Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Gola Gokarnath Bypoll Result: BJP ने और बढ़ाई SP की चुनौती, भूपेंद्र चौधरी व धर्मपाल सिंह के हिस्से पहली जीत

    By Ajay JaiswalEdited By: Umesh Tiwari
    Updated: Sun, 06 Nov 2022 11:58 PM (IST)

    Gola Gokarnath Assembly By Election Result भाजपा हर चुनाव को पूरी गंभीरता से ले रही है। गोलागोकर्णनाथ का उपचुनाव इसका उदाहरण है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने गोला में न सिर्फ डेरा जमाया बल्कि कार्यकर्ताओं में जोश का संचार कम नहीं होने दिया।

    Hero Image
    Gola Gokarnath Assembly By Election Result: सपा के घटे वोटों के पीछे भगवा खेमे के धुरंधरों की रणनीति।

    लखनऊ [आलोक मिश्र]। भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा उपचुनाव के बाद अब लखीमपुर खीरी की गोलागोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव (Gola Gokarnath By Election) में न सिर्फ जीत का दबदबा कायम रखा है, बल्कि मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की चुनौतियां भी और बढ़ा दी हैं। इस सीट पर पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 29,294 मतों से जीत मिली थी, जो उपचुनाव में बढ़कर 34,298 मतों की जीत के रूप में सामने आई है। सपा के प्रत्याशी को पांच हजार से अधिक वोटों का जो झटका लगा है, उसके पीछे भगवा खेमे की धुरंधरों की रणनीति है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    योगी सरकार की नीतियों पर मुहर

    छह माह पूर्व ही दोबारा भाजपा सरकार का गठन हुआ था, जिसके बाद मिली यह विजय इस बात की भी गवाह है कि जनता ने योगी सरकार की नीतियों पर मुहर लगाई है। उपचुनाव को मुख्य चुनाव की तरह लड़कर भाजपा ने आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भी विपक्षियों को बड़ा संदेश दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के पदभार संभालने के बाद उनके हिस्से पहली जीत आई है।

    हर चुनाव को गंभीरता से ले रही भाजपा

    उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने के बाद भाजपा हर चुनाव को पूरी गंभीरता से ले रही है। गोलागोकर्णनाथ का उपचुनाव इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। पार्टी के भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कई दिनों तक गोला में न सिर्फ डेरा जमाया, बल्कि कार्यकर्ताओं में जोश का संचार कम नहीं होने दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद और ब्रजेश पाठक ने भी सभा की। सरकार की नीतियों के साथ विपक्षियों की कमजोरियों को लोगों के सामने आक्रामक ढंग से रखा।

    सरकार व संगठन के समन्वय की जीत

    सीएम योगी आदित्यनाथ की सभा में उमड़ी भीड़ और उनके लोगों से सीधा संवाद के बाद भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन बढ़ता गया। भाजपा सरकार व संगठन का यह समन्वय की जीत का फल बना है। उपचुनाव में इस बार कांग्रेस व बसपा ने अपने उम्मीदवार न उतारकर भाजपा की मुश्किलें जरूर बढ़ाई थीं। सपा की ओर से एक बार फिर चुनाव मैदान में उतरे विनय तिवारी के लिए इस बार भाजपा को पटखनी देने की उम्मीद जताई जा रही थी। माना जा रहा था कि उनके हिस्से मुस्लिम वोट बैंक एक तरफा होगा।

    लखीमपुर कांड के बाद उपचुनाव थी बड़ी चुनौती

    लखीमपुर कांड के बाद उपचुनाव में भाजपा के लिए अपने वोट बैंक को बचाए रखने की भी बड़ी चुनौती थी। यही वजह है कि भाजपा ने अपनी पूरी ताकत इस चुनाव में झाेंकी। उपचुनाव में बूथ स्तर तक प्रबंधन की लगातार निगरानी की गई। पन्ना प्रमुखों के सदस्यों को सक्रिय करके निचले स्तर तक तैयारियाें की नींव रखी गई। मंडल स्तर पर बड़ी बैठकों के साथ ही शक्ति केंद्र व बूथ स्तर तक प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने प्रवास कर जीत के लिए रणनीति बनाई। अब उसके परिणाम सपा के लिए आईना दिखाने वाले हैं।

    पिछले चुनाव में भी हुई थी भाजपा की जीत

    पिछले चुनाव में भाजपा के अरविंद गिरि को कुल एक लाख 26 हजार 534 वोट मिले थे और विनय तिवारी को 97 हजार 240 वोट मिले थे। उपचुनाव में स्वर्गीय अरविंद गिरि के पुत्र अमन गिरि को एक लाख 24 हजार 810 वोट और विनय तिवारी 90 हजार 512 वोट मिले। मतों का यह अंतर मतदाताओं के मन के अंतर को भी दर्शा रहा है।

    विराट विजय पर कार्यकर्ताओं व मतदाताओं को बधाई

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोलागोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं व मतदाताओं को बधाई दी है। योगी ने ट्वीट कर कहा कि 'उपचुनाव में भाजपा की विराट विजय की सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं व सम्मानित मतदाताओं को हार्दिक बधाई। यह शानदार जीत डबल इंजन भाजपा सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों के प्रति अटूट जन विश्वास का प्रतीक हैं। आभार गोला गोकर्णनाथ वासियों'।

    भाजपा पर लगातार बढ़ रहा जनता का विश्वास

    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने गोला गोकर्णनाथ उपचुनाव में पार्टी को मिली जीत के लिए जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विधान चुनाव के बाद गोला गोकर्णनाथ के उपचुनाव में पार्टी की जीत का संदेश साफ है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किए जा रहे लोककल्याण के कार्यों के कारण जनता का विश्वास और भरोसा भाजपा पर लगातार बढ़ रहा है।

    भाजपा मुख्यालय में जीत का जश्न

    उपचुनाव में पार्टी की जीत के बाद भाजपा के राज्य मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ो के बीच आतिशबाजी की और एक दूसरे का मुंह मीठा कर जीत की बधाई दी। धर्म पाल सिंह ने गोला उपचुनाव में भाजपा की जीत के लिए जनता व पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

    comedy show banner
    comedy show banner