UP Politics: साढ़े तीन माह बाद भी फतेहपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष पर नहीं हुई कार्रवाई, 50 लाख रुपये लेने के लगे थे आरोप
फतेहपुर भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल पर पद दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये लेने के आरोप लगे हैं। शिकायत के बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी हुआ और जांच समिति ने भी आरोप सही पाए फिर भी साढ़े तीन महीने से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा है कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही कार्रवाई होगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। करीब साढ़े तीन माह बीतने के बाद भी फतेहपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन पर पार्टी में पद दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये लेने के गंभीर आरोप लगे थे।
15 फरवरी को पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। तीन सदस्यीय जांच समिति भी पार्टी नेतृत्व को अपनी जांच रिपोर्ट सौंप चुकी है। इसके बावजूद इस मामले को ठंडे बस्ते में डाला हुआ है।
पूर्व क्षेत्रीय मंत्री व भाजयुमो के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजित कुमार गुप्ता ने मुखलाल पर आरोप लगाया था कि उन्होंने पार्टी में पद दिलाने के नाम पर पार्टी फंड में जमा कराने के लिए 50 लाख की मांग की थी।
50 लाख कैश दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे पार्टी फंड में जमा नहीं किया और पैसा अपने पास ही रख लिया। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत प्रदेश नेतृत्व से की थी। 15 फरवरी को प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने उन्हें कारण बताओ नोटिस देकर एक सप्ताह में पक्ष रखने के लिए कहा था।
इस मामले में प्रदेश अध्यक्ष ने तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई थी जिसमें प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान व प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी शामिल थे।
इस समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को सौंप दी थी। सूत्रों के अनुसार जांच टीम को भी मुखलाल पर लगे आरोप सही मिले थे।
इसके बावजूद पार्टी ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी कहते हैं कि अनुशासनहीनता के हर एक मामले को दिखवा रहे हैं। गोंडा के जिलाध्यक्ष पर कार्रवाई हो गई है अब इस मामले में भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।