Bird Flu को लेकर उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट, सभी चिड़ियाघर और लायन सफरी में जांच के लिए टीम गठित
Bird Flu Alert | बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए उत्तर प्रदेश ने सभी चिड़ियाघरों में हाई अलर्ट कर दिया है। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) ने वेटन ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। Bird Flu | बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए प्रदेश सरकार ने सभी चिड़ियाघरों व लायन सफारी में हाई अलर्ट कर दिया है। इन्हें एक सप्ताह के लिए पहले ही बंद किया जा चुका है। यहां वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) ने वेटनरी डॉक्टरों और पैथोलाजिस्ट की पांच सदस्यीय टीम बनाई है, जो जल्द ही गोरखपुर के शहीद अशफाक उल्लाह खां प्राणि उद्यान जाएगी। यह टीम जानवरों में बर्ड फ्लू की चिकित्सीय जांच कर 15 दिन में रिपोर्ट देगी। इसी के अनुसार प्राणि उद्यानों में जानवरों का रख रखाव किया जाएगा।
चिड़ियाघरों को बंद कर दिया गया
गोरखपुर चिड़ियाघर में मृत बाघिन में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद मंगलवार को ही सरकार ने सभी चिड़ियाघरों और इटावा लायन सफारी को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया था। प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव अनुराधा वेमूरी ने बताया कि लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर और इटावा लायन सफारी में विशेष निगरानी व्यवस्था और स्वास्थ्य सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है।
सभी डीएफओ को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी जानवरों के स्वास्थ्य की नियमित जांच की जाए किसी भी तरह की अनियमितता की तत्काल जानकारी दी जाए। वन्य जीवों को कोई भी आहार नियमित जांच के बाद ही दिया जाए।
वेमूरी ने बताया कि चिड़ियाघरों में कार्यरत कर्मचारियों को पीपीई किट पहनने और व्यक्तिगत स्वच्छता के कड़े नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी चिड़ियाघरों में नियमित सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू हो गया है। वन्य जीव विभाग, सीजेडए के साथ लगातार संपर्क में है और उनके द्वारा सुझाए गए सभी स्वास्थ्य व सुरक्षा के मानकों का अनुपालन किया जा रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।