International Yoga Day: यूपी में 4,075 स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास की तैयारी, एक हजार पार्क बनाए जा रहे
उत्तर प्रदेश सरकार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की 10वीं वर्षगांठ को भव्य रूप से मनाने जा रही है। 15 से 21 जून तक विशेष योग सप्ताह मनाया जाएगा और 21 जून को 4075 स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास होगा। योग को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में एक हजार योग पार्क भी बनाए जाएंगे। इसके साथ ही योग को पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा जाएगा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की 10वीं वर्षगांठ को प्रदेश सरकार भव्य बनाने की तैयारी में जुटी है। 15 से 21 जून तक विशेष योग सप्ताह मनाया जाएगा। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रदेश के 4,075 स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास होगा।
इसके लिए पांच हजार प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों को तैयार किया गया है, जो गांव से लेकर शहर तक योग का संदेश फैलाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश में योग को स्थायी स्वरूप देने के लिए एक हजार योग पार्क बनाने की योजना है।
मंडल मुख्यालय वाले जिलों में तीन- तीन और अन्य जिलों में दो-दो योग पार्क विकसित किए जाएंगे। नगर विकास विभाग, स्थानीय निकायों और पंचायतों के सहयोग से इन पार्कों को विकसित किया जाएगा ताकि स्थानीय लोग नियमित रूप से योगाभ्यास कर सकें।
जिला, तहसील, ब्लाक और ग्राम पंचायत स्तर पर सामूहिक योग अभ्यास के साथ-साथ सेमिनार, कार्यशालाएं, संगोष्ठियां, भाषण, निबंध, रंगोली और स्लोगन प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। इसमें स्कूली छात्रों से लेकर आम नागरिकों तक की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। योग को पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा जाएगा।
अमृत सरोवरों, नदियों, झीलों और पार्कों के किनारे योग सत्र के साथ स्वच्छता अभियान और पौधरोपण भी होंगे। इस पहल के जरिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ प्रकृति के प्रति भी संवेदनशीलता बढ़ाई जाएगी। लोगों को व्यक्तिगत और सामूहिक योगाभ्यास की फोटो भारत सरकार के (mygov) पोर्टल पर अपलोड करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके अलावा टीवी और दूरदर्शन पर योग विशेषज्ञों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम प्रसारित किए जाएंगे, जिनमें बीमारियों से निपटने के लिए योग के उपाय बताए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मानना है कि योग केवल व्यायाम नहीं, यह जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। इससे शरीर, मन और आत्मा तीनों का संतुलन बनता है। समाज में समरसता और शांति का भी यह प्रभावी माध्यम है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।