जागरण संवादी: अवध की धरा पर और छतनार हुआ सार्थक संवाद का वृक्ष, सात सत्रों में दिखे विचारों के विविध रंग
दैनिक जागरण संवादी के दूसरे दिन लखनऊ विश्वविद्यालय में साहित्य, पत्रकारिता, रामकथा, राजनीति और सिनेमा पर सात सत्रों में गहन चर्चा हुई।

जागरण संवादी में पहुंचे युवा। जागरण
HighLights
लखनऊ विश्वविद्यालय में दैनिक जागरण संवादी का सफल आयोजन।
साहित्य, पत्रकारिता, राजनीति, इतिहास पर गहन चर्चा हुई।
सात सत्रों में विचारों के विविध रंग देखने को मिले।
महेन्द्र पाण्डेय, लखनऊ। साहित्य की कल्पनाशीलता, पत्रकारिता की विश्वसनीयता, रामकथा के समकालीन संदर्भ, राजनीति की चुनौतियां और सिनेमा की विविधता... दैनिक जागरण की ओर से आयोजित संवादी के दूसरे एवं अंतिम दिन लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में शनिवार को विचारों के ऐसे ही विविध रंग दिखे।
सात सत्रों में साहित्यकारों, पत्रकारों, राजनीतिक विश्लेषकों, इतिहासकारों और फिल्मी हस्तियों ने अपने अनुभव साझा किए। युवा लेखन के सपनों और संभावनाओं से शुरू हुआ संवाद राजनीति, इतिहास और सिनेमा के विविध पहलुओं तक पहुंचा। दिनभर के सत्रों में हुई गहन चर्चा से अवध की धरा पर सार्थक संवाद का वृक्ष और छतनार हो गया।
संवादी का पहला सत्र 'युवा लेखन के सपने' युवा रचनाकारों के लिए संभावनाओं और चुनौतियों पर केंद्रित रहा। जागरण बेस्टसेलर लेखक सत्या व्यास, मनोज राजन त्रिपाठी और उपन्यासकार भगवंत अनमोल के साथ अनुपम त्रिपाठी ने युवा लेखन के विभिन्न पहलुओं पर संवाद किया।
चर्चा में यह बात स्पष्ट हुई कि बेस्टसेलर बनने से पहले बेहतर कहानी लिखना जरूरी है। छपना हमेशा अंतिम विषय होता है, जबकि लिखना पहला। बेस्टसेलर बनना बाद की बात होती है।
दूसरे सत्र 'पत्रकारिता और रीलबाजी' में बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारिता की विश्वसनीयता जैसे अहम मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहे। वरिष्ठ पत्रकार चित्रा त्रिपाठी, दैनिक जागरण के उप राज्य संपादक मनीष तिवारी और राजनीतिक विश्लेषक शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता की भूमिका पर संवाद किया।
सार यह रहा कि जमाना ही नहीं पत्रकारिता का तौर तरीका भी बदला है। रीलबाजी ने आज पत्रकारिता को चुनौती देकर स्वयं को और संवर्धित करने की चुनौती दी है। हमें और बेहतर होने, लेखन से प्रस्तुतिकरण तक में ताजगी लाने की चुनौती दी है। तीसरे सत्र 'साहित्य में रामकथा' में रामकथा के साहित्यिक और समकालीन संदर्भों पर विमर्श हुआ।
कवि एवं लेखक यतीन्द्र मिश्र और लेखक आनंद नीलकंठन ने दैनिक जागरण के राज्य संपादक (उत्तर प्रदेश) आशुतोष शुक्ल के साथ संवाद में रामकथा की साहित्यिक विविधता और उसके वर्तमान संदर्भों पर विचार साझा किए तो अयोध्या जी जनमानस में राम के प्रति शुद्ध अंत:करण से श्री विभूषित हुईं। यह बात भी उभरी कि रामायण उत्तर से लेकर दक्षिण तक एकसमान लोकप्रिय है।
चौथे सत्र 'मिशन मनोरंजन' में अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी से दैनिक जागरण की स्मिता श्रीवास्तव ने मनोरंजन जगत के विभिन्न पहलुओं पर बात की। इस दिलचस्प चर्चा में अभिनय, सिनेमा और मनोरंजन की दुनिया से जुड़े अनुभवों के जरिये दर्शकों को फिल्मी दुनिया के रचनात्मक पक्ष से परिचित होने का अवसर मिला।
कुल्हारी ने कहा, सिनेमा परदे पर उतरकर, 'मन की परतें' खोलता है, लेकिन मनोरंजन ऐसा होना चाहिए जो भीतर सुकून दे। पांचवें सत्र 'राजनीति का उत्तम प्रदेश' में प्रदेश की राजनीति, विकास और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा हुई। भाजपा के प्रवक्ता मनीष शुक्ला, कांग्रेस के प्रवक्ता अभय कुमार दुबे, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता दीपक रंजन और एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के साथ सत्र के सूत्रधार दैनिक जागरण के उप राजनीतिक संपादक अजय जायसवाल ने प्रदेश की राजनीति और विकास के मुद्दों पर बातें कीं।
आरोप-प्रत्यारोप से भरे इस सत्र में राजनीतिक बयानबाजी पर भी प्रश्न उठे तो प्रदेश के विकास की संकल्पना सभी के बयानों में दिखी। छठे सत्र 'इतिहास का लाल रंग' में इतिहास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। इतिहासकार अरविंद सिंह और इतिहासकार शान कश्यप ने दैनिक जागरण के फीचर संपादक अनंत विजय के साथ इतिहास को लाल रंग में रंगने के षड्यंत्रों को उजागर किया।
बताया, 'वामपंथी इतिहासकारों ने राजनीतिक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए किताबों के जरिये गहरा षड्यंत्र रचा। आधा सच बताया, कुछ छिपा लिया और बाकी में प्रतीत लगने जैसे कथ्य के नाम पर झूठ परोस दिया। राम मंदिर से लेकर इस समय बन रहे इतिहास तक को लाल रंग से रंगने के कुप्रयास किए जा रहे हैं।' गहन चर्चा का पड़ाव सातवें एवं अंतिम सत्र 'विविधरंगी अभिनेता' के रूप में आया।
अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने दैनिक जागरण के प्रशांत कश्यप के साथ सिनेमाई दुनिया में अपने संघर्ष, अध्यात्म, लेखन और अभिनय के कई अनकहे किस्से साझा किए। फिल्म छावा की यादों से लेकर रश्मिरथी की बातों तक विनीत ने प्रतिपल श्रोताओं को आनंदित किया।
छावा में कवि कलश की भूमिका निभाते हुए उन्होंने जिस तरह गीतों से प्रभावित किया था, वैसा ही प्रभाव मंच से छोड़ा। लोगों को लगा जैसे मालवीय सभागार में नहीं थिएटर में बैठे हों। सात सत्रों में विविध विषयों पर संवाद ने 'संवादी' को विचारों और अनुभवों का साझा मंच बनाया। 'संवादी' ने इस भाव से अगले वर्ष के लिए विदा ली कि फिर मिलेंगे तो उद्गारों-विचारों के नए रंगों के साथ...।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।