विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'वामपंथियों ने 'पवित्र झूठ' के सहारे रचा इतिहास, तथ्यों को छिपाकर गढ़ा नैरेटिव', जागरण संवादी में विशेषज्ञों ने खोले राज

By Bhaskar SinghEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Sat, 28 Nov 2026 09:40 PM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2026 09:47 PM (IST)

लखनऊ विश्वविद्यालय में विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे वामपंथी इतिहासकारों ने 'पवित्र झूठ' और तथ्यों को छिपाकर इतिहास को विकृत किया। उन्होंने राम मंदिर विवाद और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में वामपंथी हस्तक्षेप के प्रमाण प्रस्तुत किए।

संवादी के तीसरे सत्र इतिहास का लाल रंग में चर्चा करते इतिहासकार अरविंद सिंह साथ में (दाएं से) इतिहासकार शान कश्यप और दैनिक जागरण के अनंत विजय। जागरण

संवादी के तीसरे सत्र इतिहास का लाल रंग में चर्चा करते इतिहासकार अरविंद सिंह साथ में (दाएं से) इतिहासकार शान कश्यप और दैनिक जागरण के अनंत विजय। जागरण 

HighLights

  1. वामपंथी इतिहासकारों ने 'पवित्र झूठ' से इतिहास रचा।

  2. राम मंदिर के ऐतिहासिक साक्ष्यों को विकृत किया गया।

  3. नेहरू ने इतिहास बदलने को वामपंथी समिति बनाई।

भाष्कर सिंह, लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक मालवीय सभागार ने शनिवार को इतिहास को लाल रंग में रंगने के षड्यंत्रों को सुना। किस प्रकार वामपंथी इतिहासकारों ने राजनीतिक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए किताबों के जरिये कैसे गहरा षड्यंत्र रचा। आधा सच बताया गया, कुछ छिपा लिया गया और बाकी में प्रतीत लगने जैसे कथ्य के नाम पर झूठ परोस दिया गया।

राम मंदिर से लेकर इस समय बन रहे इतिहास तक को किस प्रकार लाल रंग से रंगने के कुप्रयास किए जा रहे हैं उसके साक्ष्य इतिहासकर अरविंद सिंह और शान कश्यप ने रखे। कैसे वर्ष 1939 की भारतीय इतिहास कांग्रेस में ईश्वर में विश्वास नहीं करने वाले समाज की रचना का लक्ष्य तय किया गया। वामपंथी इतिहासकारों ने इसके लिए नैरेटिव गढ़ने को भी गलत नहीं माना।

विगत कई वर्षों से इतिहास के भगवाकरण के आरोप सरकार पर लगते रहे हैं, इसी प्रश्न के हर आयाम पर जागरण संवादी में चर्चा हुई। दैनिक जागरण के फीचर संपादक अनंत विजय से संवाद के दौरान 'हू आन द पास्ट' के लेखक शान कश्यप ने बताया कि वामपंथी नोबेल लाइज (पवित्र झूठ) के जरिये सारा इतिहास रच डाला।

वहीं, इंडियाज रोग स्टोरीज के लेखक अरविंद सिंह ने बताया कि 1989 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के 25 इतिहासकारों ने बाबरी मस्जिद एक्शन कमिटी के पक्ष में 'द यूज एंड एब्यूज आफ हिस्ट्री' के नाम से पर्चा लिखा, जब इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इसके लेखक डा. सुबिर से इस लेख का आधार पूछा तो उन्होंने बताया कि अपने एक सहकर्मी से बातचीत व अखबारों में प्रकाशित वामपंथी इतिहासकारों के लेखों के आधार पर लिखा था। इसका कोई प्रमाण नहीं है।

नहीं दिए साक्ष्य

इसी क्रम में अरविंद ने बताया कि राम मंदिर का विवाद तो कभी था ही नहीं। 1856 में निहंगों के खिलाफ रिपोर्ट में फैजाबाद के मुअज्जिन मोहम्मद इस्माइल ने खुद माना था कि अयोध्या के हिंदू यहां पूजा करते थे। मुस्लिम पक्ष ने दावा किया था कि बाबर, अकबर इत्यादि ने मस्जिद को अनुदान दिया था, जब साक्ष्य मांगे गए तो कहा गया इसका कोई साक्ष्य नहीं है।

इसी प्रकार मंदिर स्थल के उत्खनन को लेकर दावे भी वामपंथी इतिहासकारों द्वारा हर बार बदल दिए जाते थे। अंत में 2003 में बीआर मणि ने उत्खनन के जरिये स्थापित किया कि जन्मभूमि में ही राम मंदिर था, जिसे कोर्ट ने माना है।

शान ने बताया कि इतिहासकारों ने अकादमिक मानकों से अलग जाकर एक पक्ष को चुना। वे आज भी प्रतीत होने को लेकर दावे करते हैं। महात्मा गांधी की हत्या के बाद गीता प्रेस की पत्रिका कल्याण में शोक नहीं जताने का झूठ फैलाया गया, तथाकथित रूप से एक शोध किया गया, जबकि 30 जनवरी 1948 के अंक की पत्रिका बाजार में जा चुकी थी, लेकिन अंतिम कुछ कापियों में विशेष पेज लगाकर महात्मा गांधी की हत्या पर शोक जताया गया था। इसके बाद फरवरी के अंक में बकायदा पांच पेजों पर स्मृति शेष के रूप में कल्याण ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुहम्मद हबीब से लेकर इरफान हबीब

जवाहर लाल नेहरू ने 1961 में वामपंथी इतिहासकर मुहम्मद हबीब की अध्यक्षता में कमेटी बनाई, जिसमें एस गोपाल भी शामिल थे। इस समिति ने इतिहास में बदलाव का अधिकार सरकार को दिया। सबसे बड़ा आश्चर्य देखिए मुहम्मद हबीब ने नया इतिहास लिखने का दायित्व अपने ही बेटे इरफान हबीब को दे दिया। यह इरफान हबीब राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को असंवैधानिक करार देते हैं।

युवाओं को कौन बताएगा स्वतंत्रता संघर्ष का सच

एक छात्र ने सीधा सवाल किया कि आज की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संघर्ष का महत्व कौन बताएगा? इस पर शान ने बताया कि प्रयास किए जा रहे हैं, कांग्रेस और वामपंथी सरकारों ने इस मामले में भी कुप्रयास किए। देश में सबसे पहले कोर्स बदला था वामपंथियों ने, केरल में वामपंथी सरकार ने 1957 में छठी से आठवीं कक्षा का कोर्स बदला, जिसमें चीन व रूस की क्रांतियों व वहां के नायकों को पढ़ाया गया, जबकि हमारे नायकों को गायब कर दिया गया।

वहीं, मानसी ने पूछा कि हमारे नायक और खलनायक कौन तय करेंगे, इसका उत्तर देते हुए शान ने कहा कि दुर्भाग्य से सरकारें यह कर रही हैं, जबकि समाज को, क्षेत्र को और देश को नायकों की जरूरत है। इतिहास बनता रहता है, हमें नायकों को पहचानना चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।