Independence Day 2022: 15 को नौ बजे थम जाएगा शहर, पहली बार विधान भवन के बाहर फहराया जाएगा तिरंगा
Independence Day 2022 लखनऊ की मंडलायुक्त रोशन जैकब के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले मुख्य आयोजन के दौरान 75 ग्रुप अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। पहली बार सचविालय और दूसरे विभाग के कर्मचारियों भी आमंत्रण दिया जाएगा।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। Independence Day 2022 आजादी की 75वीं वर्षगांठ उत्साह और उम्मीदों की नई उमंगों के साथ पंरपराओं की भी साक्षी बनेगी। पहली बार गणतंत्र दिवस की तर्ज पर स्वतंत्रता दिवस पर विधान भवन परिसर बाहर तिरंगा फहराएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झंडारोहण कर शुभारंभ करेंगे तो आठ हजार गणमान्य अतिथि इस पल के गवाह होंगे। वहीं 15 अगस्त की सुबह नौ बजते ही पूरा शहर राष्ट्रगान के साथ थम जाएगा। सौ से अधिक चौराहों पर यातायात रुक जाएगा और पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा।
आजादी के इस अमृत महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए सरकारी मशीनरी जुटी है। एक सप्ताह तक चलने वाले आयोजनों की श्रृंखला में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। विधान भवन और सचिवालय सहित सभी सरकारी भवन और ऐतिहासिक स्थल और सड़कें फसाड लाइटों से रोशन होंगी। बलिदानियों के घरवालों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान होगा तो पदम विभूषण, पदमश्री और वीरता पदक सम्मान पाने वाले विशिष्ट नागरिकों को मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिलेगा।
मंडलायुक्त रोशन जैकब और डीएम सूर्यपाल गंगवार ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में अमृत महोत्सव कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। मंडलायुक्त ने कहा कि इस बार गणतंत्र दिवस की तरह ही बापू भवन चौराहे से हजरतगंज चौराहे तक मुख्य आयोजन होगा। आयोजन स्थल पर विशिष्ट अतिथियों के अलावा आम नागरिकों के लिए भी बैठने की व्यवस्था होगी।
\Bथम जाएगा यातायात, दो मिनट पहले बजाया जाएगा सायरन \B
स्वाधीनता दिवस पर विधान भवन के बाहर होने वाले आयोजन को पूरे शहर में लोग देख सकेंगे। सभी प्रमुख चौराहों और भवनों पर जहां पर भी एलईडी स्क्रीन उपलब्ध होगी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। चौराहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम, और पुलिस के वाहनों से सुबह 8:58 मिनट पर सायरन बजाया जाएगा। मंडलायुक्त ने लोगों से अपील की है कि नौ बजे सभी लोग अपनी जगह पर खडे़ होकर राष्ट्रगान में शामिल हों।
फसाड लाइटिंग से शुरुआत, रोका जाएगा यातायात : अमृत महोत्सव के तहत 11 अगस्त से शुरू हो रहे आयोजनों के लिए विधान भवन के सामने की सड़क पर शाम सात बजे के बाद से प्रत्येक घंटे पर दस मिनट के लिए यातायात डायवर्ट किया जाएगा। ऐसा इसलिए होगा ताकि लोग विधानभवन और लोकभवन की लाइटिंग को देख सकें। इसके अलावा गंजिंग कार्निवाल के लिए भी हजरतगंज में यातायात को रोक दिया जाएगा। गुरुवार को मुख्य सचिव फसाड लाइटिंग का शुभारंभ करेंगे।
दस लाख झंडे लगाने का लक्ष्य : मुख्य विकास अधिकारी रिया केजरीवाल ने बताया कि हर घर तिरंगा लगाने के तहत जिले में दस लाख झंडे वितरित किए जाएंगे। सभी से अनुरोध है कि राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान के साथ लगाएं।
शुक्रवार को पुलिस हाफ मैराथन : सहायक पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने बताया कि 12 अगस्त को 1090 चौराहे से जनेश्वर मिश्र पार्क तक हाफ मैराथन होगी। इसके अलावा पुलिस लाइन में वीर रस संध्या का आयोजन होगा और बलिदानियों को याद किया जाएगा। सभी 45 थानों और 208 पुलिस चौकियों के पास तिरंगा यात्रा के अलावा सफाई अभियान भी पुलिसकर्मियों द्वारा किया जाएगा।
सफाईकर्मी निकालेंगे तिरंगा यात्रा : नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सफाईकर्मियों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा 75 सफाई कर्मियों को सम्मानित भी करेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।