विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gyanvapi Masjid Verdict: वाराणसी में ज्ञानवापी-श्रृंगार गौरी के फैसले को लेकर प्रदेश के हर जिले में अलर्ट, फोर्स मुस्तैद

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Mon, 12 Sep 2022 01:31 PM (IST)

Gyanvapi Masjid-Shringar Gauri Verdict वाराणसी जिला जज की अदालत के इस फैसले को लेकर प्रदेश में कहीं पर भी कानून-व्यवस्था ...और पढ़ें

Gyanvapi Masjid-Shringar Gauri Verdict: ADG Prashant Kumar
Gyanvapi Masjid-Shringar Gauri Verdict: ADG Prashant Kumar

लखनऊ, जेएनएन। वाराणसी में सोमवार को डिस्ट्रिक कोर्ट में ज्ञानवापी मस्जिद तथा श्रृंगार गौरी को लेकर एक फैसला आना है। इस फैसले को लेकर लोगों में काफी कौतुहल भी है तो दोनों पक्ष के लोग भी काफी बेताब हैं।

वाराणसी जिला जज की अदालत के इस फैसले को लेकर प्रदेश में कहीं पर भी कानून-व्यवस्था की स्थिति को संभालने के लिए सभी जगह पर पुलिस बल मुस्तैद हैं। वाराणसी में तो धारा 144 लागू है, जबकि उसके पास के जिलों में भी पुलिस बेहद चौकन्नी है।

लखनऊ में पुलिस महानिदेशक देवेन्द्र सिंह चौहान के साथ शीर्ष अधिकारी भी माहौल की लगातार मानिटरिंग कर रहे हैं। अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि वाराणसी के जिला न्यायाधीश से ज्ञानवापी परिसर से संबंधित एक प्रकरण में निर्णय अपेक्षित है। इसको लेकर सभी जगह अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के सभी सभी संवेदनशील माने जाने वाले जनपदों में अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं।

प्रशांत कुमार ने कहा कि इस मामले में अधिकारियों ने सभी संबंधित पक्षों से वार्ता भी की है और कानून एवं शांति व्यवस्था भंग ना होने पाए इसके लिए भी सबसे अपील की गई है। कोई भी अराजक तत्व इन स्थितियों का फायदा ना उठा पाए इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि हमने इसके लिए काफी पहले से तैयारी भी कर ली थी। कहीं पर भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना पर दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ा एक्शन लिया जाएगा। हमारा प्रयास प्रदेश का अमन-चैन कायम रखने का है।

वाराणसी के पुलिस कमिश्नर सतीश गणेश ने बताया कि ज्ञानवापी पर अदालत के फैसले के दिन वाराणसी की सारी फोर्स हाई अलर्ट पर है। फोर्स यहां के सभी संवेदनशील इलाकों में निगरानी भी कर रही है। अदालत का फैसला आने के दौरान अफवाह फैलाने वाले व किसी की धार्मिक भावना को चोट पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए शिकायत मिलने पर तत्‍काल जांच और विधिक कार्रवाई की तैयारी जिला पुलिस प्रशासन ने कर ली है। वाराणसी के अपर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है। कचहरी परिसर में कोई अराजक गतिविधि न हो इसके लिए भी व्यवस्था है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब दो हजार से अधिक जवान तैनात हैं।