Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Flood Relief in UP : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बाढ़ राहत कार्यों में उतरे मंत्री, घर-घर जाकर पहुंचा रहे राहत सामग्री

    Updated: Mon, 04 Aug 2025 01:32 PM (IST)

    Minister on Ground Level For Flood Relief in UP मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अपने-अपने प्रभार के जिलों में मंत्रीगणों ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत कार्यों की वस्तुस्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं और पीड़ितों से संवाद स्थापित करने के साथ राहत व्यवस्था की सतत निगरानी कर रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद तक बिना किसी विलंब के सहायता पहुंचे

    Hero Image
    स्वतंत्र देव सिंह ने जालौन में राहत शिविरों का किया निरीक्षण

    राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : प्रदेश में लगातार बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों की नदियों के उफान पर आने से प्रदेश के 17 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के मंत्रीगण बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए ग्राउंड जीरो पर उतर गए हैं। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में अफसरों के साथ मंत्रियों को राहत एवं बचाव कार्यों की जिम्मेदारी दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय संवेदनशीलता, सतर्कता और सेवा का है। सरकार का हर प्रतिनिधि और हर संसाधन जनता के साथ खड़ा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अपने-अपने प्रभार के जिलों में मंत्रीगणों ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत कार्यों की वस्तुस्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं और पीड़ितों से संवाद स्थापित करने के साथ राहत व्यवस्था की सतत निगरानी कर रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद तक बिना किसी विलंब के सहायता पहुंचे, राहत पारदर्शिता और मानवीय संवेदना के साथ संचालित हो और कोई भी पीड़ित उपेक्षित न रहे।

    जालौन और हमीरपुर जिलों का दौरा

    कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार सुबह जालौन और हमीरपुर जिलों का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए राहत शिविरों में पहुँचकर पीड़ितों से संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर राहत कार्यों में कोताही न हो और ज़रूरतमंद लोगों की हर आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राहत शिविरों में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, भोजन, चिकित्सा सुविधा और बिजली आपूर्ति जैसे विषयों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

    'नंदी' ने प्रयागराज में राहत शिविर पहुंचकर पीड़ितों से भेंट की

    कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने प्रयागराज में राहत शिविर पहुंचकर पीड़ितों से भेंट की और उन्हें राहत सामग्री वितरित की। मंत्री ने नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों का भ्रमण कर स्थिति का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो और ज़रूरतमंदों तक मदद तत्काल पहुँचे। उन्होंने राहत शिविर में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने की हिदायत दी।

    इटावा में बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा

    राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने इटावा में बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने नाव के माध्यम से जलमग्न क्षेत्रों तक पहुँचकर लोगों से सीधे संवाद किया और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने राहत शिविरों में भोजन, चिकित्सा, पेयजल और पशुचारे की व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की और अधिकारियों को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

    राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने बलिया में गंगा नदी के तटवर्ती इलाकों का मोटरबोट से भ्रमण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने तटबंधों की स्थिति, नावों की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं और राहत सामग्री वितरण का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए और कोई भी व्यक्ति सहायता से वंचित न रह जाए। विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने वाराणसी शहर दक्षिणी के रविवार को कोनिया और राजघाट क्षेत्र में नाव व पैदल भ्रमण कर दर्जनों बाढ़ग्रस्त घरों तक स्वयं राहत सामग्री पहुंचाई।

    राज्य मंत्री संजय गंगवार ने जालौन में राहत शिविरों का दौरा कर पीड़ितों से संवाद किया और उन्हें राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चिकित्सा टीमें पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें, जलजनित रोगों की रोकथाम हेतु समुचित प्रयास हों, और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी जरूरतमंद सहायता से वंचित न हो। उन्होंने पीड़ितों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए।

    प्रभावित जिले की स्थिति की लगातार समीक्षा

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर बाढ़ प्रभावित जिले की स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राहत कार्यों में त्वरितता, पारदर्शिता और मानवीय संवेदना को प्राथमिकता दी जाए। राज्य सरकार “हर पीड़ित तक सरकार” की भावना को ज़मीन पर उतारने के लिए संकल्पबद्ध है और जब तक अंतिम पीड़ित तक सहायता नहीं पहुंचती, राहत व पुनर्वास का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पीएसी की टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। स्थानीय प्रशासन चौबीसों घंटे फील्ड पर मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी और समन्वय सुनिश्चित कर रहा है।