा के अभियान की शुरुआत करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    20 जनवरी 2020 को नड्डा ने BJP के मुखिया की संभाली थी कमान

    नड्डा ने 20 जनवरी, 2020 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर उनका तीन वर्ष का कार्यकाल इसी वर्ष 20 जनवरी को पूरा होगा। इससे पहले 16 व 17 जनवरी को नई दिल्ली में होने वाली भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उनका दोबारा राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया जाना तय है। भाजपा के सांगठनिक मुखिया के तौर पर वह अपनी दूसरी पारी की शुरुआत गाजीपुर में हुंकार भर कर करेंगे।

    हारी हुई 14 सीटों पर पार्टी ने किया है फोकस

    भाजपा ने 2024 के आम चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोक सभा सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को साधने के लिए पार्टी ने खासतौर पर प्रदेश में उन 14 सीटों पर फोकस किया है, जिन पर अभी उसका या उसके सहयोगी दलों का कब्जा नहीं है। गाजीपुर इन 14 लोकसभा सीटों में से एक है।

    विधानसभा चुनाव में भी नहीं मिली थी सफलता

    भाजपा न सिर्फ 2019 के लोकसभा चुनाव में गाजीपुर सीट पर हारी थी बल्कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उसका सफाया करते हुए सपा-सुभासपा गठबंधन ने जिले की सातों सीटें जीती थीं। विधानसभा चुनाव के बाद अब सपा और सुभासपा की राहें जुदा हो गई हैं। यूं तो नड्डा का गाजीपुर दौरा हारी लोकसभा सीटों पर भाजपा के प्रवास कार्यक्रम के अंतर्गत है, लेकिन लोकसभा चुनाव के शंखनाद के लिए इस जिले को चुनने की एक और वजह भी है। गाजीपुर सीट पर बसपा के अफजाल अंसारी ने जीत दर्ज की थी। अफजाल जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी के बड़े भाई हैं।

    इस वजह से गाजीपुर से चुनावी बिगुल फूंक रही भाजपा

    लोकसभा चुनाव में योगी राज की कानून-व्यवस्था भी कसौटी पर होगी। इसी कारण गाजीपुर से चुनावी बिगुल फूंक कर भाजपा आक्रामक अभियान को और धार देगी। गाजीपुर सीट के साथ ही पिछले लोक सभा चुनाव में भाजपा आसपास की घोसी, लालगंज और जौनपुर सीटें भी हारी थी। गाजीपुर से नड्डा की हुंकार इन हारी हुई सीटों तक भी पहुंचेगी।

    BJP के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे नड्डा

    गाजीपुर में नड्डा जनसभा को संबोधित करेंगे। वह भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे। वह समाज के किसी एक वर्ग के साथ बैठक भी करेंगे। चूंकि बड़ी संख्या में गाजीपुर के निवासी सेना में हैं, इसलिए संभावना जतायी जा रही है कि नड्डा सैनिकों के साथ संवाद कर उन्हें सम्मानित भी कर सकते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी गाजीपुर जाकर नड्डा के कार्यक्रम के मद्देनजर तैयारियों के लिए दिशानिर्देश दे चुके हैं।