विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सफर होगा आसान... बढ़ेंगे फेरे, एक बार चार्जिंग पर 200 किमी का सफर कराएंगी इलेक्ट्रिक बसें

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:01 AM (IST)

लखनऊ सहित प्रदेश के शहरों में अब 200 किलोमीटर तक चलने वाली इलेक्ट्रिक बसें आएंगी, जिससे यात्रियों का सफर और सुविधाजनक होगा। नए साल में मिलने वाली इन बसों के लिए इसी माह टेंडर खुलेगा, जो मौजूदा 80-120 किमी रेंज की बसों की समस्या दूर करेंगी।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. एक चार्ज पर 200 किलोमीटर तक चलेंगी नई बसें।

  2. लखनऊ को मिलेंगी 300 नई इलेक्ट्रिक बसें जल्द।

  3. 12 साल के अनुबंध पर संचालित होंगी ये बसें।

धर्मेश अवस्थी, लखनऊ। राजधानी सहित प्रदेश के दूसरे शहरों में भी इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। ध्वनि व वायु प्रदूषण रोकने में इन बसों का बड़ा योगदान है। अब तक जो इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं वह एक बार चार्जिंग के बाद 80 और 120 किलोमीटर तक ही जा पाती हैं। जाम या डायवर्जन के कारण कभी चक्कर लंबा होने पर चार्जिंग खत्म होने से यात्रियों को संकट का भी सामना करना पड़ता रहा है।

सफर को और सुविधाजनक बनाने के लिए सिटी ट्रांसपोर्ट अब एक बार चार्जिंग के बाद 200 किलोमीटर तक चलने वाली बसों को लाने की तैयारी कर रहा है। यह बसें नए साल में मिलने की उम्मीद है। टेंडर इसी माह खोला जाएगा।

अभी 115 इलेक्ट्रिक सिटी बसें एक बार चार्जिंग में 120 किलोमीटर तक चलती

राजधानी में आवागमन और सुगम करने के लिए 300 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी। सिटी ट्रांसपोर्ट नए 14 रूटों पर बसों की संख्या भी तय कर चुका है। जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन के तहत लखनऊ को 2009-10 में मिली 250 सीएनजी बसें 15 वर्ष की आयु पूरा करके सड़क से हटाई जा चुकी हैं। इसके बाद अब सिर्फ 115 इलेक्ट्रिक बसों को चलाया जा रहा। नगरीय परिवहन निदेशालय के लखनऊ सहित अन्य शहरों को 1225 इलेक्ट्रिक सिटी बसें मुहैया कराने के प्रस्ताव पर कैबिनेट मुहर लगा चुका है।

बार-बार चार्जिंग का नहीं होगा झंझट, बढ़ेंगे फेरे और यात्रियों को मिलेगी राहत

इनमें से 300 बसें लखनऊ को मिलना है। इनमें नौ मीटर की 100 और 12 मीटर की 200 बसें होंगी। ये बसें एक बार चार्जिंग में पहले से अधिक दूरी तय करेंगी। नगरीय परिवहन प्राधिकरण के संयुक्त सचिव अजीत सिंह ने बताया, नौ मीटर की ई-बसें एक बार चार्ज होने पर 180 किलोमीटर, जबकि 12 मीटर की बसें 200 किलोमीटर तक चलेंगी।

नौ मार्गों पर चल रही सिटी बसें

सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने शहर के सभी मेट्रो मार्गों से सिटी बसों को हटा लिया है, अब नौ मार्गों पर बसों का संचालन हो रहा। इनमें बालागंज चौराहे से विराजखंड, दुबग्गा से मोहनलालगंज, घंटाघर से नैमिषारण्य, स्कूटर इंडिया से अवध बस स्टेशन, एयरपोर्ट से अवध बस स्टेशन कमता, राजाजीपुरम से बीबीडी, मुंशी पुलिया से इंट्रीग्रल यूनिवर्सिटी आदि मार्ग हैं।

12 साल के अनुबंध के लिए मांगा निविदा

उत्तर प्रदेश नगरीय परिवहन निदेशालय ने ग्रास कास्ट कांट्रैक्ट मॉडल के तहत प्रदेश के विभिन्न शहरों में इलेक्ट्रिक बसों की खरीद, आपूर्ति, संचालन और रखरखाव के लिए 12 साल के अनुबंध के लिए निविदा मांगी है। चयनित बस आपरेटर को 1225 ई-बसों की खरीद, आपूर्ति के साथ अगले 12 वर्षों तक उनके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी निभानी होगी। निविदा में भाग लेने के लिए ऑपरेटरों को तीन करोड़ की बयाना राशि जमा करनी होगी, जबकि निविदा शुल्क शून्य रखा गया है।

क्या है ग्रास कॉस्ट कांट्रैक्ट मॉडल

इस मॉडल के तहत बस ऑपरेटर बसें खरीदता है और ड्राइवर व मेंटेनेंस का खर्च उठाता है, जिसके बदले प्राधिकरण उसे प्रति किलोमीटर तय की गई दूरी के आधार पर तय दर से भुगतान करता है। टिकट बिक्री से होने वाली आय सीधे नगरीय परिवहन प्राधिकरण या संबंधित सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी के पास जाती है, जिससे ऑपरेटर पर यात्री संख्या कम या ज्यादा होने का वित्तीय जोखिम नहीं रहता।

यह भी पढ़ें- Kannauj Road Accident: 16 साल मन्नतें मांगी, तब मिला चिराग...वो भी बुझ गया

यह भी पढ़ें- एलडीए के दायरे में शामिल होंगे लखनऊ के 662 गांव शामिल, सीएम योगी ने प्राधिकरण के प्रस्ताव पर लगाई मुहर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।