यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lucknow University: बीए और बीएसी के विद्यार्थियों के लिए हास्टल आवंटित, यहां देखें सूची
Lucknow University लखनऊ विश्वविद्यालय ने बीएड प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को हास्टल आवंटन के लिए आवेदन का मौका दिया है। ...और पढ़ें

Lucknow University: लखनऊ, जागरण संवाददाता। लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2022-23 में बीए, बीएससी मैथ्स और बीएससी बायोलाजी प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को हास्टल आवंटित कर दिया। विश्वविद्यालय ने मेरिट के आधार पर हास्टल के लिए चयनित विद्यार्थियों की सूची वेबसाइट www.lkouniv.ac.in पर अपलोड कर दी है। चीफ प्रोवोस्ट प्रोफेसर अनूप कुमार सिंह ने इस संबंध में चयनित विद्यार्थियों की मेल पर विस्तृत निर्देश भेज दिए हैं।
लवि ने बीए और बीएससी प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों से हास्टल आवंटन के लिए 11 से 17 अक्टूबर तक आवेदन मांगे थे। चीफ प्रोवोस्ट अनूप कुमार सिंह ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को हास्टल आवंटित किया गया है, उन्हें एक सप्ताह के अंदर आनलाइन फीस जमा करनी होगी। इसके बाद संबंधित हास्टल के प्रोवोस्ट छात्र को रूम आवंटित करेंगे। जारी हास्टल आवंटन सूची में बीएससी मैथ्स में 75, बीएससी बायो में 32 और बीए में 90 विद्यार्थियों को हास्टल आवटित किया गया है। उन्होंने बताया कि हास्टल आवंटन के निर्देश वेबसाइट पर अपलोड हैं।
बीएड विद्यार्थी 25 तक करें हास्टल के लिए आवेदनः लखनऊ विश्वविद्यालय ने बीएड प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को हास्टल आवंटन के लिए आवेदन का मौका दिया है। छात्र-छात्राएं 25 अक्टूबर तक हास्टल मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें 50 रुपये पंजीकरण शुल्क और सभी जरूरी अभिलेख भी अपलोड करने होंगे। चीफ प्रोवोस्ट प्रोफेसर अनूप कुमार सिंह ने नोटिफिकेशन जारी कर कहा है कि पंजीकरण के समय छात्र-छात्राएं हास्टल के नियम पढ़ लें।
फिजिक्स में छूटे अभ्यर्थियों को साक्षात्कार का मौकाः लखनऊ विश्वविद्यालय ने सत्र 2021-22 के अंतर्गत भौतिक विज्ञान विषय में पीएचडी के लिए छूटे अभ्यर्थियों को साक्षात्कार का एक और मौका दिया है। साक्षात्कार की सूची में शामिल ऐसे सभी अभ्यर्थियों को 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे संबंधित विभाग में पहुंचना होगा। यह साक्षात्कार पीएचडी फुलटाइम और पार्टटाइम दोनों अभ्यर्थियों के लिए होगा। बुधवार को प्रवेश समन्वयक प्रो.पंकज माथुर ने इसका नोटिफिकेशन वेबसाइट पर जारी कर दिया है।
