लखनऊ में अवैध हुक्का बार, गोमती नगर क्षेत्र में धुंआ उड़ाते और हुक्का गुड़गुड़ाते बाराबंकी का युवक गिरफ्तार
Illegal Hookah Bar in Lucknow: कैफे संचालक हुक्का बार चलाने से संबंधित कोई वैध अनुमति या लाइसेंस नहीं दिखा सके।

फ्लेम्स आफ अरेबिया कैफे की दूसरी मंजिल पर संचालित फ्लेम्स 147 कैफे में अवैध हुक्का बार
HighLights
गोमती नगर के विशेषखंड में फ्लेम्स 147 कैफे के दूसरे तल पर चल रहा था अवैध हुक्का बार
छह हुक्के, चार फ्लेवर और आठ पाइप बरामद, कैफे मालिक और मैनेजर पर मुकदमा
जागरण संवाददाता, लखनऊ । राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके विशेषखंड-एक में फ्लेम्स 147 कैफे में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित मिला।
विभूति खंड पुलिस ने यहां छापा मारकर मौके से छह हुक्के, चार फ्लेवर और आठ हुक्का पाइप बरामद किए। मौके से बाराबंकी निवासी 21 वर्षीय राम कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में राम कुमार ने बताया कि कैफे मालिक इस्माइल हुक्का और फ्लेवर उपलब्ध कराता था।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को फ्लेम्स आफ अरेबिया कैफे की दूसरी मंजिल पर संचालित फ्लेम्स 147 कैफे में छापा मारा। वहां हुक्का बार चलता मिला। कैफे संचालक हुक्का बार चलाने से संबंधित कोई वैध अनुमति या लाइसेंस नहीं दिखा सके।
पुलिस ने यहां हुक्का गुड़गुड़ाते ग्रीन सिटी, लोधेश्वर मंदिर के पास, थाना रामनगर, बाराबंकी के राम कुमार को पकड़ा और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद गिरफ्तार किया। वहीं, कैफे मालिक इस्माइल और मैनेजर अलबख्श के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।