सरकारी बैठकों में शामिल होने के साथ जिलों में VIP से भी ठसक के साथ मिलता था Fake IAS अफसर सौरभ त्रिपाठी
Fake IAS Officer Arrested in Lucknow वजीरगंज के इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि सौरभ जब किसी अन्य राज्य या सफर गैर जनपद में जाता तो वहां फाइव स्टार होटल में रुकता था। सौरभ के पास करोड़ों की गाड़ियां तो मिली ही हैं उसके अलावा कई जनपदों में बेनामी सम्पत्तियां होने का भी पता चला है। संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज पुलिस खंगाल रही है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ: राजधानी में पुलिस की गिरफ्त में आया फर्जी आइएएस अफसर सौरभ त्रिपाठी ठसक के साथ सरकारी बैठकों में शामिल होने के साथ ही जिलों में होने वाली वीआईपी के साथ बैठकों में भी शामिल होता था। वजीरगंज पुलिस ने बुधवार को मऊ के जिस फर्जी आइएएस अफसर सौरभ त्रिपाठी को पकड़ा है उसके सामने तो ठगों के सरगना भी फीके हैं।
पुलिस उससे सख्ती से पूछताछ कर रही है तो कई अहम राजफाश हो रहे हैं। पुलिस उसके गिरोह से जुड़े लोगों और अन्य के बारे में भी पड़ताल कर रही है। जांच में पता चला है कि आरोपित के पास करोड़ों सम्पत्तियां हैं और वह लग्जरी लाइफ जीने से साथ ही साथ और फाइव स्टार होटल में रुकने का शौकीन है।
सरकारी बैठकों में भी होता था शामिल
सौरभ कई सरकारी बैठकों में शामिल होता और वीआइपी से भी मिलता था। इन कार्यक्रमों की तस्वीरें वह अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म से साझा कर लोगों को झांसे में लेता। वह कार्यक्रमों में किसके माध्यम से पहुंचता था इस बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
वजीरगंज के इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि सौरभ जब किसी अन्य राज्य या सफर गैर जनपद में जाता तो वहां फाइव स्टार होटल में रुकता था। सौरभ के पास करोड़ों की गाड़ियां तो मिली ही हैं उसके अलावा कई जनपदों में बेनामी सम्पत्तियां होने का भी पता चला है। संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज पुलिस खंगाल रही है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक आरोपित के गृह जनपद मऊ में उसकी कई सम्पतियां होने की बात सामने आई हैं। संबंधित जनपद से उसका विवरण मांगा गया है। गाड़ियों के पंजीकरण के बारे में परिवहन अधिकारियों से विवरण जुटाया जा रहा है। साथ ही पुलिस सौरभ की काल डिटेल्स भी खंगाल रही है। पूछताछ में उसने कुछ अधिकारियों से अपनी नजदीकियां बताई थी। ऐसे में पुलिस इस बिंदु पर भी छानबीन कर रही है।
सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज हुआ दूसरा मामला
विनयखंड निवासी कनिष्क सिंह ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में सौरभ त्रिपाठी के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कराया है। विनय के मुताबिक, सौरभ उनकी फर्म में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर नौकरी करता था। वह अक्सर कार्यक्रमों में भी जाता था। हाल ही में उन्होंने सौरभ का एक्स अकाउंट देखा जिसमें उसने खुद को स्पेशल सेक्रेटरी अर्बन डिपार्टमेंट लिखा था। अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वह खुद को डायरेक्टर कैबिनेट सेक्रेटरी भारत सरकार बताता था। इसी धोखाधड़ी के आरोप में उन्होंने सौरभ पर मुकदमा दर्ज कराया है। सौरभ की पत्नी भी निजी कंपनी में इंजीनियर है। इस संबंध में उसकी पत्नी और अन्य परिवारजन से भी पूछताछ की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।