जागरण संवादी में हुनर को मिला मंच, संवादी में निखरी प्रतिभा, दर्शकों पर चला हुनर का जादू
जागरण संवादी कार्यक्रम ने साहित्य, कला और विचारों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच प्रदान किया। इस आयोजन में चित्रकारों, हस्तनिर्मित उत्पाद विक्रेताओं और गीतकारों ने अपने हुनर का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

जागरण संवादी में सेल्फी लेती केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की वर्षा साथ में काजल अनामिका और नंदनी। जागरण
HighLights
संवादी ने स्थानीय कला, शिल्प और संगीत प्रतिभाओं को मंच दिया।
चित्रकार कार्तिक शर्मा ने दो दिनों में 300 से अधिक चित्र बनाए।
हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टालों को संवादी से मिली नई पहचान।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। जागरण संवादी कार्यक्रम में साहित्य, कला और विचारों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं के हुनर को भी एक बड़ा मंच मिला। यहां किसी ने अपनी चित्रकारी से लोगों का दिल जीता तो किसी के हाथों से बने खूबसूरत उत्पादों ने दर्शकों को आकर्षित किया। वहीं, ओपन माइक पर स्थानीय गीतकारों ने अपनी मधुर आवाज से समां बांधा।
ओपन माइक भी प्रतिभाओं के लिए खास आकर्षण रहा। यहां स्थानीय गीतकारों और संगीत प्रेमियों ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। किसी ने सुरीले गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया तो किसी ने अपनी प्रस्तुति से तालियां बटोरीं। दर्शक भी इन प्रस्तुतियों का आनंद लेते नजर आए।
इस तरह संवादी में बड़े मंच की चर्चाओं के साथ छोटे-छोटे हुनर को भी अपनी चमक बिखेरने का मौका मिला। विभिन्न थीम पर बने सेल्फी प्वांइट दर्शकों लिए खास आकर्षण रहा। हर तरफ युवा सेल्फी लेते और पलों को अपने कैमरे में कैद करते नजर आए। चेहरों की चमक और खिलखिलाहट बता रही थी कि संवादी युवाओं के लिए बहुत खास रहा।
300 से अधिक चेहरों को तस्वीरों में उतारा
चित्रकार कार्तिक शर्मा ने दो दिनों में 300 से अधिक लोगों के चित्र बनाए। उनकी कला देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटती रही। लोगों ने चित्रकारी के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। इस तरह संवादी में उनकी कला को खूब सराहना मिली और उन्हें नए दर्शकों तक पहुंचने का अवसर भी मिला।
संवादी से मिली हस्तनिर्मित उत्पादों को नई पहचान
स्टाल संचालक स्मिता सोनी पिछले तीन वर्षों से संवादी में अपने हस्तनिर्मित गहने, पर्स और अन्य उत्पादों का स्टाल लगा रही हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार यहां स्टाल लगाने के बाद उन्हें दूसरे आयोजनों से भी प्रस्ताव मिलने लगे। इस बार दो दिनों में 400 से अधिक लोगों ने उनके स्टाल से खरीदारी की। उनके लिए संवादी सिर्फ बिक्री का मंच नहीं, बल्कि अपने हुनर को पहचान दिलाने का माध्यम भी बना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।